संदर्भ
- महिलाओं का सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तीकरण समावेशी एवं सतत विकास की आधारशिला है। इसी दिशा में ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय लैंगिक समानता अभियान ‘नई चेतना – पहल बदलाव की’ के पांचवें संस्करण यानी नई चेतना 5.0 का शुभारंभ 25 नवंबर, 2026 को किया जाएगा। यह दिन महिलाओं के विरुद्ध हिंसा के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाया जाता है।
- दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के अंतर्गत संचालित यह एक माह का राष्ट्रव्यापी अभियान 25 नवंबर से 23 दिसंबर, 2026 तक चलेगा। इसका उद्देश्य महिलाओं के विरुद्ध लैंगिक आधारित हिंसा को रोकना, आर्थिक भागीदारी बढ़ाना, समान अवसर उपलब्ध कराना तथा महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है।
नई चेतना 5.0 के बारे में
- नई चेतना 5.0 का मुख्य विषय “पहुंच से अधिकारिता तक: विकसित भारत के लिए आजीविका और समान अवसरों के माध्यम से महिलाओं का सशक्तीकरण” है। यह विषय इस बात पर जोर देता है कि महिलाओं की स्वतंत्र आवाजाही, सार्वजनिक स्थलों और आवश्यक सेवाओं तक पहुंच तथा आर्थिक अवसरों में भागीदारी उनके वास्तविक सशक्तीकरण के लिए आवश्यक हैं।
अभियान के चार प्रमुख क्षेत्र:
नई चेतना 5.0 में महिला आर्थिक सशक्तीकरण को केंद्र में रखते हुए चार प्रमुख परस्पर संबंधित क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
- महिलाओं को आर्थिक योगदानकर्ता के रूप में मान्यता: महिलाओं के आर्थिक योगदान को पहचानना तथा आजीविका, रोजगार और उद्यमिता में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करना।
- संपत्तियों तक पहुंच एवं नियंत्रण: महिलाओं को भूमि, आवास, वित्तीय संसाधनों और अन्य संपत्तियों पर अधिकार एवं नियंत्रण प्रदान करने की दिशा में प्रयास करना।
- सुरक्षित आवागमन को बढ़ावा: महिलाओं के लिए सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन, बाजारों, कार्यस्थलों और सार्वजनिक स्थानों तक स्वतंत्र पहुंच सुनिश्चित करना।
- अवैतनिक देखभाल कार्यों का समान वितरण: घरेलू कार्यों और बच्चों एवं परिवार के सदस्यों की देखभाल से जुड़ी जिम्मेदारियों में पुरुषों और महिलाओं की समान भागीदारी को प्रोत्साहित करना।
इन प्रयासों का उद्देश्य महिलाओं की आजीविका, वित्तीय सेवाओं, बाजारों और आवश्यक सुविधाओं तक पहुंच में आने वाली बाधाओं को दूर करना तथा उनकी निर्णय लेने की क्षमता और आर्थिक स्वायत्तता को मजबूत करना है।
नई चेतना 5.0 की प्रमुख पहलें एवं विशेषताएं:
1. 15 मंत्रालयों/विभागों की संयुक्त अंतर-मंत्रालयी परामर्शिका
- राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान 15 मंत्रालयों एवं विभागों की संयुक्त अंतर-मंत्रालयी परामर्शिका जारी की जाएगी। इसका उद्देश्य विभिन्न मंत्रालयों की योजनाओं, कार्यक्रमों और संस्थागत व्यवस्थाओं को अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप एकीकृत करना है। इसके माध्यम से राष्ट्रीय, राज्य, जिला और सामुदायिक स्तर पर समन्वित प्रयासों को बढ़ावा दिया जाएगा।
2. हिंसा-मुक्त ग्राम पहल
- अभियान के अंतर्गत हिंसा-मुक्त ग्राम पहल से संबंधित चतुर्पक्षीय समझौता ज्ञापन (MoU) जारी किया जाएगा। इस पर ग्रामीण विकास मंत्रालय, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, न्याय विभाग तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के बीच सहमति बनी है।
- इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण समुदायों में लैंगिक आधारित हिंसा की रोकथाम करना तथा हिंसा से प्रभावित महिलाओं को सहायता, कानूनी मार्गदर्शन और न्याय उपलब्ध कराने के लिए संस्थागत समन्वय मजबूत करना है। इसके अंतर्गत कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से हिंसा-मुक्त गांवों के निर्माण पर जोर दिया जाएगा।
3. सामुदायिक संस्थाओं एवं महिला नेतृत्व को मजबूती
- दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत कार्यरत स्वयं सहायता समूह (SHGs), ग्राम संगठन (VOs), क्लस्टर स्तरीय संघ (CLFs) तथा जेंडर रिसोर्स सेंटर अभियान के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
- कार्यक्रम के दौरान नए जेंडर रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन किया जाएगा। ये केंद्र महिलाओं को सरकारी योजनाओं, सहायता सेवाओं, कानूनी अधिकारों और शिकायत निवारण तंत्र से जोड़ने का कार्य करेंगे। विभिन्न राज्यों से आई स्वयं सहायता समूहों की महिला प्रतिनिधियां अपने अनुभव, नवाचार और सफल कार्यप्रणालियां भी साझा करेंगी।
4. दो महत्वपूर्ण पैनल चर्चाएं
अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में दो प्रमुख पैनल चर्चाएं आयोजित की जाएंगी।
- पहली चर्चा: जेंडर रिसोर्स सेंटर, वन स्टॉप सेंटर, विधिक सेवा प्राधिकरण और स्वास्थ्य प्रणाली के माध्यम से अंतर-मंत्रालयी समन्वय को मजबूत करना। इसमें महिलाओं को समयबद्ध सहायता और न्याय उपलब्ध कराने के लिए संस्थागत सहयोग पर विचार-विमर्श होगा।
- दूसरी चर्चा: 'मैदान से महिला नेतृत्व: अनुभव, नवाचार और भविष्य की दिशा'। इसमें जमीनी स्तर पर कार्यरत महिला नेतृत्वकर्ताओं द्वारा अपने अनुभव, सफल पहल और भविष्य के सुझाव साझा किए जाएंगे।
नई चेतना 4.0 की मूल्यांकन रिपोर्ट:
- कार्यक्रम के दौरान नई चेतना 4.0 की मूल्यांकन रिपोर्ट जारी की जाएगी। इसमें पिछले अभियान की उपलब्धियों, प्रभावों और प्रमुख सीख का विश्लेषण प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे भविष्य की गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाया जा सके। इसके अतिरिक्त, विभिन्न राज्यों की अच्छी कार्यप्रणालियों और समुदाय आधारित पहलों को प्रदर्शित करने वाले वीडियो भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
नई चेतना अभियान का महत्व एवं प्रभाव:
- नई चेतना अभियान की शुरुआत वर्ष 2022 में ग्रामीण विकास मंत्रालय के दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के नेतृत्व में की गई थी। तब से यह अभियान लैंगिक आधारित हिंसा की रोकथाम, भेदभावपूर्ण सामाजिक मान्यताओं को चुनौती देने और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने वाले राष्ट्रव्यापी जनआंदोलन के रूप में विकसित हुआ है।
- नई चेतना 5.0 इस अभियान को एक व्यापक सामाजिक एवं आर्थिक आयाम प्रदान करता है। यह केवल जागरूकता फैलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं की आर्थिक भागीदारी, संपत्ति पर अधिकार, सुरक्षित आवागमन, वित्तीय स्वतंत्रता और निर्णय लेने की क्षमता में वास्तविक सुधार लाने पर केंद्रित है।
- अभियान में पुरुषों, लड़कों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी को भी प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि समाज में समानता, साझा जिम्मेदारी और सम्मान की भावना विकसित हो सके।