New
Hindi Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 6th July 2026, 6:00 PM Hindi Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 5th July 2026, 8:00 AM English Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 20th July 2026 English Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 15th July 2026, 8:00 AM Hindi Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 6th July 2026, 6:00 PM Hindi Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 5th July 2026, 8:00 AM English Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 20th July 2026 English Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 15th July 2026, 8:00 AM

भारतीय रेलवे: 173 वर्षों का गौरवशाली सफर

संदर्भ 

  • आज से ठीक 173 वर्ष पहले, जब 1853 में भाप इंजन की पहली गूंज भारतीय पटरियों पर सुनाई दी थी, तब किसी ने नहीं सोचा था कि यह धुआं छोड़ती गाड़ी एक दिन देश की जीवनरेखा बन जाएगी। बॉम्बे से ठाणे के बीच चली वह पहली यात्री ट्रेन महज एक सफर की शुरुआत नहीं, बल्कि भारत के सामाजिक और आर्थिक एकीकरण का शंखनाद थी। समय बदला, तकनीक बदली और आज भारतीय रेलवे दुनिया के सबसे बड़े और आधुनिक रेल नेटवर्कों में से एक बनकर उभर चुका है।  

ऐतिहासिक प्रस्थान: जब पहली बार दौड़ी रेल 

  • भारतीय रेलवे की नींव 16 अप्रैल 1853 को रखी गई। वह दिन बॉम्बे के लिए किसी उत्सव से कम नहीं था; शहर में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया और बोरीबंदर स्टेशन पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। फॉकलैंड नामक भाप इंजन द्वारा खींची गई 14 डिब्बों की इस ट्रेन में 400 यात्रियों ने सफर किया। 21 तोपों की सलामी के बीच शुरू हुआ यह 34 किलोमीटर का सफर भारत के परिवहन इतिहास का सबसे महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ। 

विस्तार का युग और इंजीनियरिंग के कीर्तिमान 

  • रेलवे ने शुरुआत के बाद रेलवे ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। 1880 तक नेटवर्क 14,500 किलोमीटर तक फैल चुका था। इस दौरान भौगोलिक चुनौतियों को मात देने के लिए विभिन्न गेज प्रणालियों (ब्रॉड, मीटर, नैरो और स्टैंडर्ड गेज) का विकास किया गया।
  • 1881 ई. में दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे की शुरुआत इंजीनियरिंग का एक चमत्कार थी, जिसने दुर्गम पहाड़ियों को मैदानों से जोड़ा। 
  • 1895 ई. में अजमेर वर्कशॉप में देश का पहला स्वदेशी भाप इंजन F-734 बनकर तैयार हुआ, जिसने भारत की विनिर्माण क्षमता का लोहा मनवाया।    

आधुनिकीकरण का संक्रमण काल 

  • 20वीं सदी में भारतीय रेलवे ने दक्षता की ओर कदम बढ़ाए। 1925 में पहली इलेक्ट्रिक ट्रेन के साथ विद्युतीकरण का आगाज हुआ। 
  • आजादी के बाद, 42 अलग-अलग रियासती रेल प्रणालियों को मिलाकर भारतीय रेलवे का एक विशाल ढाँचा तैयार किया गया। 1985 तक आते-आते भाप इंजनों की विदाई होने लगी और उनकी जगह अधिक शक्तिशाली डीजल और इलेक्ट्रिक इंजनों ने ले ली।   

21वीं सदी: डिजिटल और हाई-स्पीड क्रांति  

आज का भारतीय रेलवे केवल पटरियों का जाल नहीं, बल्कि हाई-टेक इंफ्रास्ट्रक्चर का उदाहरण है। पिछले एक दशक में इसमें क्रांतिकारी बदलाव आए हैं : 

1. विद्युतीकरण और पर्यावरण संरक्षण 

विद्युतीकरण के मामले में भारत ने ब्रिटेन और चीन जैसे देशों को भी पीछे छोड़ दिया है।

  • ब्रॉड गेज नेटवर्क का लगभग 99.6% (69,873 किमी) विद्युतीकरण पूरा हो चुका है।
  • इस बदलाव से सालाना लगभग 180 करोड़ लीटर डीजल की बचत हो रही है, जिससे पर्यावरण और अर्थव्यवस्था दोनों को लाभ मिल रहा है। 

2. वंदे भारत और अमृत भारत: बदलता यात्री अनुभव 

  • स्वदेशी तकनीक से निर्मित यह सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन आधुनिक भारत का चेहरा है। वित्त वर्ष 2025-26 में ही लगभग 4 करोड़ यात्रियों ने इसमें सफर किया। 
  • आम आदमी के बजट को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई यह सेवा किफायती होने के साथ-साथ सुरक्षित और आरामदायक भी है।  

3. सुरक्षा का कवच और डिजिटल ढाँचा  

  • सुरक्षा के मोर्चे पर कवच (स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली) का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, ताकि ट्रेनों की टक्कर को शून्य पर लाया जा सके। 
  • साथ ही, 1,800 से अधिक स्टेशनों पर एआई-आधारित वीडियो निगरानी और 1,400 से अधिक स्टेशनों पर एकीकृत सूचना प्रणाली (IPIS) लागू की गई है। हाल ही में लॉन्च हुआ रेलवन ऐप टिकट बुकिंग से लेकर शिकायत निवारण तक के लिए एक वन-स्टॉप डिजिटल प्लेटफॉर्म बन गया है।  

भविष्य की ओर: बुलेट ट्रेन और आर्थिक शक्ति 

  • भारतीय रेलवे अब हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की ओर बढ़ रहा है। मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड कॉरिडोर (508 किमी) 320 किमी/घंटा की रफ्तार के साथ भारत में रफ्तार की नई परिभाषा लिखेगा। 
  • बजट 2026-27 में आवंटित 2,78,000 करोड़ का रिकॉर्ड निवेश यह दर्शाता है कि रेलवे देश के भविष्य के लिए कितना महत्वपूर्ण है। 

निष्कर्ष 

  • डेढ़ सदी से भी अधिक का यह सफर इस बात का प्रमाण है कि भारतीय रेलवे ने खुद को समय के साथ ढाला है। 2025-26 में 741 करोड़ यात्रियों को मंजिल तक पहुँचाना और 1,670 मिलियन टन माल ढुलाई करना केवल आंकड़े नहीं, बल्कि देश के प्रति अटूट विश्वास की कहानी है। भाप से बिजली और अब हाई-स्पीड की ओर बढ़ता यह कारवां भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में सबसे मजबूत इंजन साबित हो रहा है।

« »
  • SUN
  • MON
  • TUE
  • WED
  • THU
  • FRI
  • SAT
Have any Query?

Our support team will be happy to assist you!

OR