पाठ्यक्रम में उल्लिखित विषयों की पारिभाषिक शब्दावलियों एवं देश-दुनिया में चर्चा में रही शब्दावलियों से परीक्षाओं में प्रश्न पूछे जाने का चलन तेजी से बढ़ा है। यह खंड वस्तुनिष्ठ और लिखित दोनों परीक्षाओं के लिए महत्वपूर्ण है। शब्दावलियों से परिचय अभ्यर्थियों को कम परिश्रम से अधिक अंक लाने में मदद करता है। इस खंड में प्रतिदिन एक महत्वपूर्ण शब्दावली से परिचय कराया जाता है।
प्रतिदिन की सबसे महत्वपूर्ण News पढ़ने के लिए यहाँ Click करें
18-Dec-2020
यह 20वीं सदी के उत्तरार्ध में शुरू हुआ एक वैचारिक आंदोलन है। इस विचारधारा के समर्थक 17वीं से 19वीं सदी के मध्य विकसित पश्चिमी मान्यताओं को चुनौती देते हैं। उत्तर-आधुनिकतावादी विचारधारा व्यापक तौर पर संशयवाद, सापेक्षतावाद और सामान्य संदेह पर आधारित है। यह सिद्धांत निम्नलिखित मान्यताओं पर आधारित है- (1) संसार में कुछ भी निश्चित नहीं है, (2) संपूर्ण ज्ञान एकपक्षीय और आंशिक है, (3) ज्ञान के दावे तटस्थ नहीं हैं, (4) समाज और राजनीति के संबंध में कुछ भी अंतिम सत्य नहीं है।
17-Dec-2020
एक ऐसी आर्थिक प्रणाली, जिसमें व्यापारी वर्ग और राजनीतिक वर्ग के बीच साँठगाँठ के माध्यम से चुनिंदा व्यक्तियों तथा व्यवसायों को फायदा पहुँचाया जाता है। इसके अंतर्गत सरकार ऐसी नीतियाँ बनाती है जिनसे एक वर्ग-विशेष को लाभ पहुँचता है। साथ ही, लाभ कमाने वाला वर्ग भी लाभ का कुछ हिस्सा सरकार को हस्तांतरित करता है। इसके तहत परमिट, सरकारी अनुदान, कर में छूट या अन्य तरीकों को अपनाया जाता है।
16-Dec-2020
कभी-कभी विधायिका किसी विधि में नीति निर्धारित करते समय एक संरचना बना देती है। इसके अतिरिक्त, शेष कार्य जैसे- नियम, उप-नियम, विनियम आदि के निर्माण की शक्ति कार्यपालिका को दे देती है। यानी, जब कार्यपालिका विधायिका के अधीनस्थ या प्रत्यायोजिती के रूप में विधि निर्माण करती है तो उसे प्रत्यायोजित या अधीनस्थ विधान कहते हैं।
15-Dec-2020
सांस्कृतिक पूंजी, ज्ञान, व्यवहार व कौशल का ऐसा संचय है जिसके द्वारा कोई व्यक्ति सांस्कृतिक सामर्थ्य एवं सामाजिक प्रस्थिति को हासिल कर सकता है। इस संकल्पना के प्रतिपादक पियरे बॉर्डियू के अनुसार, ज्ञान के संचयन का प्रयोग वर्ग विभेद को मज़बूत बनाने के लिये किया जाता है, क्योंकि विभिन्न सामाजिक धारणाएँ जैसे- राष्ट्रीयता, धर्म, नस्ल और लिंग आदि प्रायः निर्धारित करते हैं कि ज्ञान के विभिन्न रूपों तक किसकी पहुँच होगी। सांस्कृतिक पूंजी के तीन रूप होते हैं- मूर्त, वस्तुकृत और संस्थागत।
14-Dec-2020
डिजिटल अधिनायकवाद के तहत राज्य के नेतृत्व में बिग डाटा (वृहत मात्रा में डाटा का संग्रह) की सहायता से बड़े पैमाने पर नागरिकों, कम्पनियों तथा अन्य संस्थानों की निगरानी कर उनके व्यवहार को प्रभावित करके राजनीतिक लक्ष्यों को प्राप्त करने का प्रयास किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म, स्वचालित तथा अदृशय तरीके से शासन पर राज्य की नियंत्रण क्षमता को बढ़ाना है।
12-Dec-2020
‘वी-शेप रिकवरी’ किसी देश की आर्थिक स्थिति के प्रदर्शन हेतु प्रयुक्त किया जाने वाला पद है। यह उस स्थिति को इंगित करता है जब अर्थव्यवस्था में तेज़ी से गिरावट या मांग में कमी होती है, तत्पश्चात लगभग उसी गति से त्वरित सुधार या मांग में भी तीव्र वृद्धि दिखाई पड़ती है।
11-Dec-2020
‘पनडुब्बी पेन’ एक प्रकार का बंकर है, जो पनडुब्बियों को जासूसी उपग्रहों और हवाई हमलों से बचाने में मदद करता है। पनडुब्बी पेन को जर्मन में यू-बूट-बंकर भी कहा जाता है, जो सबमरीन बेस का ही एक प्रकार है। यह शब्द द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान जर्मनी और उसके कब्ज़े वाले देशों में निर्मित पनडुब्बी ठिकानों के लिये प्रयुक्त किया जाता था।
10-Dec-2020
यह साइबर अपराध का एक रूप है, जिसमें इंटरनेट के माध्यम से किसी व्यक्ति को नुकसान पहुँचाने तथा प्रताड़ित करने के उद्देश्य से उसका पीछा किया जाता है। इसमें इंटरनेट के माध्यम से किसी व्यक्ति की गतिविधियों पर निगरानी रखना, झूठे आरोप लगाकर उसे उकसाना तथा बदनाम करना, पहचान चुराकर उसका दुरूपयोग करना, यौन उत्पीड़न करना आदि शामिल हैं।
09-Dec-2020
एनिमल स्पिरिट अर्थव्यवस्था में आर्थिक तनाव के समय ऐसी भावनाओं और प्रवृत्तियों को संदर्भित करता है जिनके कारण निवेशकों और उपभोक्ताओं के व्यवहार निर्देशित होते हैं। इस अवधारणा का प्रतिपादन ब्रिटिश अर्थशास्त्री जॉन मेनार्ड कींस ने अपनी किताब ‘द जनरल थ्योरी ऑफ़ एम्प्लॉयमेंट, इंटरेस्ट एंड मनी’ में पूंजीवाद के तहत आर्थिक उतार-चढ़ाव के नियमों को समझाने के लिये किया था।
08-Dec-2020
‘प्रकाश प्रदूषण’ से तात्पर्य, रात्रि के समय बढ़ते कृत्रिम प्रकाश से है, जो प्रकाश के अत्यधिक व अनियोजित उपयोग से विकसित होता है। कृत्रिम प्रकाश इसका एकमात्र कारण है। प्रकाश प्रदूषण रात्रि के समय आसमान को धुंधला कर देता है और तारों के प्रकाश तथा सर्कैडियन चक्र को भी बाधित करता है। इससे पर्यावरण, ऊर्जा संसाधन, वन्यजीव, मानव व खगोल विज्ञान सम्बंधी शोध प्रभावित होते हैं। इसको ‘फोटो पॉल्यूशन’ या ‘लुमिनस पॉल्यूशन’ भी कहा जाता है।