प्रधानमंत्री की फिलीपींस यात्रा एवं भारत–आसियान संबंध

चर्चा में क्यों?

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16–17 नवंबर, 2026 को फिलीपींस की यात्रा करेंगे।
  • इस दौरान प्रधानमंत्री निम्नलिखित दो प्रमुख शिखर सम्मेलनों में भाग लेंगे:
    • 23वाँ भारत–आसियान सम्मेलन
    • 21वाँ पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (EAS)

पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (EAS)

  • पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (East Asia Summit - EAS) इंडो-पैसिफिक और पूर्वी एशिया क्षेत्र की प्रमुख रणनीतिक, राजनीतिक और आर्थिक चुनौतियों पर चर्चा करने वाला एक शीर्ष नेताओं का मंच है। 
  • इसकी शुरुआत वर्ष 2005 में हुई थी और इसका पहला शिखर सम्मेलन कुआलालंपुर (मलेशिया) में आयोजित किया गया था। 
  • इसमें कुल 19 देश शामिल हैं:
    • आसियान (ASEAN) के 11 सदस्य देश 
    • 8 संवाद साझेदार देश: भारत, चीन, अमेरिका, रूस, जापान, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और दक्षिण कोरिया। 
  • इस मंच का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सुरक्षा, स्थिरता और आर्थिक समृद्धि को बढ़ाना है।

आसियान  (Association of Southeast Asian Nations)

  • यह दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों का एक क्षेत्रीय संगठन है।
  • इसकी स्थापना 8 अगस्त 1967 को हुई थी। 
    • 8 अगस्त को आसियान दिवस के रूप में मनाया जाता है।
  • इस संगठन का मुख्य उद्देश्य दक्षिण पूर्व एशिया के देशों के बीच राजनीतिक, आर्थिक, सुरक्षा और सामाजिक सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा देना है। 
  • इसका आदर्श वाक्य 'वन विजन, वन आइडेंटिटी, वन कम्युनिटी है। 
  • इसका सचिवालय इंडोनेशिया के राजधानी जकार्ता में है।
    • वर्तमान में, आसियान के 11 सदस्य देश हैं-
  • इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड, ब्रुनेई, वियतनाम, लाओस, म्यांमार, तिमोर-लेस्ते और कंबोडिया।

भारत–ASEAN संबंध

भारत के लिए ASEAN का महत्त्व

  • ASEAN (Association of Southeast Asian Nations) दक्षिण-पूर्व एशिया के 11 देशों का क्षेत्रीय संगठन है। 
  • भारत के लिए इसका महत्त्व केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारत की आर्थिक सुरक्षा, सामरिक हितों, क्षेत्रीय संपर्क और हिंद-प्रशांत रणनीति का भी महत्त्वपूर्ण हिस्सा है।

एक्ट ईस्ट नीति का प्रमुख आधार 

  • भारत की एक्ट ईस्ट नीति का उद्देश्य दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ आर्थिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक एवं सामरिक संबंधों को मजबूत करना है।
  • ASEAN इस नीति का प्रमुख संस्थागत आधार है, क्योंकि इसके माध्यम से भारत पूरे दक्षिण-पूर्व एशियाई क्षेत्र के साथ एक संगठित मंच पर जुड़ता है।
  • ASEAN के माध्यम से भारत क्षेत्रीय व्यापार, निवेश, संपर्क, समुद्री सुरक्षा एवं रक्षा सहयोग को बढ़ावा देता है।
  • यह नीति भारत की पूर्वोत्तर क्षेत्र को दक्षिण-पूर्व एशिया से जोड़ने की रणनीति के लिए भी महत्त्वपूर्ण है।

हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत की रणनीतिक उपस्थिति

  • हिंद-प्रशांत क्षेत्र वैश्विक व्यापार, ऊर्जा आपूर्ति एवं समुद्री परिवहन का महत्त्वपूर्ण केंद्र है।
  • मलक्का जलडमरूमध्य सहित दक्षिण-पूर्व एशिया के समुद्री मार्ग वैश्विक व्यापार के लिए अत्यंत महत्त्वपूर्ण हैं।
  • ASEAN के साथ सहयोग से भारत को हिंद महासागर और प्रशांत महासागर के बीच रणनीतिक संपर्क मजबूत करने में सहायता मिलती है।
  • इससे भारत एक स्वतंत्र, खुले, समावेशी एवं नियम-आधारित हिंद-प्रशांत व्यवस्था को बढ़ावा दे सकता है।

आर्थिक एवं व्यापारिक महत्त्व

  • ASEAN भारत के प्रमुख व्यापारिक साझेदारों में से एक है।
  • भारत और ASEAN के बीच वस्तुओं एवं सेवाओं के व्यापार के साथ-साथ निवेश संबंध भी महत्त्वपूर्ण हैं।
  • ASEAN के बाजार भारतीय फार्मास्यूटिकल्स, कृषि उत्पादों, मशीनरी, सूचना प्रौद्योगिकी एवं सेवा क्षेत्र के लिए अवसर प्रदान करते हैं।
  • ASEAN के साथ आर्थिक सहयोग से भारत को वैश्विक आपूर्ति शृंखला में अपनी भागीदारी बढ़ाने में सहायता मिलती है।

चीन के बढ़ते प्रभाव का संतुलन

  • दक्षिण-पूर्व एशिया में चीन का आर्थिक, राजनीतिक एवं सामरिक प्रभाव लगातार महत्त्वपूर्ण बना हुआ है।
  • ASEAN देशों के साथ मजबूत संबंध भारत को क्षेत्रीय शक्ति संतुलन बनाए रखने में सहायता करते हैं।
  • भारत ASEAN देशों के साथ सहयोग के माध्यम से किसी एक शक्ति पर अत्यधिक निर्भरता के स्थान पर बहुध्रुवीय क्षेत्रीय व्यवस्था को बढ़ावा देता है।
  • यह भारत की रणनीतिक स्वायत्तता और क्षेत्रीय हितों के लिए महत्त्वपूर्ण है।

पूर्वोत्तर भारत के विकास में भूमिका

  • भारत के पूर्वोत्तर राज्यों की भौगोलिक स्थिति उन्हें दक्षिण-पूर्व एशिया से जोड़ने की विशेष संभावना प्रदान करती है।
  • म्यांमार के माध्यम से भारत ASEAN देशों के साथ सड़क, रेल, जलमार्ग एवं समुद्री संपर्क विकसित कर सकता है।
  • इससे पूर्वोत्तर भारत में व्यापार, पर्यटन, रोजगार एवं औद्योगिक विकास को प्रोत्साहन मिल सकता है।
  • इससे पूर्वोत्तर क्षेत्र भारत के लिए केवल सीमावर्ती क्षेत्र न रहकर दक्षिण-पूर्व एशिया के प्रवेश द्वार के रूप में विकसित हो सकता है।

क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता

  • ASEAN दक्षिण-पूर्व एशिया में संवाद, सहयोग एवं विवादों के शांतिपूर्ण समाधान को बढ़ावा देता है।
  • भारत ASEAN के साथ मिलकर समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद, समुद्री डकैती और अंतरराष्ट्रीय अपराधों जैसी चुनौतियों का सामना कर सकता है।
  • क्षेत्रीय स्थिरता भारत के व्यापारिक एवं सामरिक हितों के लिए आवश्यक है।

मुख्य परीक्षा प्रश्न

प्रश्न . "भारत की एक्ट ईस्ट नीति के उद्देश्यों की प्राप्ति में ASEAN की भूमिका का विश्लेषण कीजिए। साथ ही भारत–ASEAN संबंधों के समक्ष विद्यमान चुनौतियों पर चर्चा कीजिए।" 

प्रारम्भिक परीक्षा प्रश्न

प्रश्न . पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (EAS) के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए:

  1. इसकी स्थापना वर्ष 2005 में हुई थी।
  2. इसका पहला शिखर सम्मेलन कुआलालंपुर, मलेशिया में आयोजित किया गया था।
  3. इसमें ASEAN के 11 सदस्य देशों सहित कुल 19 देश शामिल हैं।
  4. इसका सचिवालय जकार्ता, इंडोनेशिया में स्थित है।

उपर्युक्त में से कौन-से कथन सही हैं?

(a) केवल 1 और 2
(b) केवल 1, 2 और 3
(c) केवल 2, 3 और 4
(d) सभी चारों

FAQ (Frequently Asked Questions)

प्रश्न . ASEAN की स्थापना कब और कहाँ हुई थी?

उत्तर:

  • स्थापना: 8 अगस्त, 1967।
  • स्थापना स्थल: बैंकॉक, थाईलैंड।

प्रश्न . ASEAN के वर्तमान सदस्य देशों की संख्या कितनी है?

उत्तर: ASEAN में कुल 11 सदस्य देश हैं:

  1. इंडोनेशिया
  2. मलेशिया
  3. फिलीपींस
  4. सिंगापुर
  5. थाईलैंड
  6. ब्रुनेई
  7. वियतनाम
  8. लाओस
  9. म्यांमार
  10. कंबोडिया
  11. तिमोर-लेस्ते

प्रश्न . पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (EAS) की शुरुआत कब हुई और इसमें कितने देश शामिल हैं?

उत्तर:

  • शुरुआत: वर्ष 2005।
  • पहला सम्मेलन: कुआलालंपुर, मलेशिया।
  • कुल सदस्य देश: 19।

प्रश्न . भारत की एक्ट ईस्ट नीति और लुक ईस्ट नीति में क्या अंतर है?

उत्तर:

  • लुक ईस्ट नीति: वर्ष 1991 में प्रारंभ हुई। इसका प्रमुख जोर दक्षिण-पूर्व एशिया के साथ आर्थिक एवं व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने पर था।
  • एक्ट ईस्ट नीति: वर्ष 2014 में प्रारंभ हुई। इसका उद्देश्य आर्थिक सहयोग के साथ-साथ राजनीतिक, सामरिक, सांस्कृतिक एवं संपर्क संबंधों को मजबूत करना है।
« »
  • SUN
  • MON
  • TUE
  • WED
  • THU
  • FRI
  • SAT