भारतीय मुद्रा की संरचना 

संदर्भ 

वर्तमान में किसी विशेष राजनीतिक दल द्वारा भारतीय मुद्रा पर देवी-देवताओं की तस्वीरों को स्थापित करने की माँग की गई है। इससे पूर्व भी भारतीय मुद्राओं पर स्वतंत्रता सेनानियों की तस्वीरों के प्रयोग को लेकर माँग उठ चुकी है। 

भारतीय मुद्रा की संरचना का निर्धारण

बैंक नोटों और सिक्कों के डिजाइन एवं रूप में परिवर्तन भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) और केंद्र सरकार द्वारा किया जाता है। उल्लेखनीय है कि नोट के डिजाइन में किसी भी बदलाव के लिये आर.बी.आई. के केंद्रीय बोर्ड और केंद्र सरकार द्वारा अनुमोदन की आवश्यकता होती है। जबकि सिक्कों के डिजाइन में परिवर्तन केंद्र सरकार का विशेषाधिकार है।

नोटों को जारी करना 

  • आर.बी.आई. का मुद्रा प्रबंधन विभाग नोटों का डिजाइन तैयार करता है जिसे स्वीकृति के लिये आर.बी.आई. के केंद्रीय बोर्ड के समक्ष रखा जाता है। 
  • भारतीय रिज़र्व बैंक अधिनियम, 1934 की धारा 22 आर.बी.आई. को भारत में बैंक नोट जारी करने का एकाधिकार प्रदान करती है। 
    • हालाँकि अधिनियम की धारा 25 के अनुसार, बैंक नोटों के डिज़ाइन, रूप और सामग्री से संबंधित आर.बी.आई. के केंद्रीय बोर्ड की सिफारिशों पर केंद्र सरकार से अंतिम मंजूरी प्राप्त करनी होती है। 
  • भारत के दो करेंसी नोट प्रिंटिंग प्रेस नासिक और देवास में स्थापित है। ये प्रिंटिंग प्रेस भारत सरकार के स्वामित्व में हैं। जबकि दो अन्य प्रेस मैसूरु और सालबोनी में स्थापित है, जो भारतीय रिज़र्व बैंक के पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी, भारतीय रिज़र्व बैंक नोट मुद्रण लिमिटेड (BRBNML) के स्वामित्व में हैं।    

आर.बी.आई. द्वारा मुद्रा का प्रबंधन

आर.बी.आई. के मुद्रा प्रबंधन विभाग का मुख्य कार्य मुद्रा का प्रबंधन करना है। वर्तमान में इस विभाग के अध्यक्ष आर.बी.आई. के डिप्टी गवर्नर टी. रबी शंकर है। इस विभाग के प्रमुख कार्यों में शामिल है-

  • बैंक नोटों के डिजाइन का निर्धारण करना; 
  • नोटों और सिक्कों की माँग का पूर्वानुमान लगाना; 
  • पूरे देश में नोटों और सिक्कों का सुचारू वितरण सुनिश्चित करना; 
  • प्रचलन से अनुपयुक्त हो चुके नोटों और सिक्कों की पुनर्प्राप्ति सुनिश्चित करना; 
  • बैंक नोटों की अखंडता सुनिश्चित करना। 

सिक्कों की ढलाई

  • सिक्का अधिनियम, 2011 केंद्र सरकार को विभिन्न मूल्य वर्ग के सिक्कों को डिजाइन करने और ढालने की शक्ति प्रदान करता है।
  • विदित है कि केंद्र सरकार द्वारा आपूर्ति किये जाने वाले सिक्कों के वितरण का कार्य आर.बी.आई. द्वारा किया जाता है।
  • वर्तमान में मुंबई, हैदराबाद, कोलकाता और नोएडा में भारत सरकार के स्वामित्व वाली चार टकसालों मेंसिक्कों की ढलाई की जाती हैं। 

भारत में जारी नोटों के विभिन्न प्रकार

अशोक स्तंभ शृंखला

1949 में जारी

किंग जॉर्ज के चित्र के स्थान पर सारनाथ के अशोक स्तंभ के प्रतीक का अंकन 

महात्मा गांधी शृंखला

1996 में जारी 

अशोक स्तंभ के प्रतीक के स्थान पर महात्मा गांधी का चित्र अंकित 

महात्मा गांधी शृंखला

2005 में जारी 

  • महात्मा गांधी के चित्र के साथ 10 , 20 , 50 , 100 , 500 और 1,000 रुपए के मूल्यवर्ग में नोट जारी
  • 500 और 1,000 रुपए के नोटों को 8 नवंबर, 2016 की मध्यरात्रि से वापस ले लिया गया

महात्मा गांधी (नई) श्रृंखला

2016 में जारी 

  • नई श्रृंखला का पहला नोट 2,000 रुपए मूल्यवर्ग का 8 नवंबर, 2016 को मंगलयान की थीम के साथ प्रस्तुत किया गया। 
  • तत्पश्चात् इस श्रृंखला में 500, 200 , 100 , 50, 20  और 10 रुपए के मूल्यवर्ग में नए बैंक नोट प्रस्तुत किये गए।
« »
  • SUN
  • MON
  • TUE
  • WED
  • THU
  • FRI
  • SAT

Download Free Study Material

Enter your details to download the PDF.

Verify once. Download for 7 days. Your details are used for download access and verification.