नकद हस्तांतरण एवं सार्वभौमिक सब्सिडी

संदर्भ 

  • भारत के विभिन्न राज्यों में नकद हस्तांतरण और सार्वभौमिक सब्सिडी योजनाएँ चुनावी राजनीति का प्रमुख हिस्सा बनती जा रही हैं। ऐसे में यह सवाल महत्त्वपूर्ण हो गया है कि क्या चुनावी वादों सहित सभी सामाजिक कल्याण योजनाओं को सार्वजनिक धन खर्च करने से पहले एक सामाजिक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (Social DPR) के आधार पर लागू किया जाना चाहिए।  

सामाजिक योजनाओं के लिए डीपीआर की आवश्यकता 

  • विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) किसी भी बुनियादी ढाँचा परियोजना का आधार होती है। इसमें परियोजना के उद्देश्य, उपलब्ध विकल्प, वित्तीय एवं आर्थिक विश्लेषण, संभावित जोखिम और सफलता के मापदंड शामिल होते हैं। इसके विपरीत, सामाजिक कल्याण योजनाएँ अक्सर चुनावी वादों के आधार पर शुरू कर दी जाती हैं और उनके लिए पूर्व मूल्यांकन (Ex-ante Appraisal) नहीं किया जाता। 
  • चूँकि नकद हस्तांतरण एवं सब्सिडी योजनाएँ दीर्घकालिक होती हैं और राजनीतिक कारणों से इन्हें समाप्त करना कठिन होता है, इसलिए इनके लिए प्रारंभिक मूल्यांकन तथा निरंतर निगरानी आवश्यक है। साथ ही, इनके क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही, समानता, दक्षता और राजकोषीय उत्तरदायित्व जैसे सिद्धांतों का पालन होना चाहिए। 

नकद हस्तांतरण एवं सब्सिडी पर बढ़ता व्यय 

  • PRS Legislative Research के अनुसार, वर्ष 2025-26 में 12 राज्यों द्वारा महिलाओं के लिए बिना शर्त नकद हस्तांतरण योजनाओं पर लगभग ₹1.68 लाख करोड़ खर्च किए जाने का अनुमान है, जो जीडीपी का लगभग 0.5% है। दो वर्ष पहले यह 0.2% से भी कम था। 
  • इसी प्रकार, आरबीआई के अध्ययन के अनुसार राज्यों का कुल सब्सिडी व्यय वर्ष 2018-19 के ₹1.87 लाख करोड़ से बढ़कर वर्ष 2025-26 में ₹4.26 लाख करोड़ हो गया है। 
  • अक्सर चुनावी घोषणाओं को सरकार बनने के तुरंत बाद या अगले चुनाव से पहले लागू कर दिया जाता है। इस दौरान लाभार्थियों की वास्तविक जरूरतों और योजनाओं से उत्पन्न होने वाले दीर्घकालिक वित्तीय दायित्वों का पर्याप्त आकलन नहीं किया जाता।

सामाजिक योजनाओं की जाँच में कमी के कारण 

सामाजिक कल्याण योजनाओं के पर्याप्त मूल्यांकन न होने के पीछे कई कारण हैं:

  • चुनावी आकर्षण: नकद हस्तांतरण का लाभ प्रत्यक्ष दिखाई देता है, इसलिए यह मतदाताओं को अधिक आकर्षित करता है। इसके विपरीत, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढाँचे जैसी सार्वजनिक सेवाओं का लाभ व्यापक समाज में वितरित होता है।
  • पूर्व मूल्यांकन का अभाव: चुनावी वादों के कारण योजनाओं की रूपरेखा, लाभार्थियों के चयन और वित्तीय लागत की पहले से समीक्षा नहीं हो पाती।
  • आवश्यकताओं का आकलन नहीं: कई योजनाएँ वास्तविक जरूरतों और लाभार्थियों की पहचान किए बिना शुरू कर दी जाती हैं।
  • केंद्रीकृत नियोजन: स्थानीय आवश्यकताओं और जनभागीदारी के बजाय लक्ष्य प्राप्ति पर अधिक ध्यान दिया जाता है।
  • राजकोषीय दबाव: बढ़ते खर्च को पूरा करने के लिए सरकारें अतिरिक्त उधार लेती हैं या आवश्यक सार्वजनिक व्यय में कटौती करती हैं।  

वस्तुतः पूर्व मूल्यांकन से एक व्यवस्थित लेखा-परीक्षण रिकॉर्ड तैयार होता है, जिससे विधानमंडल, मीडिया और नागरिक योजनाओं के वास्तविक परिणामों की समीक्षा कर सकते हैं।

प्राथमिकताओं का निर्धारण: तमिलनाडु का उदाहरण 

  • तमिलनाडु सरकार ने वर्ष 2026-27 में विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए छात्रवृत्ति योजनाओं हेतु लगभग ₹1,000 करोड़ आवंटित किए हैं। दूसरी ओर, आरटीआई आधारित रिपोर्टों के अनुसार सरकारी कला एवं विज्ञान महाविद्यालयों में शिक्षकों के 7,198 पद रिक्त हैं। व्यावसायिक महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों को शामिल करने पर यह संख्या लगभग 9,000 हो जाती है। 
  • इन पदों को भरने पर प्रतिवर्ष लगभग ₹1,080 करोड़ खर्च होंगे। राज्य के राजस्व एवं राजकोषीय घाटे को देखते हुए संसाधनों की उपलब्धता भी सीमित है।
  • यह उदाहरण दर्शाता है कि केवल छात्रवृत्ति उपलब्ध कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों की उपलब्धता भी सुनिश्चित होनी चाहिए। इसलिए सीमित संसाधनों के बीच विभिन्न आवश्यकताओं की प्राथमिकता तय करने के लिए तुलनात्मक मूल्यांकन आवश्यक है। 

सार्वभौमिक बनाम लक्षित सब्सिडी 

  • सार्वभौमिक सब्सिडी में सभी लोगों को लाभ मिलता है, जिसके कारण गैर-जरूरतमंद व्यक्ति भी इसका लाभ उठा सकते हैं। इसे समावेशन त्रुटि (Inclusion Error) कहते हैं। 
  • इसके विपरीत, लक्षित सब्सिडी में पात्रता के आधार पर लाभ दिया जाता है, लेकिन कुछ वास्तविक जरूरतमंद लोग भी इससे वंचित रह सकते हैं। इसे बहिष्करण त्रुटि (Exclusion Error) कहा जाता है। 
  • इन दोनों व्यवस्थाओं के बीच उचित विकल्प चुनने के लिए पूर्व मूल्यांकन, व्यवहार संबंधी मॉडल और सूक्ष्म अनुकरण (Micro-simulations) का उपयोग किया जाना चाहिए।  

नकद हस्तांतरण योजनाओं की प्रमुख चुनौतियाँ 

  • क्षमता विकास का अभाव: परिवार की आय बढ़ने से लाभार्थियों की निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक स्थिति में स्वतः सुधार नहीं होता।
  • लाभार्थियों का छूट जाना: बैंक खाते और राशन कार्ड जैसे दस्तावेजों की कमी के कारण गरीब एवं वंचित परिवार योजनाओं से बाहर रह सकते हैं।
  • पायलट परीक्षण की कमी: योजनाओं को लागू करने से पहले उनका मूल्यांकन और प्रायोगिक परीक्षण आवश्यक है, लेकिन चुनावी दबाव के कारण अक्सर ऐसा नहीं हो पाता। 

आगे की राह 

सामाजिक योजनाओं को प्रभावी एवं वित्तीय रूप से टिकाऊ बनाने के लिए निम्नलिखित कदम आवश्यक हैं:

  • आवश्यकताओं की पहचान: योजना शुरू करने से पहले वास्तविक समस्या, जरूरतमंद आबादी और स्पष्ट उद्देश्यों का निर्धारण किया जाए।
  • उचित लाभ राशि: सहायता राशि तय करते समय लाभार्थियों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति, लिंग, निवास स्थान और वैवाहिक स्थिति को ध्यान में रखा जाए।
  • विकल्पों का मूल्यांकन: सार्वभौमिक या लक्षित सहायता, नकद या वस्तु आधारित लाभ तथा सशर्त या बिना शर्त सहायता की प्रभावशीलता की तुलना की जाए।
  • लागत-लाभ विश्लेषण: योजना के सामाजिक लाभ, वित्तीय लागत, महिलाओं के आर्थिक नियंत्रण और स्थानीय कीमतों पर पड़ने वाले प्रभाव का आकलन किया जाए।
  • वंचितों तक पहुँच: प्रत्येक 100 पात्र परिवारों में से कितने परिवारों को लाभ मिल रहा है, इसकी निगरानी की जाए तथा दस्तावेजों के अभाव में छूटे परिवारों को जोड़ा जाए।
  • दीर्घकालिक वित्तीय नियोजन: अगले दस वर्षों में महँगाई, लाभार्थियों की संख्या और सरकारी राजस्व के आधार पर खर्च का अनुमान लगाया जाए। साथ ही, योजनाओं के लिए समाप्ति तिथि और नियमित समीक्षा की व्यवस्था होनी चाहिए। 

निष्कर्ष 

  • नकद हस्तांतरण एवं सब्सिडी योजनाएँ सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक समानता को बढ़ावा देने का महत्त्वपूर्ण माध्यम हैं। हालाँकि, इनकी सफलता केवल आर्थिक सहायता के वितरण से नहीं, बल्कि वास्तविक सामाजिक एवं आर्थिक सुधार से निर्धारित होनी चाहिए। इसके लिए सामाजिक डीपीआर, पूर्व मूल्यांकन, पारदर्शिता, जवाबदेही और नियमित निगरानी को प्रोत्साहित करना आवश्यक है, ताकि चुनावी वादों के बजाय जन-आवश्यकताओं और दीर्घकालिक सार्वजनिक हित पर आधारित टिकाऊ कल्याणकारी नीतियाँ विकसित की जा सकें।  
« »
  • SUN
  • MON
  • TUE
  • WED
  • THU
  • FRI
  • SAT