प्रतिवर्ष 22 अप्रैल को विश्व भर में 'अर्थ डे' मनाया जाता है। वर्ष 2021 के लिये अर्थ डे का थीम है- रेस्टोर अवर अर्थ (Restore Our Earth)। इस वर्ष इसके वार्षिक आयोजन की 51वीं वर्षगाँठ है।
पहली बार वर्ष 1970 में अर्थ डे मनाया गया था। वर्ष 2009 में संयुक्त राष्ट्र ने 22 अप्रैल को 'अंतर्राष्ट्रीय पृथ्वी माता दिवस' (International Mother Earth Day) के रूप में नामित किया था।
यह दिवस विश्व भर में पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्थन को दर्शाता है। वर्ष 2016 में अर्थ डे के अवसर पर ही अमेरिका, यू.के., चीन तथा 120 अन्य देशों ने पेरिस समझौते पर हस्ताक्षर किये थे।
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, अंतर्राष्ट्रीय पृथ्वी माता दिवस हमें यह याद दिलाने के लिये मनाया जाता है कि पृथ्वी और इसका पारितंत्र हमें न सिर्फ जीवन, बल्कि आजीविका प्रदान करते हैं।