इंडिया एआई मिशन समर्थित चैरियट-1 फाउंडेशन मॉडल्स

संदर्भ 

  • भारत के स्वदेशी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) इकोसिस्टम को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने इंडिया एआई मिशन के अंतर्गत समर्थित ‘चैरियट-1’ फाउंडेशन मॉडल्स का शुभारंभ किया। इन मॉडलों का विकास चैरियट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया है। 

चैरियट-1: भारत के बहुभाषी परिदृश्य के लिए एआई का विकास 

  • चैरियट-1 एलएलएम एक 11 अरब पैरामीटर वाला मिक्सचर-ऑफ-एक्सपर्ट्स मॉडल है, जिसमें प्रत्येक टोकन के लिए 4 अरब पैरामीटर सक्रिय होते हैं। भारत में शून्य से प्री-ट्रेनिंग के माध्यम से विकसित यह मॉडल तीन अलग-अलग आकारों में उपलब्ध है - 10.7 अरब, 1.7 अरब और 745 मिलियन पैरामीटर। इन्हें विभिन्न कंप्यूटिंग आवश्यकताओं और तकनीकी परिवेशों के अनुरूप तैयार किया गया है।

विशेषताएं:    

  • भाषा मॉडल के पूरक के रूप में ‘चैरियट-1’ टीटीएस विकसित किया गया है, जो अंग्रेजी और 10 भारतीय भाषाओं में आवाज उत्पन्न करने में सक्षम है। इन भारतीय भाषाओं में हिंदी, बंगाली, मराठी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, गुजराती, पंजाबी और उड़िया शामिल हैं।
  • इस स्पीच मॉडल की एक विशिष्ट क्षमता संदर्भ को समझना और यह निर्धारित करना है कि संख्याओं, तारीखों, मुद्राओं, माप की इकाइयों, यूआरएल और संक्षिप्त शब्दों का उच्चारण किस प्रकार किया जाना चाहिए। इससे अधिक स्वाभाविक और संदर्भ के अनुरूप आवाज उत्पन्न करना संभव होता है। यह वास्तविक जीवन में उपयोग होने वाली स्पीच तकनीकों के विकास की एक महत्वपूर्ण चुनौती का समाधान करता है। 
  • इस मॉडल ने एएसवाईएनसी टीटीएस प्रोननसिएशन बेंचमार्क पर 97 प्रतिशत से अधिक उच्चारण सटीकता दर्ज की है। इस बेंचमार्क में वास्तविक जीवन के 1,029 वाक्य और 42 श्रेणियों में गैर-मानक टेक्स्ट के 2,251 उदाहरण शामिल थे। इसके अतिरिक्त, मॉडल ने हिंदी में 7.60 प्रतिशत कैरेक्टर एरर रेट और नौ अन्य भारतीय भाषाओं में औसतन 6.47 प्रतिशत कैरेक्टर एरर रेट हासिल किया। रिपोर्ट में मूल्यांकन किए गए सिस्टमों के बीच ये सबसे कम त्रुटि दरें थीं। 

स्वदेशी अनुसंधान के माध्यम से बहुभाषी एआई को बढ़ावा

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘चैरियट’ टीम द्वारा विकसित तीन अनुसंधान नवाचारों का प्रस्तुतीकरण रहा, जिन्हें ‘चैरियट-1’ मॉडल के प्रशिक्षण में शामिल किया गया है। इनका उद्देश्य भारत की विविध भाषाई आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए भाषा प्रसंस्करण और मॉडल प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी बनाना है।

  • इंडिकशिफ्ट: यह एक ओपन-सोर्स तकनीक है, जो 12 भारतीय लिपियों के 1,012 वर्णों को 350 साझा अक्षरों के माध्यम से प्रस्तुत करती है। इससे भारतीय भाषाओं के टेक्स्ट को संसाधित करने में 2.5 गुना तक कम टोकन की आवश्यकता होती है तथा मॉडल के प्रदर्शन में 5–8 प्रतिशत तक सुधार होता है। 
  • नेस्टेड ट्रेनिंग: इस तकनीक के माध्यम से एक ही ट्रेनिंग प्रक्रिया में तीन अलग-अलग आकार के एआई मॉडल तैयार किए जा सकते हैं। इससे डेटा सेंटर से लेकर लैपटॉप और स्मार्टफोन तक विभिन्न उपकरणों पर मॉडल का उपयोग संभव होता है। साथ ही, प्रशिक्षण की गति में 62 प्रतिशत तक सुधार होता है। 
  • मिक्सचर ऑफ वोकैबुलरीज़: यह तकनीक मॉडल की शब्दावली को 11 समूहों में विभाजित कर शब्द चयन की प्रक्रिया को अधिक कुशल बनाती है। इससे शब्दावली के प्रसंस्करण में 5.7 गुना तक कमी और मॉडल प्रशिक्षण की गति में 38 प्रतिशत तक सुधार होता है।  
« »
  • SUN
  • MON
  • TUE
  • WED
  • THU
  • FRI
  • SAT