संदर्भ
हाल ही में भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने ‘डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग’ (डीसीआर) प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया।
डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग प्लेटफॉर्म के बारे में
- यह एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसे ग्राहकों को विभिन्न संपत्तियों की डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग की जानकारी उपलब्ध कराने और संपत्तियों की डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग की पूरी प्रक्रिया को सरल बनाने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।
- इस प्लेटफॉर्म में डिजिटल कनेक्टिविटी का परीक्षण करने के लिए एक मोबाइल ऐप भी शामिल है।
- डीसीआर प्लेटफॉर्म ‘भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (डिजिटल कनेक्टिविटी के लिए संपत्तियों की रेटिंग) विनियम, 2024’ के तहत निर्धारित ढांचे को लागू करने में मदद करता है। इन विनियमों में 13 मई 2026 को अधिसूचित ‘डिजिटल कनेक्टिविटी के लिए संपत्तियों की रेटिंग (संशोधन) विनियम, 2026’ के माध्यम से संशोधन किया गया था।
प्लेटफॉर्म से प्राप्त सुविधाएँ
- यह प्लेटफॉर्म ट्राई द्वारा 9 जून 2026 को जारी ‘रेटिंग मैनुअल-2026’ में निर्धारित रेटिंग प्रक्रिया को लागू करने में भी सहायता करता है।
- यह प्लेटफॉर्म ग्राहकों को डिजिटल कनेक्टिविटी के लिए रेटिंग प्राप्त संपत्तियों को देखने के उद्देश्य से सार्वजनिक इंटरफेस उपलब्ध कराता है।
- यह संपत्ति प्रबंधकों (पीएम), पंजीकृत डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग एजेंसियों (डीसीआरए) और ग्राहकों को एक ही डिजिटल मंच पर जोड़ता है।
- संपत्ति प्रबंधक अपनी संपत्तियों को सार्वजनिक, सरकारी, वाणिज्यिक, निजी आदि श्रेणियों में पंजीकृत कर सकते हैं। वे रेटिंग के लिए आवेदन जमा करने, आवश्यक जानकारी और दस्तावेज अपलोड करने, पंजीकृत डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग एजेंसी का चयन करने तथा मंच के माध्यम से अपने आवेदन की स्थिति पर नजर रखने में सक्षम होंगे।
- यह मंच निर्मित और निर्माणाधीन, दोनों प्रकार की संपत्तियों के लिए निर्धारित मूल्यांकन प्रक्रिया को समर्थन देता है। पंजीकृत डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग एजेंसियां उन्हें सौंपे गए आवेदनों को देख सकती हैं, मूल्यांकन कर सकती हैं, निरीक्षण और परीक्षण के परिणाम दर्ज कर सकती हैं, आवश्यक दस्तावेजों का प्रबंधन कर सकती हैं तथा निर्धारित ढांचे के अनुसार रेटिंग प्रक्रिया पूरी कर सकती हैं।
- प्लेटफॉर्म मूल्यांकन, रिपोर्ट तैयार करने, प्रमाणन और रेटिंग प्रकाशित करने से संबंधित डिजिटल प्रक्रियाओं को भी सक्षम बनाता है। ग्राहक व अन्य हितधारक रेटिंग प्राप्त संपत्तियों को खोज सकेंगे, प्रकाशित रेटिंग देख सकेंगे, संबंधित प्रमाणपत्रों का सत्यापन कर सकेंगे और अपनी पसंद की संपत्तियों की तुलना कर सकेंगे।
एप के माध्यम से क्षेत्रीय मूल्यांकन की सुविधा
- क्षेत्रीय मूल्यांकन एक विशेष डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग एजेंसी मोबाइल ऐप के माध्यम से किया जाएगा। यह ऐप अधिकृत डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग एजेंसियों को निर्धारित परीक्षण पद्धति के अनुसार भवन के अंदर डिजिटल कनेक्टिविटी का मापन करने में सक्षम बनाएगा।
- वेब पोर्टल के माध्यम से प्राप्त संपत्ति संबंधी जानकारी और मोबाइल ऐप से एकत्र किए गए मूल्यांकन आंकड़ों को प्लेटफॉर्म पर समन्वित किया जाएगा।
- प्लेटफॉर्म में दस्तावेजों और प्रमाणपत्रों पर डिजिटल हस्ताक्षर करने तथा उनके सत्यापन के लिए ई-साइन सुविधा भी शामिल है।
- इसके अलावा, प्लेटफॉर्म पर निर्धारित रेटिंग शुल्क का ऑनलाइन भुगतान, ई-मेल और एसएमएस से सूचनाएं भेजने तथा संपत्ति संबंधी अभिलेख, परीक्षण परिणाम, प्रमाणपत्र एवं लेखा-परीक्षण से जुड़े रिकॉर्ड को सुरक्षित रूप से संग्रहित करने की सुविधा उपलब्ध होगी।
ग्राहकों के लिए सुविधा
- ग्राहकों के लिए यह प्लेटफॉर्म सार्वजनिक रेटिंग खोज पृष्ठ उपलब्ध कराता है। ग्राहक संपत्ति के नाम, प्रमाणपत्र संख्या या स्थान के आधार पर रेटिंग प्राप्त संपत्तियों की खोज कर सकते हैं।
- वे संपत्ति का डिजिटल रूप से हस्ताक्षरित रेटिंग प्रमाणपत्र देख सकेंगे और प्रमाणपत्र पर दिए गए क्यूआर कोड के माध्यम से उसकी प्रामाणिकता की पुष्टि भी कर सकेंगे।
- इससे डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग किसी संपत्ति की ऐसी विशेषता बन जाएगी, जिसे ग्राहक आसानी से देख और सत्यापित कर सकेंगे।
- यह सुविधा ग्राहकों को संपत्ति की डिजिटल कनेक्टिविटी से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराएगी। इस जानकारी के आधार पर ग्राहक संपत्ति खरीदने या पट्टे पर लेने का अंतिम निर्णय करने से पहले अपनी आवश्यकता और पसंद के अनुरूप अधिक सूचित विकल्प चुन सकेंगे।
डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग (डीसीआर) फ्रेमवर्क के बारे में
- डीसीआर फ्रेमवर्क संपत्तियों के भीतर डिजिटल कनेक्टिविटी का आकलन करने के लिए एक मानकीकृत मध्यम उपलब्ध कराता है।
- इसके तहत फाइबर शीघ्रता, मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता, भवन के भीतर कनेक्टिविटी समाधान और वाई-फाई बुनियादी ढांचे से जुड़े निर्धारित मानकों का आकलन किया जाता है। साथ ही, विभिन्न प्रकार की संपत्तियों के लिए लागू मानकों और बेंचमार्क को भी ध्यान में रखा जाता है।
- इस फ्रेमवर्क का उद्देश्य संपत्ति विकास के उपयुक्त चरणों में डिजिटल कनेक्टिविटी बुनियादी ढांचे पर ध्यान देने को बढ़ावा देना तथा मौजूदा संपत्तियों में बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी के प्रदर्शन के आकलन को सरल बनाना है।