कोलेजन सप्लीमेंट्स और त्वचा का स्वास्थ्य

संदर्भ 

आधुनिक विश्व में त्वचा को स्वस्थ, जवाँ और झुर्रियों से मुक्त बनाए रखने की बढ़ती इच्छा के कारण कोलेजन सप्लीमेंट्स का उपयोग तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। बाजार में कोलेजन पाउडर, कैप्सूल और पेय पदार्थों को त्वचा का कसाव बनाए रखने, झुर्रियाँ कम करने तथा उम्र बढ़ने के प्रभावों को धीमा करने वाले उत्पादों के रूप में प्रचारित किया जा रहा है। इन उत्पादों का आधार यह तर्क है कि उम्र बढ़ने के साथ शरीर में कोलेजन का उत्पादन कम हो जाता है और इसकी अतिरिक्त आपूर्ति से त्वचा की संरचना में सुधार किया जा सकता है। हालाँकि, चिकित्सकीय दृष्टिकोण से यह समझना आवश्यक है कि कोलेजन की जैविक भूमिका और सप्लीमेंट्स के वास्तविक चिकित्सकीय लाभ एक-दूसरे के समान नहीं हैं।  

त्वचा के स्वास्थ्य में कोलेजन की भूमिका 

  • कोलेजन मानव शरीर में पाया जाने वाला एक प्रमुख संरचनात्मक प्रोटीन है। यह त्वचा की डर्मिस परत को मजबूती, लचीलापन और संरचनात्मक सहारा प्रदान करता है। इसके अतिरिक्त, यह हड्डियों, मांसपेशियों, टेंडन और लिगामेंट्स के निर्माण एवं कार्यप्रणाली में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
  • उम्र बढ़ने के साथ शरीर में कोलेजन का निर्माण धीरे-धीरे कम होने लगता है। इसके लिए फाइब्रोब्लास्ट कोशिकाओं की घटती सक्रियता, ऑक्सीडेटिव तनाव, हार्मोनल परिवर्तन और पराबैंगनी (UV) किरणों का लंबे समय तक संपर्क जैसे कारक जिम्मेदार होते हैं। परिणामस्वरूप त्वचा का लचीलापन कम होता है तथा झुर्रियाँ और ढीलापन दिखाई देने लगता है।
  • इस प्रक्रिया को प्राकृतिक जैविक परिवर्तन माना जाता है, जिसे केवल कोलेजन का सेवन करके पूरी तरह उलटना संभव नहीं है। 

कोलेजन सप्लीमेंट्स की शरीर में कार्यप्रणाली 

  • अधिकांश कोलेजन सप्लीमेंट्स में हाइड्रोलाइज्ड कोलेजन का उपयोग किया जाता है। इसे मछली, गाय या अन्य पशु स्रोतों से प्राप्त करके छोटे पेप्टाइड्स में विभाजित किया जाता है, जिससे इसका पाचन और अवशोषण अपेक्षाकृत आसान हो सके।
  • सेवन के बाद कोलेजन पाचन तंत्र में अमीनो एसिड और छोटे पेप्टाइड्स में टूट जाता है। इनमें से कुछ पेप्टाइड्स रक्तप्रवाह तक पहुँच सकते हैं और प्रयोगशाला अध्ययनों में फाइब्रोब्लास्ट कोशिकाओं की गतिविधियों को प्रभावित करने के संकेत मिले हैं। 
  • हालाँकि, इसका अर्थ यह नहीं है कि सेवन किया गया कोलेजन सीधे त्वचा तक पहुँचकर नया कोलेजन बनाने लगता है। शरीर इन अमीनो एसिड और पेप्टाइड्स का उपयोग अपनी विभिन्न जैविक आवश्यकताओं के अनुसार करता है। इसलिए कोलेजन का सेवन और त्वचा में कोलेजन का वास्तविक निर्माण दो अलग-अलग प्रक्रियाएँ हैं।  

कोलेजन सप्लीमेंट्स की प्रभावशीलता: वैज्ञानिक प्रमाणों का मूल्यांकन 

कोलेजन सप्लीमेंट्स की प्रभावशीलता को लेकर विभिन्न वैज्ञानिक अध्ययनों में अलग-अलग निष्कर्ष सामने आए हैं - 

  • वर्ष 2021 में International Journal of Dermatology में प्रकाशित समीक्षा में 19 अध्ययनों और 1,125 प्रतिभागियों को शामिल किया गया था। इसमें त्वचा के जलयोजन, लचीलेपन और झुर्रियों में सुधार के संकेत मिले। इसी प्रकार, वर्ष 2023 में Nutrients में प्रकाशित मेटा-विश्लेषण में 26 परीक्षणों और 1,721 प्रतिभागियों के आधार पर त्वचा के जलयोजन एवं लचीलेपन में सुधार की बात कही गई। 
    • हालाँकि, बाद में इन अध्ययनों के सांख्यिकीय विश्लेषण और शोध पद्धतियों पर सवाल उठे। कुछ अध्ययनों में मानक त्रुटि और मानक विचलन के बीच भ्रम, मापन पद्धतियों का गलत वर्गीकरण तथा परिणामों की अनुचित व्याख्या जैसी कमियाँ सामने आईं। 
  • इसके अतिरिक्त, वर्ष 2025 की एक समीक्षा में पाया गया कि स्वतंत्र रूप से वित्तपोषित और उच्च गुणवत्ता वाले अध्ययनों का विश्लेषण करने पर कोलेजन के लाभ सांख्यिकीय रूप से महत्त्वपूर्ण नहीं रहे। 
  • इससे स्पष्ट होता है कि कोलेजन सप्लीमेंट्स के संभावित लाभों के संकेत तो उपलब्ध हैं, लेकिन त्वचा की उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा करने या उलटने के संबंध में अभी पर्याप्त मजबूत प्रमाण नहीं हैं।

चिकित्सकीय दृष्टिकोण से प्रमुख चुनौतियाँ 

कोलेजन सप्लीमेंट्स के मूल्यांकन में कुछ महत्त्वपूर्ण चिकित्सकीय और वैज्ञानिक चुनौतियाँ हैं।

  • अल्पकालिक अध्ययन: अधिकांश परीक्षण 8 से 12 सप्ताह तक किए गए हैं। इतने कम समय में प्राप्त परिणामों से दीर्घकालिक प्रभावों का निष्कर्ष निकालना कठिन है।
  • वित्तीय हितों का प्रभाव: कई शोधों का वित्तपोषण कोलेजन उत्पाद बनाने वाली कंपनियों द्वारा किया गया है। इसलिए स्वतंत्र और निष्पक्ष अनुसंधान आवश्यक है।
  • सांख्यिकीय एवं वास्तविक लाभ में अंतर: मशीनों द्वारा त्वचा के जलयोजन या लचीलेपन में दर्ज किया गया मामूली सुधार आवश्यक नहीं कि व्यक्ति को भी स्पष्ट रूप से महसूस हो। 
  • व्यक्तिगत भिन्नताएँ: उम्र, पोषण, आनुवंशिक संरचना, जीवनशैली और त्वचा की स्थिति के आधार पर सप्लीमेंट्स का प्रभाव अलग-अलग हो सकता है।  

इसलिए भविष्य के शोधों में लंबे समय तक परीक्षण, पर्याप्त प्रतिभागियों और रोगियों द्वारा स्वयं महसूस किए गए परिणामों को शामिल करना आवश्यक है।

त्वचा को स्वस्थ रखने के लिए प्रभावी चिकित्सकीय उपाय 

त्वचा की उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को नियंत्रित करने के लिए केवल सप्लीमेंट्स पर निर्भर रहना उचित नहीं है। इसके लिए वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित उपायों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

  • सनस्क्रीन का नियमित उपयोग: यूवी किरणें त्वचा में कोलेजन को नुकसान पहुँचाती हैं। इसलिए व्यापक स्पेक्ट्रम (Broad Spectrum) वाला एसपीएफ 30 या उससे अधिक का सनस्क्रीन नियमित रूप से लगाना चाहिए। 
  • संतुलित पोषण: पर्याप्त प्रोटीन, विटामिन C, जिंक और अन्य सूक्ष्म पोषक तत्त्वों का सेवन शरीर में सामान्य कोलेजन निर्माण के लिए आवश्यक है। 
  • उचित त्वचा देखभाल: त्वचा की नमी बनाए रखना, नियमित सफाई और त्वचा के प्रकार के अनुरूप उत्पादों का उपयोग करना चाहिए। 
  • स्वस्थ जीवनशैली: धूम्रपान से बचना, पर्याप्त नींद लेना, नियमित व्यायाम करना और संतुलित आहार अपनाना त्वचा के स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है।
  • विशेषज्ञ की सलाह: झुर्रियों, त्वचा के ढीलेपन या अन्य समस्याओं के लिए त्वचा रोग विशेषज्ञ की सलाह के अनुसार रेटिनॉइड्स और अन्य प्रमाण-आधारित उपचारों पर विचार किया जा सकता है।   

उपभोक्ता स्वास्थ्य और नियामकीय जिम्मेदारी 

  • कोलेजन सप्लीमेंट्स की बढ़ती लोकप्रियता के साथ उपभोक्ताओं को इनके विज्ञापनों और वास्तविक वैज्ञानिक प्रमाणों के बीच अंतर समझना आवश्यक है। किसी उत्पाद का सुरक्षित होना या निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरना यह सुनिश्चित नहीं करता कि वह त्वचा को जवाँ बनाने में भी प्रभावी होगा। 
  • इसके लिए आवश्यक है कि उत्पादों के स्वास्थ्य संबंधी दावों को वैज्ञानिक प्रमाणों के आधार पर परखा जाए तथा उनकी गुणवत्ता, शुद्धता और संभावित दुष्प्रभावों की जानकारी उपभोक्ताओं तक पारदर्शी रूप से पहुँचाई जाए।  

निष्कर्ष

  • कोलेजन त्वचा की संरचना और स्वास्थ्य के लिए आवश्यक प्रोटीन है, लेकिन इसके सप्लीमेंट्स को त्वचा की उम्र बढ़ने का प्रमाणित उपचार मानना अभी उचित नहीं है। कुछ अध्ययनों में त्वचा के जलयोजन और लचीलेपन में सुधार के संकेत मिले हैं, लेकिन उनकी वैज्ञानिक विश्वसनीयता और दीर्घकालिक प्रभावशीलता को लेकर प्रश्न बने हुए हैं।
  • अतः त्वचा के स्वास्थ्य के लिए संतुलित पोषण, नियमित सनस्क्रीन का उपयोग, स्वस्थ जीवनशैली और प्रमाण-आधारित चिकित्सकीय देखभाल को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। चिकित्सा विज्ञान में किसी उत्पाद की लोकप्रियता नहीं, बल्कि उसकी प्रभावशीलता, सुरक्षा और विश्वसनीय वैज्ञानिक प्रमाण ही उसके उपयोग का आधार होने चाहिए।
« »
  • SUN
  • MON
  • TUE
  • WED
  • THU
  • FRI
  • SAT