सतत विकास के लिए ऊर्जा सुरक्षा का सुदृढ़ीकरण

संदर्भ 

  • भारत के स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन में जलविद्युत की भूमिका लगातार महत्त्वपूर्ण होती जा रही है। जल के प्राकृतिक प्रवाह से बिजली उत्पन्न करने वाली जलविद्युत ऊर्जा सुरक्षा, ग्रिड स्थिरता और विद्युत प्रणाली की मजबूती का एक विश्वसनीय आधार है। सौर और पवन ऊर्जा के विपरीत, जलविद्युत से आवश्यकता के अनुसार बिजली उत्पादन में बदलाव किया जा सकता है। इससे चौबीसों घंटे विद्युत आपूर्ति और ग्रिड संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार लघु जलविद्युत (एसएचपी) परियोजनाओं के विकास पर विशेष जोर दे रही है। इन परियोजनाओं के माध्यम से देश के अप्रयुक्त जल संसाधनों का उपयोग कर स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन बढ़ाने के साथ दूरदराज के क्षेत्रों तक बिजली पहुंचाने का लक्ष्य है। 
  • लघु जलविद्युत के अंतर्गत 25 मेगावाट तक की स्थापित क्षमता वाली परियोजनाएं आती हैं। हिमालयी राज्यों, पूर्वोत्तर भारत और देश के अन्य हिस्सों में इनके विकास की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। विशेष रूप से पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों में ये परियोजनाएं विकेंद्रीकृत बिजली उत्पादन का प्रभावी विकल्प बन सकती हैं।  

2,584.60 करोड़ रुपये की विकास योजना को मंजूरी 

  • लघु जलविद्युत परियोजनाओं को बढ़ावा देने के लिए नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) नोडल मंत्रालय है। भारत सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक की अवधि के लिए लघु जलविद्युत विकास योजना को मंजूरी दी है। इसके लिए 2,584.60 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया गया है। योजना के तहत लगभग 1,500 मेगावाट की अतिरिक्त लघु जलविद्युत क्षमता स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 
  • इस योजना में पहाड़ी, पूर्वोत्तर और अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है। परियोजनाओं की व्यवहार्यता बढ़ाने के लिए वित्तीय सहायता, विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने में सहयोग और तकनीकी क्षमता विकास जैसे उपाय शामिल किए गए हैं। 

 जानने योग्य 

भारत में बड़ी और लघु जलविद्युत परियोजनाओं के बीच मुख्य अंतर उनकी स्थापित क्षमता और संबंधित मंत्रालय के प्रशासनिक अधिकार क्षेत्र में निहित है। लघु जलविद्युत परियोजनाएँ (एसएचपी) वे परियोजनाएँ हैं, जिनकी स्थापित क्षमता 25 मेगावाट तक होती है और जिनका प्रशासन नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) द्वारा किया जाता है। इसके विपरीत, 25 मेगावाट से अधिक क्षमता वाली बड़ी जलविद्युत परियोजनाएँ विद्युत मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र में आती हैं।

  • वित्तीय सहायता के तहत पूर्वोत्तर राज्यों और अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे जिलों में 3.6 करोड़ रुपये प्रति मेगावाट अथवा परियोजना लागत का 30 प्रतिशत, जो भी कम हो, दिया जाएगा। इसकी अधिकतम सीमा प्रति परियोजना 30 करोड़ रुपये होगी। अन्य क्षेत्रों में परियोजना के आकार और स्थान के आधार पर 2.4 करोड़, 1.78 करोड़ या 2.054 करोड़ रुपये प्रति मेगावाट अथवा परियोजना लागत का 20 प्रतिशत, जो भी कम हो, सहायता दी जाएगी। इसकी अधिकतम सीमा 20 करोड़ रुपये प्रति परियोजना निर्धारित की गई है। 
  • इस योजना से लघु जलविद्युत क्षेत्र में लगभग 15,000 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित होने की उम्मीद है। साथ ही स्वदेशी संयंत्रों और मशीनरी, स्थानीय विनिर्माण तथा घरेलू आपूर्ति श्रृंखलाओं को प्रोत्साहन मिलेगा। 

200 परियोजनाओं की डीपीआर और 51 लाख मानव-दिवस रोजगार 

  • योजना के तहत कम से कम 200 लघु जलविद्युत परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने में सहायता दी जाएगी। इसके लिए केंद्रीय और राज्य एजेंसियों को 30 करोड़ रुपये का अलग आवंटन किया गया है। इससे भविष्य की परियोजनाओं की मजबूत पाइपलाइन तैयार होगी। निर्माण चरण के दौरान लगभग 51 लाख मानव-दिवस रोजगार सृजित होने की उम्मीद है। इसके अतिरिक्त परियोजनाओं के संचालन और रखरखाव में भी रोजगार के अवसर पैदा होंगे, जिससे ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों की स्थानीय अर्थव्यवस्था को लाभ मिलेगा। 

भारत में 21,134 मेगावाट लघु जलविद्युत क्षमता 

  • भारत में 7,133 चिह्नित स्थलों पर कुल 21,134 मेगावाट की संभावित लघु जलविद्युत क्षमता उपलब्ध है। 30 सितंबर 2026 तक इसमें से लगभग 5,182 मेगावाट क्षमता का दोहन किया जा चुका था, जो कुल क्षमता का करीब 25 प्रतिशत है। शेष 15,952 मेगावाट क्षमता का विकास किया जाना बाकी है। 
  • क्षेत्रवार देखें तो उत्तरी भारत में सर्वाधिक 8,030 मेगावाट की संभावित क्षमता है। दक्षिणी क्षेत्र में 5,490 मेगावाट, पूर्वोत्तर में 2,995 मेगावाट, पश्चिमी क्षेत्र में 2,912 मेगावाट और पूर्वी क्षेत्र में 1,707 मेगावाट क्षमता उपलब्ध है। यह वितरण देश के अलग-अलग भौगोलिक क्षेत्रों में लघु जलविद्युत विकास की व्यापक संभावनाओं को दर्शाता है। 

उत्तरी और पूर्वोत्तर भारत में विकास की व्यापक संभावनाएं 

  • उत्तरी क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश 3,460 मेगावाट की क्षमता के साथ अग्रणी है। उत्तराखंड में 1,664 मेगावाट, जम्मू-कश्मीर में 1,312 मेगावाट और लद्दाख में 396 मेगावाट की संभावित क्षमता मौजूद है। सदानीरा नदियों और अनुकूल जलविज्ञान के कारण यह क्षेत्र लघु जलविद्युत परियोजनाओं के लिए विशेष रूप से उपयुक्त है। 
  • पूर्वोत्तर क्षेत्र में कुल 2,995 मेगावाट की क्षमता उपलब्ध है। अरुणाचल प्रदेश 2,065 मेगावाट के साथ सबसे आगे है। इसके अलावा मेघालय में 230 मेगावाट, असम में 202 मेगावाट, नागालैंड में 182 मेगावाट, मिजोरम में 169 मेगावाट, मणिपुर में 100 मेगावाट और त्रिपुरा में 47 मेगावाट की क्षमता है। यहां परियोजनाओं का विकास दूरदराज और जनजातीय क्षेत्रों में बिजली की उपलब्धता बढ़ाने के साथ स्थानीय रोजगार को भी प्रोत्साहित कर सकता है। 

दक्षिणी, पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्रों की भूमिका 

  • दक्षिणी क्षेत्र में 5,490 मेगावाट की संभावित क्षमता है। कर्नाटक 3,726 मेगावाट के साथ अग्रणी है, जो क्षेत्र की कुल क्षमता का लगभग 68 प्रतिशत है। इसके बाद केरल में 647 मेगावाट और तमिलनाडु में 604 मेगावाट की क्षमता उपलब्ध है। मजबूत ऊर्जा अवसंरचना और बेहतर ग्रिड कनेक्टिविटी के कारण इस क्षेत्र में मौजूदा परियोजनाओं के विस्तार की अच्छी संभावनाएं हैं। 
  • पूर्वी क्षेत्र में 1,707 मेगावाट की क्षमता मौजूद है। इसमें बिहार की हिस्सेदारी 527 मेगावाट, पश्चिम बंगाल की 392 मेगावाट, ओडिशा की 286 मेगावाट, सिक्किम की 267 मेगावाट और झारखंड की 228 मेगावाट है। यहां लघु जलविद्युत परियोजनाएं ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति, कृषि उत्पादकता और आजीविका सुधारने में मदद कर सकती हैं। 
  • पश्चिमी क्षेत्र में कुल 2,912 मेगावाट की संभावित क्षमता है। छत्तीसगढ़ 1,098.20 मेगावाट के साथ सबसे आगे है, जबकि मध्य प्रदेश में 820 मेगावाट और महाराष्ट्र में 786 मेगावाट की क्षमता है। इस क्षेत्र में स्थापित क्षमता 730 मेगावाट है। सिंचाई नहरों और बांधों के निचले हिस्सों में परियोजनाएं स्थापित करके मौजूदा जल अवसंरचना का बेहतर उपयोग किया जा सकता है।

ऊर्जा सुरक्षा और ग्रामीण विकास को मिलेगा बढ़ावा 

  • लघु जलविद्युत परियोजनाएं बिजली उत्पादन के साथ सामाजिक और आर्थिक विकास में भी योगदान देती हैं। मांग केंद्रों के निकट बिजली उत्पादन होने से पारेषण हानियां कम होती हैं और दूरदराज के क्षेत्रों में बिजली की उपलब्धता बेहतर बनती है। बड़ी जलविद्युत परियोजनाओं की तुलना में इनमें सामान्यतः कम भूमि की आवश्यकता होती है। हालांकि, परियोजनाओं का विकास करते समय स्थानीय पारिस्थितिकी और नदी के प्राकृतिक प्रवाह का ध्यान रखना आवश्यक है।
  • इनसे निर्माण और संचालन के दौरान रोजगार, स्थानीय उद्योगों को प्रोत्साहन और क्षेत्रीय अवसंरचना का विकास संभव है। सौर और पवन ऊर्जा के पूरक के रूप में ये परियोजनाएं भारत के ऊर्जा मिश्रण को अधिक विविध और विश्वसनीय बना सकती हैं। 

निष्कर्ष 

  • लघु जलविद्युत विकास योजना (2026-31) भारत की स्वच्छ ऊर्जा यात्रा में एक महत्त्वपूर्ण पहल है। 2,584.60 करोड़ रुपये के बजटीय प्रावधान और 1,500 मेगावाट अतिरिक्त क्षमता के लक्ष्य के साथ यह योजना देश की अप्रयुक्त जलविद्युत क्षमता के दोहन का रास्ता खोलेगी। वित्तीय सहायता, निवेश, स्वदेशी विनिर्माण और रोजगार सृजन के माध्यम से यह विशेष रूप से पहाड़ी, सीमावर्ती और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को गति दे सकती है। यद्यपि आने वाले वर्षों में लघु जलविद्युत भारत की ऊर्जा सुरक्षा, ग्रिड स्थिरता और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के साथ सतत एवं स्वच्छ ऊर्जा भविष्य के निर्माण में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। 
« »
  • SUN
  • MON
  • TUE
  • WED
  • THU
  • FRI
  • SAT