संदर्भ
- भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण यानी ट्राई ने मोबाइल रिचार्ज से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। इन नए नियमों का मुख्य उद्देश्य ऐसे उपभोक्ताओं को अधिक विकल्प देना है, जिन्हें मोबाइल डेटा की जरूरत कम या बिल्कुल नहीं होती और जो मुख्य रूप से वॉयस कॉल तथा एसएमएस सेवाओं का इस्तेमाल करते हैं।
- ट्राई ने 21 सितंबर 2026 को दूरसंचार उपभोक्ता संरक्षण (तेरहवां संशोधन) विनियम, 2026 जारी किया। इसके तहत दूरसंचार कंपनियों को केवल वॉयस और एसएमएस वाले विशेष टैरिफ वाउचर यानी एसटीवी उपलब्ध कराने होंगे। इन रिचार्ज में डेटा शामिल नहीं होगा और अलग-अलग वैधता अवधि के विकल्प उपलब्ध कराने होंगे।
नए रिचार्ज नियम की आवश्यकता
- इससे पहले ट्राई ने 2024 में बारहवें संशोधन के तहत कंपनियों के लिए कम से कम एक ऐसा वॉयस और एसएमएस आधारित एसटीवी उपलब्ध कराना जरूरी किया था, जिसकी वैधता 365 दिनों से अधिक न हो।
- हालांकि, व्यवहार में कई कंपनियों ने मुख्य रूप से 80 या 84 दिन तथा 336 या 365 दिन जैसे अपेक्षाकृत लंबे विकल्प उपलब्ध कराए। इससे उन उपभोक्ताओं के विकल्प सीमित रहे, जिन्हें केवल कॉल और एसएमएस के लिए छोटी अवधि का रिचार्ज चाहिए था।
- कम आय वाले उपभोक्ता, ग्रामीण क्षेत्रों के ग्राहक और फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले लोग विशेष रूप से ऐसे विकल्पों की जरूरत महसूस करते रहे हैं। लंबे समय की वैधता वाले रिचार्ज में एक साथ अधिक राशि खर्च करनी पड़ती है, जबकि हर उपभोक्ता की जरूरत और भुगतान क्षमता समान नहीं होती।
नए नियमों में बदलाव के प्रमुख बिंदु
- 2026 के तेरहवें संशोधन के तहत वॉयस और एसएमएस वाले एसटीवी की उपलब्धता को अधिक व्यापक बनाया गया है।
- यदि कोई दूरसंचार कंपनी वॉयस, एसएमएस और डेटा वाला ऐसा रिचार्ज देती है जिसकी वैधता 30 दिन या उससे कम है, तो संबंधित अवधि के लिए केवल वॉयस और एसएमएस वाला एसटीवी भी उपलब्ध कराना होगा।
- इसके अलावा कंपनियों को ऐसा वॉयस और एसएमएस एसटीवी उपलब्ध कराना होगा, जिसे हर महीने एक ही तारीख को दोबारा रिचार्ज किया जा सके। यदि किसी महीने वह तारीख उपलब्ध नहीं है, तो रिचार्ज की वैधता उस महीने के अंतिम दिन तक मानी जाएगी।
- कंपनियों को कम अवधि वाले विकल्पों के साथ कम से कम एक ऐसा वॉयस और एसएमएस एसटीवी भी उपलब्ध कराना होगा, जिसकी वैधता अधिक हो और जो कंपनी के लंबे समय वाले वॉयस, एसएमएस और डेटा पैक के अनुरूप हो।
इंटरनेट डेटा नहीं तो कीमत में भी राहत
- नए नियमों का एक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि केवल वॉयस और एसएमएस वाले एसटीवी में उचित टैरिफ कटौती होनी चाहिए। यानी जिस उपभोक्ता को डेटा सेवा नहीं मिल रही है, उससे डेटा वाले पैक के समान कीमत वसूलने के बजाय उपयुक्त कम शुल्क रखा जाना चाहिए।
- हालांकि, वास्तविक बचत कितनी होगी, यह टेलीकॉम कंपनियों द्वारा पेश किए जाने वाले नए रिचार्ज की कीमत पर निर्भर करेगी।
प्रत्येक 28 दिन का रिचार्ज 30 दिन का नहीं होगा
- नए नियमों को लेकर एक अहम बात समझना जरूरी है। इसका अर्थ यह नहीं है कि सभी 28 दिन वाले रिचार्ज अब अनिवार्य रूप से 30 दिन के हो जाएंगे।
- ट्राई के नए नियमों का मुख्य उद्देश्य वॉयस और एसएमएस आधारित एसटीवी के विकल्प बढ़ाना है। यदि कोई कंपनी किसी निश्चित अवधि का वॉयस, एसएमएस और डेटा पैक उपलब्ध कराती है, तो नियमों के दायरे में उसी अवधि के लिए केवल वॉयस और एसएमएस वाला विकल्प भी उपलब्ध कराना होगा।
- इसलिए उपभोक्ताओं को नए नियमों के बाद अलग-अलग कंपनियों के रिचार्ज की कीमत और वैधता की तुलना करनी होगी।
किन उपभोक्ताओं को मिलेगा फायदा?
नए नियमों का सबसे सीधा फायदा उन ग्राहकों को हो सकता है जिन्हें मोबाइल डेटा की आवश्यकता नहीं है।
- कम आय वाले उपभोक्ता: छोटी अवधि के रिचार्ज से एक बार में बड़ी राशि खर्च करने की जरूरत कम हो सकती है।
- ग्रामीण उपभोक्ता: जिन ग्राहकों का मोबाइल इस्तेमाल मुख्य रूप से कॉल और एसएमएस तक सीमित है, उनके पास अधिक उपयुक्त विकल्प हो सकते हैं।
- फीचर फोन उपयोगकर्ता: ऐसे ग्राहकों को डेटा सहित महंगे पैक लेने की जरूरत कम हो सकती है।
- केवल कॉलिंग वाले ग्राहक: जिन लोगों के लिए मोबाइल इंटरनेट जरूरी नहीं है, वे अपनी जरूरत के अनुसार बिना डेटा वाला रिचार्ज चुन सकते हैं।
मासिक नवीनीकरण का विकल्प भी उन ग्राहकों के लिए सुविधाजनक हो सकता है जो हर महीने लगभग एक ही तारीख को अपना मोबाइल रिचार्ज करना चाहते हैं।
नियमों की पृष्ठभूमि
- ट्राई ने इन बदलावों का मसौदा 7 अप्रैल 2026 को जारी किया था। हितधारकों से सुझाव देने के लिए पहले 28 अप्रैल तक का समय दिया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 5 मई किया गया।
- इस प्रक्रिया में ट्राई को दूरसंचार कंपनियों, उद्योग संगठनों, उपभोक्ता समूहों और अन्य हितधारकों से कुल 1,132 प्रतिक्रियाएं प्राप्त हुईं। इसके बाद 15 जून 2026 को खुले विचार-विमर्श यानी ओपन हाउस चर्चा का आयोजन किया गया।
- वस्तुतः प्राप्त सुझावों और अपने विश्लेषण के बाद ट्राई ने सितंबर में अंतिम नियम जारी किए। नए नियम आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशित होने के 30 दिन बाद लागू होंगे।
भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण की भूमिका
- भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण यानी ट्राई भारत का वैधानिक दूरसंचार नियामक है।
- इसकी स्थापना 20 फरवरी 1997 को दूरसंचार नियामक प्राधिकरण अधिनियम, 1997 के तहत की गई थी।
- इसका मुख्यालय नई दिल्ली में है।
- ट्राई का उद्देश्य दूरसंचार क्षेत्र के विकास के लिए अनुकूल परिस्थितियां तैयार करना, प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना, सेवा की गुणवत्ता पर नजर रखना और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करना है।
प्राधिकरण के प्राप्त शक्तियाँ:
- प्राधिकरण दूरसंचार कंपनियों से जानकारी मांग सकता है, उनके कामकाज की जांच करा सकता है, दस्तावेजों का निरीक्षण कर सकता है और आवश्यक होने पर सेवा प्रदाताओं को निर्देश भी जारी कर सकता है। टैरिफ और उपभोक्ता सेवाओं से जुड़े मामलों में भी ट्राई की महत्वपूर्ण नियामक भूमिका है।
उपभोक्ताओं के लिए प्रमुख बदलाव
- नए नियमों का वास्तविक असर इस बात पर निर्भर करेगा कि दूरसंचार कंपनियां किस कीमत पर नए वॉयस और एसएमएस रिचार्ज उपलब्ध कराती हैं। केवल विकल्प बढ़ना पर्याप्त नहीं है; उनकी कीमत, वैधता और उपलब्धता भी उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण होगी।
- कुल मिलाकर, ट्राई के 2026 के नए नियम उन मोबाइल उपयोगकर्ताओं के लिए रिचार्ज विकल्पों को अधिक लचीला बनाने की कोशिश हैं, जिन्हें डेटा की जरूरत नहीं है। छोटे और मासिक विकल्पों के साथ केवल कॉल और एसएमएस वाले रिचार्ज की उपलब्धता बढ़ने से उपभोक्ताओं को अपनी जरूरत के अनुसार मोबाइल प्लान चुनने की अधिक स्वतंत्रता मिल सकती है।