New
UPSC GS Foundation (Prelims + Mains) Batch | Starting from : 20 May 2024, 11:30 AM | Call: 9555124124

शॉर्ट न्यूज़: 03 सितम्बर, 2022

शॉर्ट न्यूज़: 03 सितम्बर, 2022


अभ्यास सिनर्जी

जी.एस.टी. राजस्व संग्रह 

पोर्ट वाइन स्टेन

वोस्तोक-2022

नुआखाई पर्व

तेजस मार्क-2

‘CAPF eAWAS’ वेब पोर्टल 


अभ्यास सिनर्जी

चर्चा में क्यों

हाल ही में, ‘सिनर्जी’ नामक साइबर सुरक्षा अभ्यास का आयोजन किया गया।

प्रमुख बिंदु

  • इलेक्ट्रानिक्स एवं आई.टी. मंत्रालय के तहत इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम (CERT-In) ने सिंगापुर की साइबर सुरक्षा एजेंसी (CSA) के सहयोग से 13 देशों के लिये अंतर्राष्ट्रीय रैनसमवेयर विरोधी पहल ‘रिजीलियन्स वर्किंग ग्रुप’ के हिस्से के रूप में साइबर सुरक्षा अभ्यास ‘सिनर्जी’ का सफलतापूर्वक संचालन किया।
  • ‘रिजीलियन्स वर्किंग ग्रुप’ का नेतृत्व भारत द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (NSCS) के नेतृत्व में किया जा रहा है।
  • इस अभ्यास का विषय ‘रैनसमवेयर हमलों से निपटने के लिये सुदृढ़ नेटवर्क बनाना’ था।
  • इस अभ्यास में प्रत्येक राज्य ने एक राष्ट्रीय संकट प्रबंधन टीम के रूप में भाग लिया, जिसमें राष्ट्रीय सी.ई.आर.टी., कानून प्रवर्तन एजेंसियों, संचार तथा आई.टी./आई.सी.टी. मंत्रालय और सुरक्षा एजेंसियों सहित विभिन्न सरकारी एजेंसियां शामिल थी।

उद्देश्य

इसका प्रमुख उद्देश्य रैनसमवेयर एवं जबरन वसूली की नीयत से किये गए साइबर हमलों के खिलाफ सुदृढ़ नेटवर्क बनाने के लिये सदस्य देशों के बीच विभिन्न रणनीतियों एवं कार्यप्रणालियों का आकलन व आदान-प्रदान करना और उन्हें बेहतर बनाना।
यह अभ्यास वास्तविक जीवन की साइबर घटनाओं पर आधारित था, जिसमें घरेलू स्तर की (सीमित प्रभाव वाली) रैनसमवेयर की एक घटना बड़ी होकर वैश्विक साइबर सुरक्षा संकट का रूप ले लेती है।


जी.एस.टी. राजस्व संग्रह 

चर्चा में क्यों 

अगस्त 2022 में जी.एस.टी. (GST) राजस्व संग्रह अगस्त 2021 में एकत्रित जी.एस.टी. राजस्व से 28% अधिक है।

gst

प्रमुख बिंदु 

  • इस महीने के दौरानमाल के आयात से प्राप्त राजस्व 57% अधिक था और घरेलू लेनदेन (सेवाओं के आयात सहितसे एकत्रित राजस्व पिछले वर्ष के इसी महीने के दौरान इन स्रोतों से प्राप्त राजस्व की तुलना में 19% अधिक है। 
  • लगातार 6 महीने से मासिक जी.एस.टी. राजस्व संग्रह 1.4 लाख करोड़ रुपए के आंकड़े को पार कर रहा है। अगस्त के महीने तक जी.एस.टी. संग्रह की प्रगति विगत वर्ष की इस अवधि की तुलना में 33% अधिक रही है। 
  • 16 राज्यों/केंद्र-शासित प्रदेशों ने अपने क्षेत्रों में जी.एस.टी. संग्रह में 20% से अधिक की वृद्धि दर्ज की है, भले ही अधिकांश 28% की राष्ट्रीय विकास दर से नीचे रहे हैं।

पोर्ट वाइन स्टेन

चर्चा में क्यों 

हाल ही में, सोवियत रूस के पूर्व राष्ट्रपति मिखाइल गोर्बाचेव की मृत्यु हो गई। उनके सिर पर एक बड़ा एवं गहरा लाल धब्बा था, जिसे ‘पोर्ट वाइन स्टेन’ (Port Wine Stain) कहते हैं।

president-mikhail-gorbachev

क्या होता है पोर्ट वाइन स्टेन 

  • पोर्ट वाइन स्टेन त्वचा पर गुलाबी या बैंगनी रंग का एक जन्मचिह्न या पैदाइशी निशान (Birthmark) होता है। इसे ‘नेवस फ्लेमियस’ (Nevus Flammeus) भी कहते हैं। 
  • अधिकांशत: पोर्ट वाइन स्टेन हानिरहित होते हैं किंतु कभी-कभी ये एक अंतर्निहित  स्वास्थ्य स्थिति का संकेत कर सकते हैं। 
  • पोर्ट वाइन स्टेन प्राय: अन्य किसी लक्षण या समस्या का कारण नहीं बनते हैं। ये दाग आमतौर पर लाल या गुलाबी रंग के रूप में शुरू होते हैं तथा समय के साथ गहरे बैंगनी या भूरे रंग में बदल सकते हैं। 
  • पोर्ट वाइन स्टेन वाली त्वचा पर खरोंच या चोट लगने पर रक्तस्राव का खतरा अधिक होता है। 
  • यह दाग आजीवन रहता है तथा रंग एवं बनावट में परिवर्तन के साथ कुछ मामलों में यह आयु बढ़ने के साथ हल्का भी हो सकता है। 

कारण 

  • पोर्ट वाइन स्टेन रक्त वाहिकाओं के असामान्य विकास के कारण होता है, जिसे कभी-कभी केशिका विकृति (Capillary Malformation) भी कहते हैं। गर्भावस्था के प्रारंभ में उत्परिवर्तन (Mutation) के कारण यह दाग विकसित हो होता है। 
  • केशिकाएँ अत्यधिक संकीर्ण होती हैं किंतु पोर्ट वाइन स्टेन में ये अत्यधिक विस्तृत हो जाती हैं, जिससे उनमें रक्त एकत्र हो जाता है। रक्त का यह संग्रह पोर्ट वाइन स्टेन को विशिष्ट रंग देता है। 
  • यह समस्या प्रति 350 बच्चों में से लगभग 1 बच्चे में होती है और लड़कों की तुलना में लड़कियों में अधिक पाई जाती है। 
  • दुर्लभ मामलों में पोर्ट वाइन स्टेन चेहरे पर एक गंभीर संवहनी (Vascular) स्थिति के साथ पाए गए हैं जिसे ‘स्टर्ज वेबर सिंड्रोम’ (Sturge Weber Syndrome) कहते हैं, जो मानसिक मंदता, ग्लूकोमा से अंधापन या स्ट्रोक का कारण बन सकता है। 
  • हाल के वर्षों में, पोर्ट वाइन स्टेन को दूर करने के लिये लेजर तकनीकों का उपयोग करना संभव हो गया है, हालाँकि इसके परिणाम हमेशा सही नहीं रहते हैं। 

वोस्तोक-2022

चर्चा में क्यों  

हाल ही में, भारतीय सैन्य दल ने रूस के पूर्वी सैन्य जिले सर्गेवेस्की में युद्धाभ्यास वोस्तोक-2022 में हिस्सा लिया। 

प्रमुख बिंदु 

  • वोस्तोक-2022 एक बहुस्तरीय सामरिक और कमान सैन्याभ्यास है, जो 1 से 7 सितंबर 2022 तक चलेगा। भारतीय सैन्य दल में 7/8 गोरखा राइफल्स के सैनिक शामिल हैं। 
  • इसका उद्देश्य दोनों प्रतिभागी सैन्य दलों तथा पर्यवेक्षकों के बीच आदान-प्रदान और समन्वय स्थापित करना है। 
  • इसमें संयुक्त मैदानी प्रशिक्षण अभ्यास, मुठभेड़ की प्रक्रिया पर चर्चा और हथियार चलाने का अभ्यास आदि शामिल हैं। 
  • भारतीय सैन्य दल व्यावहारिक पक्षों को साझा करेगा तथा सैन्य, प्रक्रियाओं और व्यवहारों का अभ्यास करेगा, जिनमें नई प्रौद्योगिकियों को भी सम्मिलित किया गया है। 

नुआखाई पर्व

चर्चा में क्यों 

हाल ही में, ओडिशा राज्य का सबसे बड़ा पर्व नुआखाई (Nuakhai) त्योहार मनाया गया। 

प्रमुख बिंदु 

  • नुआखाई का शाब्दिक अर्थ है- नया खाना। इस दौरान काटी गई नई फसल की पूजा की जाती है और लोग अपने परिवार के साथ चावल की नई फसल खाकर इसे मनाते हैं। 
  • नुआखाई एक संबलपुरी त्योहार है जो पश्चिमी ओडिशा में अत्यधिक लोकप्रिय है। यह क्षेत्र जनजातीय बहुल है जिनका मुख्य व्यवसाय कृषि है। 
  • इस त्योहार का उद्देश्य सामाजिक जुड़ाव का जश्न मनाना और पारिवारिक संबंधों को मज़बूत करना है। यह त्योहार किसानों द्वारा गणेश चतुर्थी के एक दिन बाद मनाया जाता है। 

उत्पत्ति 

  • इस त्योहार की उत्पत्ति वैदिक काल से हुई मानी जाती है जहाँ ऋषि पंचयज्ञ/ पांच्यजन (Panchyajna) पर चर्चा करते थे। प्रलंबन यज्ञ (Pralambana Yajna) इनमें से एक है, जो नई फसल काटने और देवी माँ की पूजा से संबंधित है।
  • 12वीं शताब्दी ई. से इस त्योहार की एक परंपरा रही है। यह त्यौहार चौहान राजा रमई देव द्वारा पटनागढ़ में मनाया जाता था, जो अब ओडिशा में बोलांगीर जिला है।
  • नुआखाई त्योहार कृषि की प्रासंगिकता और देश के विकास में किसानों की भूमिका को रेखांकित करता है। 
  • इस त्यौहार में बेहराना से नुआखाई तक 9 रस्में होती हैं और सभी रस्में जुहर भेट से समाप्त होती हैं।

तेजस मार्क-2

चर्चा में क्यों 

हाल ही में, मंत्रिमंडलीय सुरक्षा समिति ने तेजस मार्क-2 परियोजना को स्‍वीकृति प्रदान की है। 

प्रमुख बिंदु  

  • तेजस मार्क-2 स्वदेशी तेजस मल्टीरोल लड़ाकू यान का उन्नत संस्करण है। तेजस एक एकल इंजन और अत्यधिक फुर्तीला मल्टीरोल सुपरसोनिक लड़ाकू विमान है जिसे हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने निर्मित किया है। 
  • तेजस मार्क-2 को 4.5-पीढ़ी (4.5 G) की मशीन के रूप में वर्णित किया गया है जिसमें न केवल 70% स्वदेशीकरण होगा, बल्कि यह भारत में निर्मित होने वाली अधिक उन्नत तकनीकों को शामिल करेगा। 
  • तेजस 2.0 में अधिक शक्तिशाली GE-414 इंजन लगे होंगे, जो इसे मौजूदा तेजस मार्क-1 (GE-404 इंजन) की तुलना में लंबी लड़ाकू रेंज और हथियार ले जाने की अधिक क्षमता प्रदान करेगा। 
  • तेजस मार्क-2 बेहतर रडार और इलेक्ट्रॉनिक्स से लैस होगा और अधिक हथियार वाले पेलोड ले जाने में सक्षम होगा तथा इसकी भार वहन क्षमता चार टन होगी।

‘CAPF eAWAS’ वेब पोर्टल 

चर्चा में क्यों

हाल ही में, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने नई दिल्ली में ‘CAPF eAWAS’ नामक वेब पोर्टल का शुभारंभ किया गया। 

प्रमुख बिंदु

  • सरकार ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) की आवास संतुष्टि दर को बढ़ाने के लिये नए मकानों के निर्माण के अलावा मौजूदा आवास आवंटन नीति में सुधार किये हैं। 
  • आवंटन की इस संशोधित नीति को लागू करने और ऑनलाइन आवंटन द्वारा आवंटन प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिये के उद्देश्य से 'CAPF eAWAS' नाम से कॉमन वेब पोर्टल विकसित किया गया है। 
  • यह वेब पोर्टल सभी सी.ए.पी.एफ. और असम राइफल्स के योग्य कर्मियों को आवास के लिये ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवंटन की सुविधा प्रदान करेगा। 
  • यह पोर्टल माँग और कमी के विश्लेषण के आधार पर नए क्‍वार्टरों के निर्माण की योजना बनाने में भी सुविधा प्रदान करेगा। 

अन्य बिंदु 

केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत भारत के छह बलों- असम राइफल्स (AR), सीमा सुरक्षा बल (BSF), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) और सशस्त्र सीमा बल (SSB) को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के रूप में जाना जाता है। 


Have any Query?

Our support team will be happy to assist you!

OR