हाल ही में भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) ने SAMPADA (2023–2025) पोषण सर्वेक्षण के प्रमुख निष्कर्ष जारी किए हैं। इनके अनुसार, पहले के राष्ट्रीय सर्वेक्षणों की तुलना में भारत में एनीमिया (खून की कमी) की व्यापकता में समग्र रूप से उत्साहजनक गिरावट दर्ज की गई है।
संपदा सर्वेक्षण (2023–2025) के बारे में
SAMPADA यानी Survey for Assessment of Markers of Population Health, Activity, Diet and Anthropometry (जनसंख्या स्वास्थ्य, शारीरिक गतिविधि, आहार और शारीरिक माप संबंधी संकेतकों का आकलन सर्वेक्षण) दुनिया के सबसे बड़े राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने वाले पोषण एवं स्वास्थ्य सर्वेक्षणों में से एक है।
इसमें जीवन के सभी चरणों में एनीमिया, सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी, सूजन संबंधी संकेतकों, खान-पान, शारीरिक गतिविधियों और शारीरिक माप का आकलन किया गया है।
यह सर्वेक्षण भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) द्वारा आयोजित किया गया है। इसमें स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के अंतर्गत ICMR–राष्ट्रीय पोषण संस्थान (NIN) की भी भागीदारी रही है।
प्रमुख विशेषताएं:
कार्यप्रणाली में सुधार:यह सर्वेक्षण 2023–2025 के दौरान आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य NFHS-5 जैसे पहले के सर्वेक्षणों की कुछ सीमाओं को दूर करना था। NFHS-5 में केशिका रक्त (Capillary Blood) के नमूनों का उपयोग किया गया था, जिससे एनीमिया की व्यापकता का आकलन वास्तविकता से अधिक हो सकता था।
व्यापक राष्ट्रीय कवरेज:इस सर्वेक्षण में 35 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 183 जिलों के 81,000 से अधिक परिवारों के लगभग 2 लाख लोगों को शामिल किया गया।
रक्त नमूनों का विश्लेषण: सर्वेक्षण के दौरान शिरापरक रक्त (Venous Blood) के लगभग 1.7 लाख नमूनों और विभिन्न पोषण संबंधी जैव संकेतकों (Nutritional Biomarkers) का विश्लेषण किया गया।
SAMPADA सर्वेक्षण के प्रमुख निष्कर्ष:
एनीमिया की व्यापकता में कमी
पहले के राष्ट्रीय सर्वेक्षणों की तुलना में एनीमिया के मामलों में गिरावट दर्ज की गई है। विशेष रूप से 12–59 महीने की आयु के बच्चों में एनीमिया की व्यापकता NFHS-5 के 67.1 प्रतिशत से घटकर 42 प्रतिशत रह गई है।
उम्र और लिंग के आधार पर असमानता
एनीमिया का प्रभाव विभिन्न आयु वर्गों और लिंगों में अलग-अलग पाया गया है।
प्रजनन आयु वर्ग की 56 प्रतिशत महिलाएं एनीमिया से प्रभावित हैं।
46 प्रतिशत किशोरियों में एनीमिया पाया गया।
किशोर लड़कों और वयस्क पुरुषों में यह आंकड़ा 22–23 प्रतिशत है।
ये आंकड़े एनीमिया के मामलों में लैंगिक असमानता को दर्शाते हैं।
हल्के एनीमिया के मामलों की अधिकता
एनीमिया से प्रभावित महिलाओं, किशोरियों और बच्चों में लगभग आधे मामले हल्के एनीमिया के हैं। वहीं, प्रभावित किशोर लड़कों और पुरुषों में लगभग तीन-चौथाई मामले हल्के एनीमिया के पाए गए।
यह स्थिति शुरुआती स्तर पर पहचान और समय पर उपचार के माध्यम से एनीमिया की रोकथाम के अवसर प्रदान करती है।
गंभीर एनीमिया की कम व्यापकता
अधिकांश आयु वर्गों में गंभीर एनीमिया से प्रभावित लोगों की संख्या 2 प्रतिशत से कम पाई गई। यह देश में गंभीर एनीमिया के मामलों की अपेक्षाकृत कम व्यापकता को दर्शाता है।
लगभग आधे एनीमिया मामलों के लिए आयरन की कमी जिम्मेदार
महिलाओं, किशोरियों और बच्चों में एनीमिया के लगभग 50 प्रतिशत मामलों के पीछे आयरन की कमी प्रमुख कारण है।
हालांकि, शेष मामलों में संक्रमण, हीमोग्लोबिन संबंधी विकार और लंबे समय तक रहने वाली सूजन जैसी स्थितियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। इसलिए एनीमिया की रोकथाम के लिए केवल आयरन की खुराक पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है।
विटामिन B12 और फोलेट की सीमित भूमिका
एनीमिया से प्रभावित और अप्रभावित लोगों में विटामिन B12 तथा फोलेट की कमी का स्तर लगभग समान पाया गया। इससे संकेत मिलता है कि देश में एनीमिया के समग्र बोझ में इन दोनों पोषक तत्वों की कमी की भूमिका अपेक्षाकृत सीमित हो सकती है।
जीवन के विशेष चरणों में आयरन की कमी अधिक
आयरन की कमी मुख्य रूप से पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों, किशोरियों और प्रजनन आयु वर्ग की महिलाओं में अधिक पाई गई।
इसके विपरीत, किशोर लड़कों, वयस्क पुरुषों और बुजुर्गों में आयरन की कमी की व्यापकता तुलनात्मक रूप से कम रही।
बुजुर्गों के लिए पहला राष्ट्रीय आधारभूत आंकड़ा
SAMPADA सर्वेक्षण ने पहली बार बुजुर्गों में एनीमिया से संबंधित राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने वाले आंकड़े उपलब्ध कराए हैं।
इससे जीवन के विभिन्न चरणों के अनुरूप लक्षित स्वास्थ्य हस्तक्षेप तैयार करने में मदद मिलेगी। साथ ही, एनीमिया मुक्त भारत 2.0 (Anaemia Mukt Bharat 2.0) के तहत जांच और उपचार आधारित रणनीतियों को मजबूत करने में भी सहायता मिलेगी।