वित्तीय समावेशन (Financial Inclusion) का उद्देश्य समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को औपचारिक बैंकिंग और ऋण सुविधाओं से जोड़ना है। इसमें सूक्ष्म वित्त (Microfinance) की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। लेकिन यदि ऋण देने की प्रक्रिया में कर्जदार की वास्तविक आय, पुनर्भुगतान क्षमता और सहमति का उचित आकलन न हो, तो यही सुविधा परिवारों को ऋण जाल (Debt Trap) में भी धकेल सकती है। इसी चुनौती को देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने सूक्ष्म वित्त उद्योग की 50% घरेलू पुनर्भुगतान सीमा में ढील देने की मांग पर सख्त रुख अपनाया है। नियामक का स्पष्ट संदेश है कि वित्तीय समावेशन की कीमत पर घरेलू परिवारों को अत्यधिक कर्ज में नहीं डाला जा सकता।
सूक्ष्म वित्त क्षेत्र का आकार और वर्तमान स्थिति
सूक्ष्म वित्त ऐसी वित्तीय व्यवस्था है, जिसके अंतर्गत कम आय वाले परिवारों, ग्रामीण महिलाओं और असंगठित क्षेत्र के छोटे उद्यमियों को छोटे मूल्य के बिना गारंटी वाले ऋण, सूक्ष्म बचत और बीमा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। आरबीआई के 2022 के नियामकीय ढांचे के अनुसार, ₹3 लाख तक की वार्षिक घरेलू आय वाले परिवारों को दिए गए बिना संपार्श्विक ऋण सूक्ष्म वित्त ऋण की श्रेणी में आते हैं।
SIDBI-Equifax Microfinance Pulse Report के जून 2026 के आंकड़ों के अनुसार, इस क्षेत्र में 7.15 करोड़ सक्रिय ऋण खाते और 6.6 करोड़ कर्जदार थे। कुल बकाया ऋण पोर्टफोलियो ₹2.69 लाख करोड़ से ₹3.26 लाख करोड़ के बीच रहा। अप्रैल-जून 2026 के दौरान ऋण वितरण 17% बढ़कर ₹62,302 करोड़ हो गया। हालांकि, शुरुआती स्तर की ऋण चूक 6.1% से घटकर 1.9% हुई, लेकिन 180 दिनों से अधिक समय से बकाया ऋणों का अनुपात 17.4% बना रहा। यह पुराने ऋण संकट की गंभीरता को दर्शाता है।
बैंकों का सूक्ष्म वित्त पोर्टफोलियो लगभग ₹83,080 करोड़ है, जो उद्योग के कुल पोर्टफोलियो का लगभग एक-चौथाई है। ग्रामीण उपभोग, महिला उद्यमिता और आजीविका के वित्तपोषण में इस क्षेत्र का प्रभाव इसके प्रत्यक्ष बैंकिंग योगदान से कहीं व्यापक है।
सूक्ष्म वित्त के नियमन की आवश्यकता
इस क्षेत्र में नियमन की पहली आवश्यकता घरेलू अत्यधिक ऋणग्रस्तता को रोकना है। कम आय वाले परिवार अपनी आय का बड़ा हिस्सा भोजन, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यकताओं पर खर्च करते हैं। ऐसे में कई संस्थानों से एक साथ ऋण लेने पर उनकी पुनर्भुगतान क्षमता प्रभावित होती है। महंगाई, महंगे परिवहन और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतें इस समस्या को और गंभीर बना सकती हैं।
दूसरी चुनौती छद्म सहमति (Pseudo-Consent) और गलत बिक्री (Mis-selling) की है। सीमित वित्तीय साक्षरता के कारण कई कर्जदार ऋण की वास्तविक लागत, ब्याज दर और अतिरिक्त शुल्क समझे बिना दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर देते हैं। कुछ मामलों में ऋण के साथ बीमा या अन्य वित्तीय उत्पाद खरीदने का दबाव भी बनाया जा सकता है।
इसके अतिरिक्त, छिपे हुए प्रोसेसिंग शुल्क, अनुचित ब्याज दरें और कठोर वसूली प्रक्रियाएं कर्जदारों के हितों को नुकसान पहुंचा सकती हैं। स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर ऋण चूक होने से NBFC-MFIs और छोटे वित्त बैंकों की वित्तीय स्थिरता भी प्रभावित हो सकती है।
आरबीआई का नियामकीय रुख और प्रमुख प्रावधान
आरबीआई ने 14 मार्च 2022 को सभी प्रमुख विनियमित ऋणदाताओं के लिए सूक्ष्म वित्त ऋण का समान नियामकीय ढांचा लागू किया। इसके तहत किसी परिवार की कुल मासिक ऋण पुनर्भुगतान देनदारी उसकी मासिक आय के 50% से अधिक नहीं हो सकती। इस गणना में सभी मौजूदा ऋणों का मूलधन और ब्याज दोनों शामिल होते हैं। इसका उद्देश्य परिवार की वास्तविक ऋण चुकाने की क्षमता को ध्यान में रखना है।
उद्योग संगठन एमएफआईएन का तर्क है कि ₹3 लाख की आय सीमा में महंगाई और आय वृद्धि के अनुरूप संशोधन होना चाहिए। वहीं, उद्योग की एक मांग यह भी है कि एफओआईआर की गणना में कुछ ऋणों के मूलधन को बाहर रखा जाए। आरबीआई का मानना है कि ऐसा करने से परिवारों की वास्तविक देनदारी कम दिखाई देगी और अत्यधिक ऋणग्रस्तता का जोखिम बढ़ सकता है।
कर्जदारों की सुरक्षा के लिए आरबीआई ने 15 अप्रैल 2024 को सभी विनियमित संस्थाओं के खुदरा और एमएसएमई सावधि ऋणों के लिए मुख्य तथ्य विवरण (Key Facts Statement-KFS) के निर्देश जारी किए। इसके तहत ऋण की वार्षिक प्रतिशत लागत (APR), ब्याज और अन्य शुल्कों का स्पष्ट उल्लेख करना अनिवार्य है। केएफसी कर्जदार की समझ में आने वाली भाषा में दिया जाना चाहिए और उसकी विषयवस्तु समझाकर यह स्वीकारोक्ति लेनी चाहिए कि उसने शर्तें समझ ली हैं।
इसके अलावा, 15 जून 2026 को आरबीआई ने विज्ञापन, विपणन और वित्तीय उत्पादों की बिक्री से संबंधित नए जिम्मेदार व्यावसायिक आचरण निर्देश जारी किए, जो 1 जनवरी 2027 से प्रभावी होंगे। इनका उद्देश्य भ्रामक डिजिटल प्रक्रियाओं, गलत बिक्री और तीसरे पक्ष के उत्पादों की अनुचित बिक्री पर नियंत्रण करना है।
नियमन के सामने प्रमुख चुनौतियां
आरबीआई के सामने सबसे बड़ी चुनौती ऋण अनुशासन और वित्तीय समावेशन के बीच संतुलन बनाना है। बहुत कठोर नियमों से सीमांत परिवार औपचारिक ऋण व्यवस्था से बाहर हो सकते हैं और अनौपचारिक साहूकारों पर उनकी निर्भरता बढ़ सकती है।
दूसरी समस्या ग्रामीण आय का सही आकलन है। कृषि और असंगठित क्षेत्र में आय मौसमी तथा नकद आधारित होती है। इसलिए परिवार की वास्तविक आय और मौजूदा देनदारियों का सत्यापन कठिन है।
इसके अलावा, एमएफआईएन और Sa-Dhan जैसे स्व-नियामक संगठनों (SROs) के सामने हितों के टकराव की चुनौती है, क्योंकि वे उद्योग के प्रतिनिधित्व के साथ सदस्य संस्थानों की निगरानी में भी भूमिका निभाते हैं।
आगे की राह
सूक्ष्म वित्त को टिकाऊ बनाने के लिए सबसे पहले ग्रामीण परिवारों की आय और नकदी प्रवाह का बेहतर आकलन जरूरी है। क्रेडिट ब्यूरो डेटा, अकाउंट एग्रीगेटर व्यवस्था और ग्रामीण क्रेडिट स्कोर का उपयोग इस दिशा में सहायक हो सकता है।
दूसरा, केएफसी को स्थानीय भाषा में समझाने के साथ ऑडियो-विजुअल माध्यमों और स्पष्ट डिजिटल सहमति को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। स्व-नियामक संगठनों (SROs) में स्वतंत्र निगरानी और जवाबदेही मजबूत करने की भी आवश्यकता है। साथ ही, सूक्ष्म ऋण को केवल उपभोग तक सीमित रखने के बजाय महिला उद्यमिता, छोटे व्यवसायों और उत्पादक आजीविका से जोड़ना चाहिए।
निष्कर्ष
सूक्ष्म वित्त की सफलता केवल ऋण वितरण की मात्रा से नहीं, बल्कि कर्जदार परिवारों की आर्थिक स्थिति में आए सुधार से मापी जानी चाहिए। वस्तुतः आरबीआई का 50% पुनर्भुगतान सीमा पर कायम रहना इसी दृष्टिकोण को दर्शाता है। वित्तीय समावेशन तभी सार्थक होगा, जब ऋण गरीब परिवारों के लिए आर्थिक अवसर बने, न कि स्थायी वित्तीय बोझ। जिम्मेदार ऋण व्यवस्था, पारदर्शिता और कर्जदार की सूचित सहमति ही इस क्षेत्र की दीर्घकालिक स्थिरता का आधार बन सकती है।