New
UPSC GS Foundation (Prelims + Mains) Batch | Starting from : 20 May 2024, 11:30 AM | Call: 9555124124

वैश्विक जलवायु की स्थिति रिपोर्ट, 2023: विश्व मौसम विज्ञान संगठन

प्रारंभिक परीक्षा- समसामयिकी, वैश्विक जलवायु की स्थिति रिपोर्ट, 2023, विश्व मौसम विज्ञान संगठन
मुख्य परीक्षा- सामान्य अध्ययन, पेपर- 3, पर्यावरण प्रभाव का आकलन

संदर्भ:

  • 19 मार्च, 2024 को विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) ने अपनी वार्षिक वैश्विक जलवायु की स्थिति रिपोर्ट, 2023’ (State of the Climate report, 2023) जारी की। 
  • इसमें कहा गया कि वर्ष 2023 अभी तक का सबसे गर्म वर्ष रहा।

climate-change

मुख्य बिंदु:

  • इस रिपोर्ट को विश्व मौसम विज्ञान दिवस से पहले जारी किया गया है, जिसे प्रत्येक वर्ष 23 मार्च को मनाया जाता है।
  • रिपोर्ट के अनुसार जलवायु प्रणाली के अनेक संकेतकों के कई रिकार्ड टूटे; जैसे-
    • ग्रीनहाउस गैस (GHG) का स्तर
    • सतह का तापमान
    • महासागरीय तापमान 
    • समुद्र के स्तर में वृद्धि
    • अंटार्कटिक समुद्री-बर्फ के क्षेत्रफल में कमी
    • ग्लेशियर का पिघलना

ग्रीनहाउस गैसें:

  • GHG की वातावरण में अभूतपूर्व वृद्धि पृथ्वी के तेजी से गर्म होने का मुख्य कारण रहा। 
  • कार्बन डाइऑक्साइड, मीथेन और नाइट्रस ऑक्साइड जैसी GHG गैसें ग्लोबल वार्मिंग में अधिक योगदान करती हैं। 
  • WMO रिपोर्ट के अनुसार, इन GHG गैसों की सांद्रता वर्ष 2022 में रिकॉर्ड स्तर पर पहुँच गई है।
    • (a), (b) और (c) में विश्व स्तर पर मासिक औसत मोल अंश (वायुमंडलीय सांद्रता का माप)
    • (d), (e), और (f) में विश्व स्तर पर वार्षिक औसत मोल अंश

Climate-report

सतह का तापमान:

  • वर्ष 2023 में वैश्विक स्तर पर सतह का तापमान वर्ष 1850-1900 के औसत से 1.45 ± 0.12 डिग्री सेल्सियस अधिक था। 
  • वातावरण में GHG की सांद्रता में वृद्धि वैश्विक तापमान को बढ़ाने का प्राथमिक कारण है, किंतु वर्ष 2023 में अल नीनो के आगमन ने भी तापमान वृद्धि में योगदान दिया।
  • अल नीनो भूमध्य रेखा के पास प्रशांत महासागर के सतह पर पानी के तापमान में असामान्य वृद्धि को प्रदर्शित करता है। 
    • इससे तापमान में वृद्धि की संभावना बढ़ गई और दुनिया के कई हिस्सों एवं समुद्र में अधिक गर्मी बढ़ी।

temperature

महासागरीय तापमान: 

  • महासागरों ने वर्ष 1971 के बाद से GHG द्वारा उत्पन्न अतिरिक्त वार्मिंग का लगभग 90% अवशोषित किया है;
    • अतः महासागर लगातार गर्म हो रहे हैं और उनके तापमान में वृद्धि हो गई है।
  • रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2023 में महासागर ऊष्मीय तत्वों (ocean heat content- OHC) की वृद्धि 65 वर्षों के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई।
    • महासागरों द्वारा संग्रहीत कुल ऊष्मा की मात्रा को OHC कहा जाता है।              

ocean-heat-content

समुद्री हीट वेव: 

  • रिपोर्ट के अनुसार, तापमान में वृद्धि के कारण वर्ष 2023 में पृथ्वी पर स्थित वैश्विक महासागरों का दैनिक समुद्री हीटवेव (MHW) 32% देखा गया, जो वर्ष 2016 में रिकार्ड किए गए 23% MHW से ऊपर है। 
    • जब समुद्र के किसी विशेष क्षेत्र की सतह का तापमान कम से कम पांच दिनों के लिए औसत तापमान से 3 या 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ जाता है, तो उस स्थिति को MHW कहा जाता है ।

MHW

अंटार्कटिक समुद्री-बर्फ का क्षेत्रफल:

  • फरवरी, 2023 में अंटार्कटिक समुद्री-बर्फ के क्षेत्रफल में 1.79 मिलियन किमी2 तक की गिरावट दर्ज की गई; 
    • यह वर्ष 1979 के बाद से सर्वाधिक है। 
    • वर्ष 1979 से ही इस क्षेत्र का उपग्रहों द्वारा अवलोकन प्रारंभ हुआ।
  • जून-नवंबर, 2023 के दौरान यह क्षेत्रफल रिकॉर्ड स्तर पर नीचे रहा।
    • सितंबर, 2023 में इसका वार्षिक अधिकतम क्षेत्रफल 16.96 मिलियन किमी2 था, जो वर्ष 1991-2020 के औसत से लगभग 1.5 मिलियन किमी2 कम था।           

glacier

हिमनद:

  • हाइड्रोलॉजिकल वर्ष 2022-2023 में ग्लेशियरों पर बर्फ में बहुत गिरावट दर्ज की गई। 
    • उत्तरी अमेरिका और यूरोप के ग्लेशियर विशेष रूप से प्रभावित हुए हैं।
  • WMO रिपोर्ट के अनुसार, ग्लेशियरों का ‘वार्षिक द्रव्यमान संतुलन’ (annual mass balance) वर्ष 2022-2023 में नए निम्नतम स्तर 1.2 मीटर पानी के समकक्ष (metres of water equivalent (m w.e.) तक कम हो गया।
    • ग्लेशियर द्वारा प्राप्त या खोए गए द्रव्यमान की मात्रा को mw.e. में मापा जाता है।

annual-mass-balance

प्रभाव:

  • वर्ष 1850-1900 के औसत के सापेक्ष वर्ष 1850-2023 के औसत तापमान की तुलना करने पर पता चलता है कि;
    • दुनिया भर में गंभीर रूप से खाद्य असुरक्षित लोगों की संख्या दोगुनी से अधिक हो गई है;
      • यह कोविड-19 महामारी से पहले 14.9 करोड़ व्यक्ति से बढ़कर वर्ष 2023 में 33.3 करोड़ व्यक्तियों  तक पहुंच गई है। 
    • इसके लिए केवल मौसम और जलवायु में परिवर्तन इसका मुख्य कारण नहीं हैं, लेकिन वे गंभीर कारक अवश्य हैं।
  • वर्ष, 2023 में मौसम संबंधी खतरों के कारण विस्थापन जारी रहा, जिससे पता चलता है कि किस प्रकार जलवायु में परिवर्तन कमजोर लोगों को और कमजोर करता है।

समाधान:

  • सर्वाधिक उपयुक्त समाधान नवीकरणीय ऊर्जा के उत्पादन में वृद्धि करना है; 
    • जो मुख्य रूप से सौर विकिरण, हवा और जल चक्र की गतिशील शक्तियों द्वारा संचालित होती हैं।
  • वर्ष 2023 में वर्ष 2022 की तुलना में नवीकरणीय ऊर्जा में लगभग 50% की वृद्धि हुई, जो पिछले दो दशकों में उच्चतम दर है।

विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO):

  • WMO मौसम विज्ञान पर संयुक्त राष्ट्र का एक अंतर-सरकारी संगठन है।
  • इसका गठन 23 मार्च, 1950 को WMO कन्वेंशन द्वारा किया गया।
  • इसके सदस्य देशों की संख्या 192 है।
  • भारत इसका सदस्य देश है।
  • WMO का मुख्यालय जिनेवा (स्विट्ज़रलैंड) में है।

प्रारंभिक परीक्षा के लिए प्रश्न:

प्रश्न: वैश्विक जलवायु की स्थिति रिपोर्ट, 2023 के बारे में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए।

  1. इसे विश्व मौसम विज्ञान संगठन द्वारा जारी किया गया।
  2. वर्ष 2023 में वैश्विक स्तर पर पृथ्वी के सतह का तापमान वर्ष 1850-1900 के औसत से 1.45 ± 0.12 डिग्री सेल्सियस अधिक था। 

नीचे दिए गए कूट की सहायता से सही उत्तर का चयन कीजिए।

(a) केवल 1

(b) केवल 2

(c) 1 और 2 दोनों

(d) न तो 1 और न ही 2

 उत्तर- (c)

मुख्य परीक्षा के लिए प्रश्न:

प्रश्न: विश्व मौसम विज्ञान संगठन द्वारा जारी वैश्विक जलवायु की स्थिति रिपोर्ट, 2023 के प्रमुख संकेतकों को स्पष्ट कीजिए।

Have any Query?

Our support team will be happy to assist you!

OR