संदर्भ
- दक्षिण चीन सागर में स्थित चीन का उष्णकटिबंधीय द्वीप और सबसे दक्षिणी प्रांत, हैनान, इस समय चीन की नई आर्थिक उदारीकरण (ओपनिंग-अप) नीतियों का मुख्य केंद्र बन चुका है। दिसंबर में यहाँ फ्री ट्रेड पोर्ट (FTP) और विशेष सीमा शुल्क व्यवस्था (कस्टम्स क्लोज़र) की शुरुआत की गई है।
- इसे चीन के आर्थिक इतिहास में एक बड़ी छलांग माना जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य एक ऐसा इंटरनेशनल बिजनेस हब तैयार करना है जो शून्य आयात शुल्क (Zero Tariff), कम व्यक्तिगत टैक्स और डेटा व यात्रियों के निर्बाध आवागमन के दम पर दुनिया भर के निवेशकों और खरीदारों को आकर्षित कर सके।
हैनान फ्री ट्रेड पोर्ट (FTP) पहल के बारे में
- इस महत्वाकांक्षी परियोजना की रणनीति पहली बार 1 जून 2020 को तैयार की गई थी, जिसे आधिकारिक तौर पर 18 दिसंबर 2025 को लागू किया गया।
- यह पूरा सिस्टम एक विशेष सिद्धांत पर काम करता है जिसमें पूरे द्वीप में विशेष सीमा शुल्क व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत पहले स्तर पर आसान प्रवेश, दूसरे स्तर पर नियंत्रित प्रवेश और द्वीप के अंदर पूरी तरह निर्बाध आवाजाही की नीति अपनाई गई है -
- व्यापारिक स्वायत्तता: पारंपरिक कस्टम्स सिस्टम को हटाकर टैक्स की दीवारें गिरा दी गई हैं, जिससे विदेशी सामानों का आयात बेहद आसान हो गया है।
- तटस्थ व्यापार क्षेत्र: भले ही हैनान चीन का अभिन्न हिस्सा है, लेकिन अब यह एक न्यूट्रल ट्रेड ज़ोन बन चुका है। सामान्य सीमा शुल्क और टैक्स केवल उसी सामान पर लगेगा जो इस द्वीप से निकलकर मुख्यभूमि चीन (Mainland China) में प्रवेश करेगा।
- पर्यटन को रफ्तार: दुनिया के 86 देशों के नागरिकों के लिए वीजा-मुक्त (Visa-free) एंट्री की सुविधा दी गई है।
- ग्लोबल साउथ को फायदा: अधिकारियों के मुताबिक, इस नीति से सालाना लगभग 860 मिलियन युआन के ड्यूटी (शुल्क) की बचत होगी, जिससे विकासशील देशों में चीनी कंपनियों का निवेश बढ़ेगा।
चीन के व्यापार पर इसका असर (आंकड़े और प्रगति)
चीन के उप-प्रधानमंत्री हे लिफेंग के अनुसार, यह कदम चीन के नए युग के उदारीकरण का प्रवेश द्वार बनेगा। लॉन्चिंग के बाद से ही इसके परिणाम दिखने लगे हैं:
- शून्य शुल्क उत्पादों का दायरा: बिना टैक्स वाली वस्तुओं की श्रेणियां 1,900 से बढ़कर 6,600 हो गईं (योग्य वस्तुओं का हिस्सा 21% से बढ़कर 74% हुआ)।
- नवीन बिजनेस रजिस्ट्रेशन: ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक, दिसंबर के आखिरी दो हफ्तों में ही 3,265 विदेशी निवेश वाली कंपनियाँ यहाँ रजिस्टर्ड हुईं। पूरे वर्ष 2025 में 30,000 से अधिक विदेशी व्यापार उद्यम इस पोर्ट से जुड़े।
- आयात का मूल्य: शुरुआती कुछ महीनों में ही हैनान में लगभग 753 मिलियन युआन (107 मिलियन डॉलर) का विदेशी सामान आयात किया गया।
उद्योगों और व्यापारिक कंपनियों को मिलने वाले लाभ
टैक्स छूट और आसान नियमों के कारण कई बड़े उद्योग इस द्वीप की तरफ आकर्षित हो रहे हैं:
- लागत में भारी कमी: वाननिंग में सक्रिय एम1(M1) कॉफी ड्रीम फैक्ट्री के डायरेक्टर टोंग शुओ ने बताया कि पनामा से आयात होने वाली कॉफी बीन्स उन्हें यहाँ 1,100 युआन प्रति किलो में मिल जाती है, जबकि मुख्यभूमि चीन में इसके लिए 1,700 युआन खर्च करने पड़ते थे।
- वैल्यू एडिशन का फायदा: लगभग 3.5 अरब युआन के निवेश वाली कंपनी हैनान ऑस्का इंटरनेशनल ऑयल्स एंड ग्रेन्स यहाँ आयात शुल्क छूट का लाभ उठा रही है। यह कंपनी ऐसे उत्पाद बना रही है जिनमें प्रोसेसिंग के जरिए कम से कम 30% मूल्य संवर्धन (Value Addition) होता है। वर्तमान में इसकी सालाना उत्पादन क्षमता 20 लाख टन पहुँच चुकी है।
उपभोक्ताओं को लाभ
- इस फ्री ट्रेड मॉडल ने हैनान को उपभोक्ताओं के लिए भी अधिक आकर्षक बना दिया है। विशेष रूप से सैन्या जैसे पर्यटन केंद्रों में ड्यूटी-फ्री शॉपिंग की सुविधा ने बड़ी संख्या में खरीदारों को आकर्षित किया है।
- यहाँ अंतरराष्ट्रीय और घरेलू ब्रांडों के उत्पाद उपलब्ध हैं, और मुख्यभूमि चीन से आने वाले पर्यटकों को खरीदारी के लिए कुछ आवश्यक शर्तों का पालन करना होता है, जैसे यात्रा दस्तावेज दिखाना।
- स्थानीय निवासियों के लिए वार्षिक खरीद सीमा निर्धारित की गई है, जिससे इस प्रणाली में संतुलन बनाए रखा जा सके।
- अधिकारियों के अनुसार, इस पहल से विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय बाजार में खपत और आर्थिक गतिविधियाँ तेज होंगी।
- वीज़ा-फ्री प्रवेश नीति को चीनी संस्कृति के वैश्विक प्रदर्शन और पर्यटन विस्तार के एक साधन के रूप में भी देखा जा रहा है।
हांगकांग का सहयोगी या उसका विकल्प? चीन की रणनीति
हैनान के जरिए चीन एक बड़ा भू-राजनीतिक और आर्थिक दांव खेल रहा है:
- हांगकांग बनाम हैनान: हांगकांग चीन का एक विशेष प्रशासनिक क्षेत्र (SAR) है, जिसकी अपनी मुद्रा, कानून और वैश्विक व्यापार संगठनों में स्वतंत्र पहचान है। इसके विपरीत, हैनान पूरी तरह से चीन के केंद्रीय कानूनों और प्रशासन के अधीन काम करता है।
- रणनीतिक बढ़त: मुख्यभूमि के नियमों का पालन करते हुए भी टैक्स-फ्री क्षेत्र होने के कारण हैनान एक साथ हांगकांग के मददगार और उसके प्रतिस्पर्धी (Competitor) दोनों के रूप में उभर रहा है।
- दक्षिण चीन सागर में दबदबा: दक्षिण चीन सागर के मुहाने पर बसा यह द्वीप भीड़भाड़ वाले हांगकांग की तुलना में अधिक खुला, नया और बड़ा आर्थिक गलियारा पेश करता है।