New
GS Foundation (P+M) - Delhi : 23rd March 2026, 11:30 AM GS Foundation (P+M) - Prayagraj : 15th March 2026 GS Foundation (P+M) - Delhi : 23rd March 2026, 11:30 AM GS Foundation (P+M) - Prayagraj : 15th March 2026

जिम्बाब्वे ने शुरू किया साल में दो बार लगने वाला HIV-रोकथाम इंजेक्शन –लेनाकापाविर

चर्चा में क्यों ?

  • एचआईवी/एड्स के खिलाफ उल्लेखनीय प्रगति करने वाले दक्षिणी अफ्रीकी देश जिम्बाब्वे ने एचआईवी संक्रमण की रोकथाम के लिए लंबे समय तक असर करने वाली इंजेक्शन दवा लेनाकापाविर का वितरण शुरू कर दिया है। 
  • यह दवा साल में केवल दो बार दी जाती है और दैनिक प्री-एक्सपोज़र प्रोफिलैक्सिस (PrEP) गोलियों का एक प्रभावी एवं सुविधाजनक विकल्प प्रदान करती है। 

  • जिम्बाब्वे इस दवा को अपनाने वाले अग्रणी देशों में शामिल हो गया है।
  • लेनाकापाविर को अमेरिकी कंपनी Gilead Sciences ने विकसित किया है। 
  • इसे इस प्रकार डिज़ाइन किया गया है कि एचआईवी से सुरक्षा सरल, गोपनीय और दीर्घकालिक हो सके। यह दवा केवल एचआईवी-नेगेटिव व्यक्तियों के लिए है और संक्रमण की रोकथाम के उद्देश्य से दी जाती है। 
  • यह न तो टीका है और न ही एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी (ART) का विकल्प।

पहले चरण में 46,000 लोगों को लक्षित

  • कार्यक्रम की शुरुआत 19 फरवरी को हरारे के निकट एपवर्थ क्षेत्र से की गई।
  • प्रारंभिक चरण में देशभर के 24 स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से 46,000 से अधिक उच्च जोखिम वाले लोगों को लक्षित किया गया है। 
  • यह पहल अमेरिकी सरकार और Global Fund के सहयोग से संचालित की जा रही है।
  • जिम्बाब्वे के स्वास्थ्य मंत्री डगलस मोम्बेशोरा ने कहा कि यह दवा एचआईवी/एड्स को सार्वजनिक स्वास्थ्य खतरे के रूप में समाप्त करने की राष्ट्रीय प्रतिबद्धता को दर्शाती है। 
  • उन्होंने बताया कि नए संक्रमण विशेष रूप से किशोर लड़कियों और युवा महिलाओं में अब भी चिंता का विषय बने हुए हैं।

किन समूहों को मिलेगी प्राथमिकता

  • स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार किशोर लड़कियाँ, युवा महिलाएँ, यौनकर्मी, समलैंगिक समुदाय, गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाएँ तथा सामाजिक-आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग इस कार्यक्रम के प्रमुख लाभार्थी होंगे। 
  • राष्ट्रीय एड्स परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बर्नार्ड माडज़िमा ने कहा कि यह दवा विशेष रूप से युवा महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि कई बार वे सुरक्षित यौन व्यवहार के संबंध में निर्णय लेने में सशक्त नहीं होतीं।

संयुक्त रोकथाम रणनीति का हिस्सा

  • स्वास्थ्य एवं बाल देखभाल मंत्रालय में एड्स और टीबी इकाई के निदेशक ओवेन मुगुरुंगी ने स्पष्ट किया कि एचआईवी की रोकथाम के लिए कोई एक उपाय पर्याप्त नहीं है।
  •  जिम्बाब्वे पहले से संयम, एकपत्नीत्व, कंडोम का उपयोग, एचआईवी परीक्षण, PEP और PrEP जैसे उपायों को लागू कर रहा है।
  • देश ने 2016 में ओरल PrEP, 2021 में डैपिविरिन वैजाइनल रिंग और 2024 में लॉन्ग-एक्टिंग कैबोटेग्राविर इंजेक्शन शुरू किया था, और लेनाकापाविर इस श्रृंखला का नवीनतम विकल्प है।
  • अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह दवा मौजूदा उपायों का स्थान नहीं लेती, बल्कि उन्हें मजबूत करती है।

गलतफहमियों से बचने की अपील

  • एचआईवी कार्यकर्ता मैक्सवेल कपाचावो ने लोगों से अपील की है कि जो व्यक्ति पहले से एआरटी ले रहे हैं, वे इस नई दवा को उपचार का विकल्प न समझें। 
  • उन्होंने चेतावनी दी कि उपचार बीच में छोड़ना गंभीर परिणाम ला सकता है।

2030 तक एड्स समाप्ति का लक्ष्य

  • जिम्बाब्वे ने संयुक्त राष्ट्र के 95-95-95 उपचार लक्ष्यों को हासिल कर लिया है, जिसका अर्थ है कि 95 प्रतिशत एचआईवी संक्रमित लोग अपनी स्थिति जानते हैं, 95 प्रतिशत निदान किए गए लोग उपचार पर हैं और 95 प्रतिशत उपचाररत लोगों का वायरल लोड नियंत्रित है।
  • उप-सहारा अफ्रीका अब भी वैश्विक एचआईवी महामारी का केंद्र बना हुआ है, जहां हर वर्ष लाखों नए संक्रमण सामने आते हैं। 
  • इसी कारण इस क्षेत्र में रोकथाम और उपचार से जुड़ी नई पहलों को प्राथमिकता दी जा रही है।

HIV और AIDS

एचआईवी (HIV) क्या है ?

HIV (Human Immunodeficiency Virus) एक वायरस है जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्यून सिस्टम) को कमजोर करता है। यह विशेष रूप से CD4 टी-कोशिकाओं पर हमला करता है, जो संक्रमण से लड़ने में मदद करती हैं। यदि HIV का समय पर इलाज न किया जाए, तो यह धीरे-धीरे प्रतिरक्षा तंत्र को इतना कमजोर कर देता है कि शरीर सामान्य संक्रमणों से भी लड़ने में असमर्थ हो जाता है।

एड्स (AIDS) क्या है ?

AIDS (Acquired Immunodeficiency Syndrome) HIV संक्रमण का अंतिम और गंभीर चरण है। जब शरीर में CD4 कोशिकाओं की संख्या बहुत कम हो जाती है और व्यक्ति को गंभीर अवसरवादी संक्रमण (Opportunistic Infections) या कुछ प्रकार के कैंसर हो जाते हैं, तब उसे AIDS कहा जाता है। ध्यान देने योग्य बात यह है कि हर HIV संक्रमित व्यक्ति को AIDS नहीं होता, यदि वह नियमित उपचार लेता रहे।

« »
  • SUN
  • MON
  • TUE
  • WED
  • THU
  • FRI
  • SAT
Have any Query?

Our support team will be happy to assist you!

OR
X