ग्रीनवॉशिंग

प्रारंभिक परीक्षा- समसामयिकी, ग्रीनवॉशिंग
मुख्य परीक्षा- सामान्य अध्ययन, पेपर- 3

संदर्भ-

  • 19 दिसंबर, 2023 को भ्रामक  विज्ञापन के लिए डच एयरलाइंस केएलएम के विरुद्ध ग्रीनवॉशिंग के तहत दायर एक मामले की सुनवाई एम्स्टर्डम में हुई।

greenwashing

मुख्य बिंदु-

  • डच एयरलाइन केएलएम ने विज्ञापन में अपने ग्राहकों को "जिम्मेदारी से उड़ान भरने" के लिए कहा था। 
  • पर्यावरणविदों ने झूठे विज्ञापन के लिए केएलएम पर मुकदमा दायर किया, यह तर्क देते हुए कि अब तक उड़ान भरने का कोई पर्यावरण अनुकूल तरीका नहीं है और एयरलाइंस पर ग्रीनवॉशिंग का आरोप लगाया।
  • यह पहली बार नहीं है कि एयरलाइंस अपने स्थिरता प्रयासों के बारे में झूठे विज्ञापन के लिए आलोचना का शिकार हुई हैं और उन पर ग्रीनवॉशिंग का आरोप लगाया गया है।
  • दिसंबर, 2023 में यूनाइटेड किंगडम के विज्ञापन नियामक ने हवाई यात्रा के पर्यावरणीय प्रभाव के बारे में उपभोक्ताओं को कथित रूप से गुमराह करने के लिए एयर फ्रांस, लुफ्थांसा और एतिहाद के विज्ञापनों पर प्रतिबंध लगा दिया था।
  • वर्ष, 2023 में यह दूसरी बार है जब ब्रिटेन के विज्ञापन नियमों का उल्लंघन करने के लिए ASA द्वारा लुफ्थांसा और एतिहाद को चेतावनी दी गई है । 

गलत विज्ञापन- 

  • जुलाई, 2023 में ब्रिटेन के विज्ञापन मानक प्राधिकरण (ASA) ने तीन गूगल विज्ञापनों की पहचान की, जो सुझाव देते थे कि एयर फ्रांस, लुफ्थांसा और एतिहाद द्वारा संचालित उड़ानें पर्यावराणीय रूप से टिकाऊ थीं।
    1. एयर फ़्रांस ने अपने विज्ञापन में दावा किया कि एयरलाइन "पर्यावरण की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध" है और छुट्टियों पर जाने वालों के लिए "बेहतर और टिकाऊ यात्रा" प्रदान करता है। 
    2. लुफ्थांसा ने अपने विज्ञापन में दावा किया कि उसके ग्राहक "अधिक टिकाऊ उड़ान भरेंगे"। 
    3. एतिहाद ने "मन की पूर्ण शांति" की पेशकश की।
  • ASA ने जांच के बाद पाया कि उपर्युक्त में से कोई भी विज्ञापन उनके पर्यावरणीय दावों की पुष्टि नहीं करता है। 
  • ये एयरलाइंस यूके के विज्ञापन कोड का उल्लंघन कर रहे थे, जिसके अनुसार ऐसे दावों के लिए उच्च स्तर की पुष्टि की आवश्यकता है।
  • एतिहाद के विज्ञापन के बारे में  ASA ने कहा, “हवाई यात्रा से CO2 और गैर-CO2 उत्सर्जन दोनों का उच्च स्तर उत्पन्न होता है, जो जलवायु परिवर्तन में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। इस विमानन कंपनी में वर्तमान में ऐसी कोई पहल या व्यावसायिक रूप से व्यवहार्य प्रौद्योगिकियां नहीं हैं, जो पूर्ण हरित दावों को पर्याप्त रूप से प्रमाणित कर सकें।“

ग्रीनवॉशिंग क्या है?

  • ग्रीनवॉशिंग से तात्पर्य है कि कंपनियां या सरकारें इस प्रकार का गलत दिखावा करती हैं कि उनके सभी उत्पाद या गतिविधियां जलवायु के अनुकूल हैं या उत्सर्जन को कम करने में मदद करती हैं। 
  • ग्रीनवॉशिंग तब भी हो सकती है जब कोई कंपनी अपनी पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर पर्दा डालने के लिए किसी उत्पाद के वहनीय पहलुओं को दिखाती है।
  • इन्वेस्टोपेडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, "पर्यावरणीय चित्र, भ्रामक लेबल और ट्रेडऑफ़ को छुपाने के लिए ग्रीनवॉशिंग 'व्हाइटवॉशिंग' की तरह का आचरण है , जिसका अर्थ है जानबूझकर गलत काम, त्रुटि या किसी अप्रिय स्थिति को छिपाने के लिए गलत जानकारी का उपयोग करना।“
  • वर्ष, 2015 में वोक्सवैगन घोटाले में जर्मन कार कंपनी को अपने कथित हरित डीजल वाहनों के उत्सर्जन परीक्षण में धोखाधड़ी करते हुए पाया गया था। यह ग्रीनवॉशिंग का मामला था।

विमानन उद्योग और उत्सर्जन

  • IPCC के  वर्ष 2022 के अनुमान के अनुसार, वर्तमान में विमानन उद्योग सभी मानव-निर्मित CO2 उत्सर्जन के लगभग 2.5% के लिए जिम्मेदार है। 
  • यह समग्र उत्सर्जन में एक मामूली योगदान की तरह लग सकता है, लेकिन यह बहुत तेज गति से बढ़ने वाला है। 
  • IPCC ने कहा कि यदि इन उत्सर्जनों को कम करने के लिए उपाय नहीं किए गए, तो वर्ष 2050 तक विमानन क्षेत्र का कुल योगदान  5% तक बढ़ सकता है, जबकि उच्चतम अनुमानित योगदान 15% है।
  • विमानन उद्योग केवल CO2  का उत्सर्जन नहीं है कर रहा है; बल्कि संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन के अनुसार, यदि जल वाष्प जैसे गैर- CO2 उत्सर्जन को भी ध्यान में रखा जाए, तो एयरलाइन उद्योग ग्लोबल वार्मिंग के लगभग 5% के लिए जिम्मेदार है। 
  • प्रश्न यह  है कि विमानन उत्सर्जन के लिए देशों को कैसे जिम्मेदार ठहराया जाए- 
    1. घरेलू उड़ानों से होने वाला उत्सर्जन किसी देश के उत्सर्जन एकाउंट में जाता है। 
    2. अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों से होने वाले उत्सर्जन के लिए कोई भी देश जिम्मेदार नहीं है। 
  • इन्हें 'बंकर ईंधन' के रूप में गिना जाता है और किसी भी देश के पास इन उत्सर्जन को कम करने की कोई ज़िम्मेदारी नहीं है।

प्रारंभिक परीक्षा के लिए प्रश्न-

प्रश्न- विमानन उत्सर्जन के बारे में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए।

  1. घरेलू उड़ानों से होने वाला उत्सर्जन किसी देश के उत्सर्जन एकाउंट में जाता है। 
  2. अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों से होने वाले उत्सर्जन के लिए कोई भी देश जिम्मेदार नहीं है। 

नीचे दिए गए कूट की सहायता से सही उत्तर का चयन कीजिए।

(a) केवल 1 

(b) केवल 2

(c) 1 और 2 दोनों

(d) न तो 1 और न ही 2

उत्तर- (c)

मुख्य परीक्षा के लिए प्रश्न-

प्रश्न- पर्यावरणीय चित्र, भ्रामक लेबल और ट्रेडऑफ़ को छुपाने के लिए ग्रीनवॉशिंग 'व्हाइटवॉशिंग' की तरह का आचरण है , जिसका अर्थ है जानबूझकर गलत काम, त्रुटि या किसी अप्रिय स्थिति को छिपाने के लिए गलत जानकारी का उपयोग करना। विवेचना कीजिए।

« »
  • SUN
  • MON
  • TUE
  • WED
  • THU
  • FRI
  • SAT