विश्व पशु स्वास्थ्य संगठन (WOAH)

चर्चा में क्यों? 

  • हाल ही में मत्स्य पालन विभाग, मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय, भारत सरकार ने नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर में एक ओरिएंटेशन बैठक के साथ, भारत की जलीय पशु स्वास्थ्य सेवाओं (एएएचएस) के लिए 'वर्ल्ड ऑर्गनाइजेशन फॉर एनिमल हेल्थ' (डब्ल्यूओएएच) के 'पशु चिकित्सा सेवाओं के प्रदर्शन' (पीवीएस) मूल्यांकन की शुरुआत की। 
  • यह मिशन जलीय पशु स्वास्थ्य प्रशासन को मजबूत करने और इसकी प्रणालियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त मानकों और सर्वोत्तम प्रथाओं के अनुरूप ढालने के भारत के प्रयासों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। 

विश्व पशु स्वास्थ्य संगठन (WOAH) के बारे में  

  • विश्व पशु स्वास्थ्य संगठन (World Organisation for Animal Health – WOAH) पशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक वैश्विक अंतर-सरकारी संगठन है। 
  • इसकी स्थापना वर्ष 1924 में Office International des Epizooties (OIE) के नाम से हुई थी। मई 2003 में संगठन ने अपना प्रचलित नाम बदलकर World Organisation for Animal Health (विश्व पशु स्वास्थ्य संगठन) कर लिया।

उद्देश्य: 

  • संगठन का मुख्य उद्देश्य पशु रोगों से संबंधित जानकारी का पारदर्शी रूप से प्रसार करना, विश्व स्तर पर पशु स्वास्थ्य में सुधार करना तथा एक सुरक्षित, स्वस्थ और सतत विश्व के निर्माण में योगदान देना है।  

स्थापना की पृष्ठभूमि: 

  • विश्व पशु स्वास्थ्य संगठन की स्थापना रिंडरपेस्ट (Rinderpest) नामक संक्रामक पशु रोग के व्यापक प्रकोप की प्रतिक्रिया के रूप में हुई थी। इस रोग ने विश्वभर में मवेशियों को प्रभावित किया, जिससे पशुधन को भारी नुकसान पहुँचा और पशुपालकों की आजीविका बुरी तरह प्रभावित हुई। 
  • इस संकट ने यह स्पष्ट कर दिया कि पशु रोग न केवल पशुधन के लिए, बल्कि खाद्य सुरक्षा और आर्थिक विकास के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करते हैं। साथ ही, यह आवश्यकता महसूस की गई कि संक्रामक पशु रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए वैश्विक स्तर पर समन्वित प्रयास किए जाने चाहिए।
  • इसी उद्देश्य से वर्ष 1924 में एक अंतरराष्ट्रीय समझौते के माध्यम से इस संगठन की स्थापना की गई, ताकि सदस्य देश आपसी सहयोग और एकजुटता के साथ संक्रामक पशु रोगों का मुकाबला कर सकें। वर्तमान में संगठन के 183 सदस्य देश हैं। 

मुख्यालय एवं वैश्विक उपस्थिति: 

  • विश्व पशु स्वास्थ्य संगठन का मुख्यालय पेरिस, फ्रांस में स्थित है। संगठन के 70 से अधिक अंतरराष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय संगठनों के साथ स्थायी संबंध हैं। इसके अतिरिक्त, विश्व के विभिन्न क्षेत्रों में इसके क्षेत्रीय एवं उप-क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित हैं, जो पशु स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों के संचालन और समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। 

संगठन के प्रमुख कार्य: 

विश्व पशु स्वास्थ्य संगठन अपने सदस्य देशों के सहयोग से निम्नलिखित प्रमुख उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए कार्य करता है - 

  • पशु रोगों की जानकारी का प्रसार: पशु रोगों से संबंधित सूचनाओं का पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से वैश्विक स्तर पर प्रसार करना।
  • पशु स्वास्थ्य आपात स्थितियों का प्रबंधन: पशु स्वास्थ्य से जुड़ी आपातकालीन परिस्थितियों में वैश्विक स्तर पर समन्वित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना।
  • ज़ूनोटिक रोगों की रोकथाम: पशुओं से मनुष्यों में फैलने वाले संक्रामक रोगों (Zoonotic Diseases) की रोकथाम एवं नियंत्रण को बढ़ावा देना। 
  • पशु स्वास्थ्य एवं कल्याण को बढ़ावा देना: विश्व स्तर पर पशुओं के स्वास्थ्य, उचित देखभाल और कल्याण के मानकों में सुधार करना।
  • पशु चिकित्सा सेवाओं तक पहुँच: सभी देशों में पशु स्वास्थ्य एवं पशु चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता और पहुँच को बेहतर बनाने में सहयोग करना।  
« »
  • SUN
  • MON
  • TUE
  • WED
  • THU
  • FRI
  • SAT