संदर्भ
-
पंजाब यूनिवर्सिटी (पटियाला) और पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (PGIMER, चंडीगढ़) के शोधकर्ताओं द्वारा किए गए एक संयुक्त अध्ययन में ऑटोइम्यून ब्लिस्टरिंग डिजीज (AIBDs) की पहचान को अधिक सटीक और तेज बनाने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित तकनीकों का विकास किया गया है। यह पद्धति भविष्य में रोग के प्रारंभिक निदान और बेहतर उपचार प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
ऑटोइम्यून ब्लिस्टरिंग डिजीज (AIBDs) क्या हैं ?
- ऑटोइम्यून ब्लिस्टरिंग डिजीज (AIBDs), जिन्हें ऑटोइम्यून बुलस विकार भी कहा जाता है, दुर्लभ लेकिन गंभीर त्वचा संबंधी रोगों का एक समूह है।
- इनमें शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली गलती से त्वचा और श्लेष्मा झिल्लियों (Mucous Membranes) के स्वस्थ ऊतकों पर हमला करने लगती है। इसके परिणामस्वरूप त्वचा तथा शरीर के अंदरूनी हिस्सों में दर्दनाक छाले और फफोले विकसित हो जाते हैं।
प्रमुख लक्षण:
ऑटोइम्यून ब्लिस्टरिंग डिजीज के लक्षण रोग के प्रकार के अनुसार अलग-अलग हो सकते हैं -
- कुछ मामलों में मुख्य रूप से त्वचा पर छाले और फफोले दिखाई देते हैं।
- अन्य प्रकारों में मुंह, नाक, गले, आंखों तथा जननांगों की श्लेष्मा झिल्लियां प्रभावित हो सकती हैं।
- फफोलों में दर्द, जलन या तीव्र खुजली महसूस हो सकती है।
- छाले फूटने के बाद घाव बन जाते हैं, जिनके भरने में समय लग सकता है।
संभावित जटिलताएं:
हालांकि ये रोग अपेक्षाकृत दुर्लभ हैं, लेकिन समय पर उपचार न मिलने पर गंभीर परिणाम उत्पन्न कर सकते हैं, जैसे -
- त्वचा का व्यापक क्षरण या क्षति
- द्वितीयक संक्रमण का बढ़ा हुआ खतरा
- पोषण संबंधी समस्याएं और कमजोरी
- आंखों एवं श्लेष्मा झिल्लियों को स्थायी नुकसान
उपचार:
ऑटोइम्यून ब्लिस्टरिंग डिजीज के उपचार का मुख्य उद्देश्य असामान्य प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया को नियंत्रित करना और नए फफोलों के निर्माण को रोकना है। इसके लिए सामान्यतः निम्नलिखित उपाय अपनाए जाते हैं-
-
- कॉर्टिकोस्टेरॉइड्स (Corticosteroids) जैसी सूजनरोधी दवाएं
- प्रतिरक्षा प्रणाली को नियंत्रित करने वाली इम्यूनोसप्रेसिव दवाएं
- रितुक्सीमैब (Rituximab) जैसी बायोलॉजिक थेरेपी
- घावों की नियमित देखभाल और संक्रमण की रोकथाम
- एआई आधारित नई निदान तकनीक से उम्मीद की जा रही है कि ऑटोइम्यून ब्लिस्टरिंग डिजीज जैसी जटिल और दुर्लभ बीमारियों की पहचान पहले की तुलना में अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी, जिससे रोगियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।