भारतीय संसद की कार्यप्रणाली में सत्र का स्थगन और सत्रावसान दो अलग-अलग प्रक्रियाएं हैं। आमतौर पर संसद के किसी सत्र की अंतिम बैठक के बाद सदनों को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया जाता है और कुछ दिनों के भीतर राष्ट्रपति द्वारा उनका सत्रावसान कर दिया जाता है। हालांकि, वर्तमान में संसद का मानसून सत्र इस सामान्य परंपरा से अलग चर्चा में है। मानसून सत्र की अंतिम बैठक के समापन पर 13 अगस्त 2026 को लोकसभा और राज्यसभा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था, लेकिन 23 नवंबर 2026 तक उनका औपचारिक सत्रावसान नहीं हुआ है। इस तरह यह अवधि 100 दिनों से अधिक हो चुकी है और इसे भारतीय संसदीय इतिहास की सबसे लंबी सत्रावसान-रहित अवधियों में गिना जा रहा है।
इस घटनाक्रम ने संसद के सत्र बुलाने, स्थगित करने और सत्रावसान करने से जुड़े संवैधानिक प्रावधानों पर चर्चा तेज कर दी है। साथ ही यह सवाल भी उठ रहा है कि जब संसद का सत्र औपचारिक रूप से समाप्त नहीं हुआ है, तो क्या सदनों की बैठक दोबारा बुलाई जा सकती है और इसके क्या राजनीतिक एवं संसदीय निहितार्थ हैं?
संसद के सत्र से जुड़े संवैधानिक प्रावधान
भारतीय संविधान का अनुच्छेद 85 संसद के सत्र बुलाने, सत्रावसान और लोकसभा के विघटन से संबंधित प्रावधान करता है। इसके अनुसार, राष्ट्रपति समय-समय पर संसद के दोनों सदनों की बैठक बुलाते हैं। यह प्रक्रिया मंत्रिपरिषद की सलाह पर होती है। संविधान में स्पष्ट किया गया है कि संसद के एक सत्र की अंतिम बैठक और अगले सत्र की पहली बैठक के बीच छह महीने से अधिक का अंतर नहीं होना चाहिए।
इस प्रावधान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि संसद नियमित रूप से बैठक करे और विधायी तथा अन्य महत्त्वपूर्ण कार्यों के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध रहें। इस प्रकार वर्ष में कम से कम दो संसदीय सत्र आयोजित करना आवश्यक है। हालांकि, संसदीय परंपरा के अनुसार सामान्यतः तीन सत्र आयोजित किए जाते हैं। इनमें फरवरी से मई तक बजट सत्र, जुलाई-अगस्त में मानसून सत्र और नवंबर-दिसंबर में शीतकालीन सत्र शामिल हैं।
स्थगन और सत्रावसान में अंतर
संसद की कार्यवाही में स्थगन (Adjournment), अनिश्चितकालीन स्थगन (Adjournment Sine Die), सत्रावसान (Prorogation) और विघटन (Dissolution) अलग-अलग प्रक्रियाएं हैं।
स्थगन :स्थगन का अर्थ है सदन की बैठक को किसी निर्धारित समय या तारीख तक रोकना। यह निर्णय लोकसभा में अध्यक्ष और राज्यसभा में सभापति लेते हैं। जब सदन की बैठक बिना अगली बैठक की तारीख निर्धारित किए समाप्त कर दी जाती है, तो इसे 'Adjournment Sine Die' कहा जाता है। इसका अर्थ यह नहीं है कि संसदीय सत्र समाप्त हो गया है, बल्कि केवल सदन की बैठक अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुई है।
सत्रावसान : सत्रावसान किसी सत्र की औपचारिक समाप्ति है। संविधान के अनुच्छेद 85(2)(a) के तहत राष्ट्रपति सदनों या किसी एक सदन का सत्रावसान कर सकते हैं। सामान्यतः यह प्रक्रिया सदन के अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बाद पूरी की जाती है।
विघटन :विघटन (Dissolution) मुख्य रूप से लोकसभा से संबंधित है। इसके तहत लोकसभा का कार्यकाल समाप्त हो जाता है। इस प्रकार स्थगन और सत्रावसान के दौरान सदन का अस्तित्व बना रहता है, जबकि विघटन से लोकसभा का वर्तमान कार्यकाल समाप्त हो जाता है।
संसद का मानसून सत्र अब तक सत्रावसान के बिना क्यों है?
वर्ष 2026 के मानसून सत्र की अंतिम बैठक 13 अगस्त को हुई थी। इसके बाद दोनों सदनों को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया, लेकिन राष्ट्रपति की ओर से सत्रावसान का आदेश जारी नहीं हुआ। इस स्थिति का एक महत्त्वपूर्ण पहलू यह है कि संविधान में सदन के अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बाद सत्रावसान करने के लिए कोई निश्चित समय-सीमा निर्धारित नहीं की गई है।
19 अक्टूबर 2026 को संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी स्पष्ट किया था कि सदन के अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बाद उसके सत्रावसान के लिए संविधान में कोई निर्धारित समय-सीमा नहीं है। उन्होंने कहा था कि 13 अगस्त के बाद 64 दिनों तक सत्रावसान नहीं होना संवैधानिक या प्रक्रियागत अनियमितता नहीं है। उन्होंने पूर्व के उदाहरणों का भी उल्लेख किया था।
बिना सत्रावसान के दोबारा बुलाई जा सकती है संसद की बैठक
इस पूरी प्रक्रिया का एक महत्त्वपूर्ण पहलू यह है कि यदि सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है, लेकिन उसका सत्रावसान नहीं हुआ है, तो उसकी बैठक दोबारा बुलाई जा सकती है।
लोकसभा के प्रक्रिया एवं कार्य संचालन नियमों के नियम 15 के तहत अध्यक्ष को सदन की बैठक दोबारा बुलाने का अधिकार है। इसी तरह राज्यसभा के नियमों के अनुसार सभापति सदन की बैठक के दिन और समय निर्धारित कर सकते हैं। इसका अर्थ है कि सत्रावसान नहीं होने की स्थिति में संसद की बैठक कम समय के नोटिस पर भी आयोजित की जा सकती है।
संसदीय कार्य मंत्रालय की आधिकारिक हैंडबुक के अनुसार, सामान्यतः नया सत्र बुलाने के लिए सदस्यों को लगभग 15 दिन पहले सूचना देने की व्यवस्था की जाती है, ताकि वे प्रश्नों और संसदीय कार्यों की तैयारी कर सकें। हालांकि, विशेष परिस्थितियों में इससे कम समय में भी बैठक बुलाने के उदाहरण मौजूद हैं।
पूर्व उदाहरण:
भारतीय संसदीय इतिहास में सदनों के लंबे समय तक सत्रावसान के बिना रहने के उदाहरण पहले भी मिलते हैं। वर्ष 1987 में आठवीं लोकसभा का सत्र 12 मई को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया गया था, लेकिन उसका सत्रावसान तत्काल नहीं हुआ। बाद में लोकसभा अध्यक्ष ने नियम 15 के तहत 27 जुलाई से 28 अगस्त तक सदन की बैठक दोबारा आयोजित कराई। अंततः 3 सितंबर 1987 को सत्रावसान किया गया।
संसदीय कार्य मंत्रालय की हैंडबुक इस उदाहरण को विशेष रूप से दर्ज करती है। यह बताता है कि सत्रावसान से पहले भी सदन की बैठक दोबारा बुलाने की संवैधानिक और प्रक्रियागत व्यवस्था मौजूद है।
परिसीमन विधेयक
मानसून सत्र का सत्रावसान नहीं किए जाने के पीछे परिसीमन से संबंधित प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक को लेकर भी अटकलें लगाई गई थीं। माना जा रहा था कि सरकार इस विधेयक पर विचार और उसे पारित कराने के लिए कम समय के नोटिस पर संसद की बैठक बुला सकती है। हालांकि, शीतकालीन सत्र का निर्धारित समय नजदीक आने के कारण इस संभावना की प्रासंगिकता कम हो गई है।
इस बीच यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि सत्रावसान नहीं होने से संसद की विधायी प्रक्रिया अपने आप बाधित नहीं होती। लोकसभा सचिवालय के अनुसार, सत्रावसान के बाद भी सदनों में लंबित विधेयक सामान्यतः समाप्त नहीं होते। इसके विपरीत, लोकसभा के विघटन पर लंबित विधायी कार्यों की स्थिति अलग होती है।
संसद के कामकाजी दिनों में कमी चिंता का विषय
संसद के सत्रावसान को लेकर चल रही चर्चा के बीच एक बड़ा मुद्दा सदनों की कार्यक्षमता और वार्षिक बैठक दिवसों में कमी का भी है। पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च के आंकड़ों के अनुसार, पहली लोकसभा में औसतन 135 दिन सालाना बैठकें होती थीं, जबकि 17वीं लोकसभा में यह औसत घटकर लगभग 55 दिन रह गया। 17वीं लोकसभा ने अपने पांच साल के कार्यकाल में कुल 274 बैठकें कीं।
निष्कर्ष
वस्तुतः संसद का लंबे समय तक सत्रावसान के बिना रहना भले ही संवैधानिक रूप से प्रतिबंधित न हो, लेकिन यह संसदीय परंपराओं और कार्यप्रणाली के लिहाज से महत्त्वपूर्ण विषय है। संविधान का अनुच्छेद 85 संसद की नियमित बैठक सुनिश्चित करता है, जबकि संसदीय नियम सदनों को आवश्यकता पड़ने पर दोबारा बुलाने की व्यवस्था प्रदान करते हैं।
हालांकि, भारतीय लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए केवल संवैधानिक प्रक्रियाओं का पालन पर्याप्त नहीं है। संसद के बैठक दिवस बढ़ाना, विधायी प्रस्तावों पर पर्याप्त चर्चा सुनिश्चित करना और सरकार तथा विपक्ष के बीच सार्थक संवाद बनाए रखना भी जरूरी है। इससे संसद की जवाबदेही, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक भूमिका को और मजबूती मिलेगी।