संदर्भ
हाल ही में नीति आयोग ने सिविल सर्विसेज ऑफिसर्स इंस्टीट्यूट (CSOI), केजी मार्ग, नई दिल्ली में "इंडिया एसएंडटी स्कोरबोर्ड" का शुभारंभ किया। इस स्कोरबोर्ड का अनावरण नीति आयोग के उपाध्यक्ष श्री अशोक कुमार लाहिड़ी ने किया।
इंडिया एसएंडटी स्कोरबोर्ड के बारे में
- नीति आयोग की एक प्रमुख पहल के रूप में विकसित यह स्कोरबोर्ड एक इंटरैक्टिव प्लेटफॉर्म है, जो भारतीय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिदृश्य का एक एकीकृत दृश्य प्रदान करता है।
- इसे राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के बीच साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण और बेंचमार्किंग को सुगम बनाने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
सुविधाएं:
- यह स्कोरबोर्ड उच्च शिक्षण संस्थानों, अनुसंधान एवं विकास (R&D) संस्थानों, डीप-टेक स्टार्टअप्स और इनक्यूबेटर्स सहित एसएंडटी इकोसिस्टम के डेटा के साथ-साथ शोध प्रकाशनों और पेटेंट जैसे एसएंडटी आउटपुट के डेटा को एक साथ लाता है। आउटपुट की मात्रा से आगे बढ़कर, यह प्राथमिक अनुसंधान क्षेत्रों और तीन क्षेत्रों-अकादमिक, सरकारी अनुसंधान एवं विकास प्रयोगशालाएं और उद्योग-में शोध की गुणवत्ता, प्रभाव, सहयोग और ओपन एक्सेस के संकेतकों को प्रस्तुत करता है।
- यह राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के बीच तुलना की सुविधा भी देता है और राज्य नीतियों और सर्वोत्तम प्रथाओं (बेस्ट प्रैक्टिसेज) सहित विस्तृत राज्य प्रोफाइल प्रदान करता है।
महत्त्व:
- राज्यों के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह मंच उनकी योजना निर्माण में सहायता करेगा तथा राज्य स्तर पर विज्ञान और प्रौद्योगिकी में संस्थागत क्षमता और कुशल मानव संसाधन विकसित करने में मददगार साबित होगा।
- परिचर्चा में इस बात की पुष्टि हुई कि राज्य स्तर पर विज्ञान और प्रौद्योगिकी का एक विश्वसनीय और तुलनीय साक्ष्य आधार राज्य एसएंडटी इकोसिस्टम को मजबूत करने तथा विकसित भारत@2047 के विजन की दिशा में भारत की यात्रा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।