खाद्य अपशिष्ट सूचकांक (FWI) रिपोर्ट, 2024

प्रारंभिक परीक्षा – खाद्य अपशिष्ट सूचकांक (FWI) रिपोर्ट, 2024
मुख्य परीक्षा - सामान्य अध्ययन, पेपर-3

चर्चा में क्यों

संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) ने 'खाद्य अपशिष्ट सूचकांक (FWI) रिपोर्ट, 2024' जारी की।

FWI

प्रमुख बिंदु 

  • यह रिपोर्ट वेस्ट एंड रिसोर्सेज़ एक्शन प्रोग्राम (WRAP) के सह‌योग से तैयार की गई है।
  • यह रिपोर्ट अंतर्राष्ट्रीय शून्य अपशिष्ट दिवस के पहले प्रकाशित की गई है।
    • प्रतिवर्ष 30 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय शून्य अपशिष्ट दिवस आयोजित किया जाता है।
  • वर्ष 2022 में सभी महाद्वीपों के परिवारों ने प्रतिदिन 1 बिलियन से अधिक ‘एक वक्त का भोजन’ बर्बाद किया है।
  • वहीं दूसरी ओर 783 मिलियन लोग भुखमरी से प्रभावित हुए हैं।
  • वर्ष 2022 में 1.05 बिलियन टन खाद्य अपशिष्ट उत्पन्न हुआ (अखाद्य भागों सहित), जो प्रति व्यक्ति 132 किलोग्राम था और उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध कुल भोजन का लगभग पांचवां हिस्सा था।
  • वर्ष 2022 में बर्बाद हुए कुल भोजन में से 60 प्रतिशत घरेलू स्तर पर हुआ, जिसमें 28 प्रतिशत के लिए खाद्य सेवाएँ और 12 प्रतिशत के लिए खुदरा क्षेत्र जिम्मेदार रहा।
  • इसके अलावा, संपूर्ण जनसंख्या के एक तिहाई हिस्से को खाद्य असुरक्षा का सामना करना पड़ा है।
  • खाद्य अपशिष्ट वैश्विक ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में लगभग 8-10% का योगदान करता है।
  • खाद्य अपशिष्ट वैश्विक अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा रहा है तथा जलवायु परिवर्तन, प्रकृति हानि और प्रदूषण को बढ़ावा दे रहा है।
  • 'खाद्य अपशिष्ट सूचकांक (FWI) रिटेल और उपभोक्ता (घरेलू एवं खाद्य सेवा) के यहां बर्बाद होने वाले भोजन व अनाज के अखाद्य हिस्सों की मात्रा को वैश्विक तथा राष्ट्रीय स्तर पर ट्रैक करता है।
  • यह सतत विकास लक्ष्य (SDG)-12.3 के दो संकेतकों के लक्ष्यों का समर्थन करता है, जिन्हें 2030 तक हासिल किया जाना है।
  • ये दो संकेतक हैं:
    • SDG 12.3.1 (a): खाद्य हानि सूचकांक (Food Loss Index: FLI) इस संकेतक का उप-संकेतक है।
    • FLI फसल कटाई के बाद के नुकसान सहित उत्पादन और आपूर्ति श्रृंखलाओं में खाद्य हानि को कम करने में मदद करता है।
    • खाद्य और कृषि संगठन, FLI का संरक्षक है।
    • SDG 12.3.1 (b): FWI इस संकेतक का उप-संकेतक है।
    • FWI रिटेल और उपभोक्ता स्तर पर प्रति व्यक्ति वैश्विक खाद्य अपशिष्ट की माला को कम करके आधा करने पर केंद्रित है।
    • UNEP,खाद्य अपशिष्ट सूचकांक (FWI) का संरक्षक है।

रिपोर्ट में रेखांकित प्रमुख मुद्दे:

  • बेहतर कोल्ड चेन की कमी के कारण उष्णकटिबंधीय देशों में प्रति व्यक्ति अधिक खाद्य अपशिष्ट उत्पन्न होता है।
  • निम्न और मध्यम आय वाले देशों में रिटेल व खाद्य सेवा क्षेत्रकों पर उपलब्ध डेटा अपर्याप्त है।
  • खाद्य उत्पादन से लेकर उपभोक्ता तक पहुंचने की पूरी व्यवस्था में तालमेल की कमी है।
  • वैश्विक अर्थव्यवस्था पर भोजन की हानि और बर्बादी दोनों का अनुमान लगभग 1 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर है।
  • वर्ष 2022 तक केवल 21 देशों ने अपनी राष्ट्रीय जलवायु योजनाओं (NDC) में भोजन की हानि और/या अपशिष्ट में कमी को शामिल किया है।
  • इस रिपोर्ट के अनुसार भोजन की बर्बादी सिर्फ एक 'अमीर देश' की समस्या नहीं है।
  • उच्च आय, उच्च-मध्यम और निम्न-मध्यम आय वाले देशों के लिए घरेलू खाद्य बर्बादी के औसत स्तर में प्रति व्यक्ति केवल 7 किलोग्राम का अंतर है।

खाद्य की बर्बादी को कम करने के लिए सुझावः

  • सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल अपनाकर व्यवस्थागत तरीके से कार्रवाई करने की जरूरत है।
    • कोर्टील्ड कमिटमेंट 2030 (यूनाइटेड किंगडम), ऑस्ट्रेलियाई खाद्य समझौता इसके कुछ उदाहरण हैं।
  • अपशिष्ट के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों या ‘हॉटस्पॉट’ क्षेत्रों को लक्षित करते हुए एक रोडमैप या खाद्य वितरण योजना तैयार करनी चाहिए।
  • खाद्य बर्बादी के कारण पर्यावरण, समाज और वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं को होने वाली भारी लागत को देखते हुए, सभी महाद्वीपों में आपूर्ति श्रृंखलाओं में अधिक समन्वित कार्रवाई की आवश्यकता है।

संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP):

  • संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) पर्यावरण पर अग्रणी वैश्विक प्राधिकरण है।
  • इसकी स्थापना वर्ष 1972 में स्टॉकहोम घोषणा के माध्यम से की गई थी।
  • इसका मुख्यालय केन्या के नैरोबी में स्थित है।
  • यह भविष्य की पीढ़ियों से समझौता किए बिना जीवन की गुणवत्ता में सुधार करने के लिए राष्ट्रों और लोगों को प्रेरित करता है 
  • यह पर्यावरण की देखभाल में नेतृत्व प्रदान करता है और साझेदारी को प्रोत्साहित करता है।
  • UNEP का मिशन राष्ट्रों और लोगों को भविष्य की पीढ़ियों से समझौता किए बिना उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार करने के लिए प्रेरित करना, सूचित करना और सक्षम बनाना है।

वेस्ट एंड रिसोर्सेज़ एक्शन प्रोग्राम (WRAP):

  • यह जलवायु कार्रवाई के उद्देश्य पर केंद्रित एक गैर-सरकारी संगठन (NGO) है।
  • इसकी स्थापना वर्ष 2000 में यूनाइटेड किंगडम में हुई थी।
  • यह जलवायु संकट के कारणों से निपटने और पृथ्वी को संधारणीय भविष्य प्रदान करने की दिशा में काम कर रहा है।

प्रश्न: निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए।

  1. संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (UNEP) ने 'खाद्य अपशिष्ट सूचकांक (FWI) रिपोर्ट, 2024' जारी की।
  2. यह रिपोर्ट वेस्ट एंड रिसोर्सेज़ एक्शन प्रोग्राम (WRAP) के सह‌योग से तैयार की गई है।
  3. UNEP की स्थापना वर्ष 1972 में स्टॉकहोम घोषणा के माध्यम से की गई थी।

उपर्युक्त में से कितना/कितने कथन सही है/हैं?

 (a) केवल एक 

(b) केवल दो 

 (c) सभी तीनों 

(d)  कोई भी नहीं 

उत्तर: (c)

मुख्य परीक्षा प्रश्न: खाद्य अपशिष्ट सूचकांक (FWI) रिपोर्ट, 2024 के संदर्भ में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु निर्दिष्ट प्रमुख उपायों को रेखांकित कीजिए।

 स्रोत: UNEP

« »
  • SUN
  • MON
  • TUE
  • WED
  • THU
  • FRI
  • SAT