केंद्रीय विद्यालय संगठन के लिए डिजिटल पहल

संदर्भ 

  • हाल ही में केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री प्रह्लाद जोशी ने नई दिल्ली में केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) की तीन महत्वपूर्ण डिजिटल पहलों का शुभारंभ किया। इनमें ‘समीक्षा’ एआई बॉट से युक्त एआई-सक्षम विद्या समीक्षा केंद्र (वीएसके), केवीएस-संवाद पेरेंट कनेक्ट ऐप एवं वेब पोर्टल तथा केवीएस एलुमनाई कनेक्ट पोर्टल शामिल हैं। ये पहल केवीएस में प्रौद्योगिकी-सक्षम, पारदर्शी एवं सुचारु प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।

पहलों से संबंधित प्रमुख बिंदु 

  • इन पहलों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के उद्देश्यों को साकार करने और डिजिटल इंडिया के विजन को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया है। 
  • इन पहलों की पहुंच और प्रभाव बढ़ाने तथा सभी हितधारकों के बीच इनके व्यापक उपयोग को प्रोत्साहित करने पर बल दिया। 

एआई-सक्षम विद्या समीक्षा केंद्र 

  • एआई-सक्षम विद्या समीक्षा केंद्र (samiksha.kvs.gov.in) छात्रों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, शैक्षणिक प्रदर्शन, विद्यालयों के बुनियादी ढांचे और प्रवेश से संबंधित जानकारी के लिए रियल-टाइम डैशबोर्ड उपलब्ध कराता है। 
  • इसका ‘समीक्षा’ एआई बॉट उपलब्ध आंकड़ों का विश्लेषण कर कमियों की पहचान करता है तथा आवश्यक सुधारात्मक कदमों के सुझाव देता है जिससे समय पर निर्णय लेने में सहायता मिलती है।  

केवीएस-संवाद – पेरेंट कनेक्ट ऐप एवं वेब पोर्टल

  • केवीएस-संवाद पेरेंट कनेक्ट ऐप एवं वेब पोर्टल (samvaad.kvs.gov.in) के माध्यम से अभिभावक विद्यालय से सीधे जुड़ सकेंगे। 
  • यह प्लेटफॉर्म छात्रों की उपस्थिति, पाठ्यक्रम की प्रगति, शैक्षणिक परिणाम, शिक्षण संसाधनों और डिजिटल छात्र पहचान पत्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराता है। इसके अलावा, अभिभावक छात्र एवं शिक्षक डायरी देख सकेंगे तथा बोनाफाइड प्रमाणपत्र, सीईए प्रमाणपत्र और छात्र अवकाश के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। 
  • इस पहल से अभिभावक-शिक्षक संवाद को अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने के साथ-साथ कागजी कार्रवाई और विद्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने की आवश्यकता भी कम होगी।  

केवीएस एलुमनाई पोर्टल 

  • केवीएस एलुमनाई पोर्टल (alumni.kvs.gov.in) पूर्व छात्रों को अपने विद्यालयों तथा पूर्व सहपाठियों से दोबारा जुड़ने, अपनी उपलब्धियों एवं अनुभवों को साझा करने तथा मेंटरशिप, करियर मार्गदर्शन और संस्थागत विकास में योगदान देने के लिए एक समर्पित मंच प्रदान करता है। 
  • केवीएस मुख्यालय के आईटी सेवा प्रकोष्ठ द्वारा इन सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म को आंतरिक रूप से विकसित किया गया है। इनका उद्देश्य आवश्यक सूचनाओं और सेवाओं को एक क्लिक पर उपलब्ध कराना है, जिससे अभिभावकों, छात्रों, शिक्षकों और प्रशासकों के समय एवं प्रयास की बचत हो सके। 
  • ये डिजिटल पहल शैक्षिक सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी, उत्तरदायी और प्रभावी बनाने के प्रति केंद्रीय विद्यालय संगठन की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।
« »
  • SUN
  • MON
  • TUE
  • WED
  • THU
  • FRI
  • SAT