अमेरिका-वेनेजुएला संबंधों में नरमी

प्रारंभिक परीक्षा- समसामयिकी
मुख्य परीक्षा- सामान्य अध्ययन, पेपर-2

संदर्भ-

  • मारिया कोरिना मचाडो ने 22 अक्टूबर,2023 को वेनेज़ुएला के प्राइमरी चुनाव में बड़ी जीत हासिल की है। हाल ही में अमेरिका का बिडेन प्रशासन वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो द्वारा वर्ष,2024 में वेनेजुएला में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने पर वेनेजुएला के तेल, गैस और खनन उद्योगों पर वर्षों से चले आ रहे कड़े प्रतिबंधों को कम करने पर सहमत हुआ था।

संबंधों में सुधार के कारण-

  • अमेरिका और वेनेजुएला के बीच पुनः संबंधो में हो रहे सुधार को रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के कारण भू-राजनीतिक स्थितियों में हो रहे बदलाव से उत्पन्न चुनौतियों के रूप में देखा जा सकता है। 
  • फरवरी,2022 के रुसी आक्रमण के कुछ हफ्तों के भीतर ही बिडेन प्रशासन ने दुनिया के सबसे बड़े तेल भंडार वाले देश वेनेजुएला के साथ बातचीत करने के लिए शीर्ष अधिकारियों को भेजा, ताकि संघर्ष से उत्पन्न होने वाले ऊर्जा संकट के प्रभावों को सुधारा जा सके। 
  • पुनः जुड़ाव का एक अन्य आयाम दो महाशक्तियों के बीच गहराते संघर्ष की स्थिति में रूस द्वारा अपने लैटिन अमेरिकी सहयोगियों के समर्थन के कारण संभावित क्षेत्रीय सुरक्षा निहितार्थों पर आशंकाएं थीं। 
  • क्यूबा, चीन, रूस और ईरान के समर्थन के कारण वेनेजुएला के ऊर्जा क्षेत्र पर अमेरिका और यूरोपीय संघ के प्रतिबंधों का ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ा।
  • राष्ट्रपति मादुरो के लिए अमेरिका के साथ संबंधों के पुनरुद्धार का मतलब उनकी सरकार के दुःखद अंतरराष्ट्रीय अलगाव के अंत की शुरुआत हो सकता है।
  •  ट्रम्प प्रशासन ने वेनेजुएला के साथ राजनयिक संबंधों को समाप्त कर दिया था। 
  • जब श्री मादुरो ने वर्ष,2013 में पदभार संभाला था, तो वेनेजुएला लैटिन अमेरिका की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था; किंतु कुछ ही वर्षों में इसकी स्थिति गिरकर इस क्षेत्र के सबसे गरीबों में से एक हो गई। 
  • प्रतिबंधों में राहत मिलने से वेनेजुएला की सरकारी स्वामित्व वाली तेल कंपनी को तेल उत्पादन फिर से शुरू करने और संभावित रूप से अमेरिकी वित्तीय बाजारों तक देश की पहुंच बहाल करने में मदद मिलेगी।

आगे की राह-

  • पूर्व राष्ट्रपति ह्यूगो शावेज़ की मातृभूमि बारिनास राज्य में वर्ष,2022 के क्षेत्रीय चुनावों में जीत के बाद से वेनेज़ुएला में विपक्ष को मजबूत पोल रेटिंग मिली है। लेकिन यह अत्यधिक विखंडित प्रकृति का है, जैसा कि हालिया प्राइमरी में भाग लेने वाले आठ उम्मीदवारों से पता चलता है।इसे मादुरो सरकार से जबरदस्त प्रतिरोध का सामना करना पड़ रहा है।
  • राष्ट्रपति मादुरो स्वयं अपने निरंकुश शासन के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय आक्रोश से बेफिक्र रहे हैं। 
  • घरेलू स्तर पर पंगु कर देने वाले सामाजिक-आर्थिक संकट ने पूरे क्षेत्र में सात मिलियन से अधिक लोगों को बड़े पैमाने पर पलायन करने के लिए मजबूर कर दिया है।
  • मानवीय संकट के मद्देनजर अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आईसीसी) मानवता के खिलाफ अपराधों के लिए वेनेजुएला सरकार की जांच कर रहा है। 
  • संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में मादुरो शासन द्वारा बड़ी संख्या में न्यायेतर हत्याओं का दस्तावेजीकरण किया गया है।
  • यह किसी भी तरह से निश्चित नहीं है कि वेंटे वेनेज़ुएला पार्टी की सुश्री मचाडो को प्राइमरी में मिले भारी समर्थन के बावजूद, वर्ष,2024 में होने वाले चुनाव में राष्ट्रपति मादुरो से मुकाबला करने की अनुमति दी जाएगी। 
  • सुश्री मचाडो को उम्मीद है कि हालिया प्राइमरी में उनकी भारी जीत मतदाताओं पर प्रभाव डालेगी और सरकार को निर्णय पलटने के लिए मजबूर करेगी। 
  • लेकिन उनका कठोर रुख, जैसे कि राष्ट्रपति मादुरो पर युद्ध अपराधों के लिए मुकदमा चलाने की मांग, सरकार पर आर्थिक प्रतिबंधों का समर्थन और मादुरो शासन के खिलाफ विदेशी सैन्य हस्तक्षेप की वकालत उनके उद्देश्य में मदद करने के बजाय नुकसान पहुंचा सकती है।
  • यह मान लेना जल्दबाजी होगी कि राष्ट्रपति मादुरो, जो 2013 से पद पर हैं, वर्ष,2024 के चुनाव में जोखिम उठाना चाहेंगे। 
  • बिडेन प्रशासन ने इसी संदर्भ में संकेत दिया है कि प्रतिबंधों से राहत की मात्रा इस बात पर निर्भर करेगी कि वेनेजुएला की सरकार लोकतांत्रिक प्रगति की दिशा में कितनी आगे बढ़ रही है। 

प्रारंभिक परीक्षा के लिए प्रश्न-

प्रश्न-हाल ही में अमेरिका ने किस लैटिन अमेरिकी देश के साथ अपने संबंधों में नरमी लायी है?

(a) क्यूबा 

(b) वेनेजुएला

(c) पराग्वे

(d) मैक्सिको

उत्तर- (b)

मुख्य परीक्षा के लिए प्रश्न-

प्रश्न- हाल ही में अमेरिका और वेनेजुएला के संबंधों में आए सुधार के कारण एवं प्रभाव को स्पष्ट करें।

« »
  • SUN
  • MON
  • TUE
  • WED
  • THU
  • FRI
  • SAT