(प्रारंभिक परीक्षा: समसामयिक घटनाक्रम) (मुख्य परीक्षा, सामान्य अध्ययन प्रश्नपत्र- 2: द्विपक्षीय, क्षेत्रीय एवं वैश्विक समूह और भारत से संबंधित और/अथवा भारत के हितों को प्रभावित करने वाले करार) |
संदर्भ
फिलीपीन्स के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने 4 से 8 अगस्त, 2025 तक भारत का राजकीय दौरा किया। राष्ट्रपति पद पर नियुक्ति के बाद यह उनका भारत का पहला दौरा था।
फिलीपीन्स के राष्ट्रपति की भारत यात्रा
- राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर अपनी पत्नी लुईस अरानेटा मार्कोस और उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत पहुंचे।
- उन्होंने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की और भारत-फिलीपीन्स संबंधों को अधिक मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
- इस दौरान उन्होंने भारतीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच विभिन्न द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की।
- दौरे के दौरान राष्ट्रपति मार्कोस ने भारत और फिलीपीन्स के बीच रणनीतिक साझेदारी को सुदृढ़ करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। दोनों देशों के बीच सामरिक, रक्षा, व्यापार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए कई समझौते हुए।
प्रमुख परिणाम
- भारत-फिलीपीन्स रणनीतिक साझेदारी की स्थापना पर एक घोषणा
- भारत-फिलीपीन्स रणनीतिक साझेदारी: क्रियावली योजना (2025-29) पर हस्ताक्षर
- भारत और फिलीपीन्स के बीच सैन्य संबंधों को मजबूत करने के लिए कई समझौते (वायु सेना, थल सेना एवं जल सेना के बीच द्विपक्षीय संवाद)
- संचार और डिजिटल प्रौद्योगिकियों में सहयोग के लिए एक समझौता
- संचार, पर्यटन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए कई कार्यक्रमों पर हस्ताक्षर
- फिलीपीन्स के नागरिकों के लिए ई-टूरिस्ट वीजा सुविधा का विस्तार
- भविष्य में द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए भारत एवं फिलीपीन्स द्वारा व्यापार समझौते पर चर्चा की शुरूआत
यात्रा का महत्त्व
- विशेषकर हिंद-प्रशांत क्षेत्र में, फिलीपीन्स और भारत के बीच के संबंध सामरिक एवं आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं।
- विशेषकर वैश्विक राजनीतिक, व्यापारिक एवं आर्थिक परिवर्तनों को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रपति मार्कोस ने इस बात पर जोर दिया कि हिंद-प्रशांत साझेदारी को अधिक मजबूत किया जाए।
- यह दौरा चीन द्वारा पश्चिमी फिलीपीन्स सागर में किए गए आक्रमकता खिलाफ भारत के समर्थन को भी प्रदर्शित करता है।
- भारत ने हमेशा संयुक्त राष्ट्र अभिसमय के तहत फिलीपीन्स के अधिकारों का समर्थन किया है।
- यह दौरा भारत की विदेश नीति के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह भारत की दक्षिण-पूर्व एशिया के साथ रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करता है।
- फिलीपीन्स वर्ष 2026 में आसियान का अध्यक्ष बनने वाला है और इस दौरे से दोनों देशों के बीच संबंध अधिक सुदृढ़ हुए हैं।
भारत-फिलीपींस द्विपक्षीय संबंध
ऐतिहासिक पृष्ठभूमि
- भारत और फिलीपींस ने दोनों देशों के स्वतंत्रता प्राप्त करने के तुरंत बाद 26 नवंबर, 1949 को औपचारिक रूप से राजनयिक संबंध स्थापित किए।
- द्विपक्षीय संबंध मैत्रीपूर्ण और साझा मूल्यों व समानताओं पर आधारित हैं, जैसे- जीवंत लोकतांत्रिक राजनीति, बहुलवादी समाज, कानून का शासन, स्वतंत्र न्यायपालिका, स्वतंत्र प्रेस और अंग्रेजी भाषा का व्यापक उपयोग।
- तागालोग (स्थानीय भाषा) में संस्कृत मूल वाले कई शब्दों की उपस्थिति और लागुना ताम्रपत्र लेख, पल्लव लिपि से व्युत्पन्न कावी लिपि (Kawi Script) में फिलीपींस में खोजी गई सबसे पुरानी कलाकृति; अगुसन तारा की स्वर्ण प्रतिमा और भारतीय महाकाव्य रामायण (महारदिया लावाना) का स्थानीय संस्करण दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक संबंधों को दर्शाते हैं।
- वर्ष 1992 में भारत की लुक ईस्ट नीति के शुभारंभ से आसियान के साथ साझेदारी तेज हुई और इसके परिणामस्वरूप फिलीपींस सहित क्षेत्र के देशों के साथ संबंध भी मजबूत हुए।
- भारत की एक्ट ईस्ट नीति (2014) और आसियान केंद्रीयता के साथ हिंद-प्रशांत के लिए दृष्टिकोण में क्षेत्र के लिए फिलीपींस के अपने दृष्टिकोण के साथ एक सुरक्षित, शांतिपूर्ण और समृद्ध हिंद-प्रशांत को साकार करने के उद्देश्य से बहुत तालमेल है।
द्विपक्षीय व्यापार
- भारत सरकार के वाणिज्य विभाग के आधिकारिक व्यापार आंकड़ों के अनुसार, भारत और फिलीपींस के बीच द्विपक्षीय व्यापार (मूल्य के संदर्भ में) 3 बिलियन अमेरिकी डॉलर के आंकड़े को पार कर गया है जो वर्ष 2020-21 में 2.03 बिलियन अमेरिकी डॉलर से बढ़कर वर्ष 2023-24 में 3.53 बिलियन अमेरिकी डॉलर हो गया है।
वित्तीय वर्ष
|
भारत का फिलीपींस को निर्यात (मिलियन $)
|
भारत का फिलीपींस से आयात (मिलियन $)
|
फिलीपींस के साथ व्यापार (मिलियन $)
|
2020-21
|
1457.30
|
572.47
|
2029.77
|
2021-22
|
2107.24
|
729.08
|
2836.32
|
2022-23
|
2094.15
|
959.59
|
3053.74
|
2023-24
|
2097.17
|
1,433.60
|
3530.77
|
2024-25
|
2162.05
|
1178.52
|
3340.57
|
- भारत से फिलीपींस को निर्यात की जाने वाली प्रमुख वस्तुएँ: इंजीनियरिंग सामान; ऑटोमोबाइल के पुर्जे और सहायक उपकरण, ट्रांसमिशन उपकरण, विद्युत ट्रांसफार्मर, पेट्रोलियम उत्पाद, लोहे एवं इस्पात के अर्ध-तैयार उत्पाद; दवाइयाँ व फार्मास्यूटिकल्स, कार्बनिक तथा अकार्बनिक रसायन; इलेक्ट्रॉनिक सामान; प्लास्टिक व लिनोलियम: चावल; गोजातीय मांस, तिलहन; तंबाकू; मूंगफली और अन्य। (फार्मास्युटिकल विभाग के अनुसार, भारतीय फार्मास्यूटिकल उत्पादों का फिलीपींस के कुल फार्मास्यूटिकल आयात में 12% हिस्सा है जो अमेरिका के बाद दूसरे स्थान पर है)
- फिलीपींस से आयात की जाने वाली प्रमुख वस्तुएँ: विद्युत मशीनरी; अर्धचालक; अयस्क, धातुमल और राख; तांबा, सीसा; प्लास्टिक; मोती और कीमती पत्थर; खाद्य उद्योग से अवशेष व अपशिष्ट; पशु चारा और अन्य शामिल हैं।
द्विपक्षीय निवेश
फिलीपींस में लगभग 5 बिलियन अमेरिकी डॉलर मूल्य का भारतीय निवेश मुख्यत: आईटी; फार्मास्यूटिकल्स और स्वास्थ्य सेवा; धागा व वस्त्र; रसायन; ऑटोमोबाइल; कृषि; बायोमास ऊर्जा; एफ.एम.सी.जी. और अन्य क्षेत्रों में रहा है।
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा
- स्वास्थ्य एवं चिकित्सा दोनों पक्षों द्वारा द्विपक्षीय सहयोग के लिए चुना गया एक अन्य केंद्रित क्षेत्र है।
- फिलीपींस भारत को फार्मास्यूटिकल्स और चिकित्सा आपूर्ति के मामले में एक वैश्विक नेतृत्वकर्ता के रूप में मान्यता देता है।
- भारत, फिलीपींस को फार्मा उत्पादों के सबसे बड़े आपूर्तिकर्ताओं में से एक बना हुआ है।
पर्यटन
- पर्यटन सहयोग पर द्विपक्षीय समझौता ज्ञापन पर 18 अक्तूबर, 2019 को हस्ताक्षर किए गए, जिसके तहत पर्यटन पर भारत-फिलीपींस संयुक्त कार्य समूह की पहली बैठक 8 अक्तूबर, 2020 को आयोजित की गई।
- भारत एवं फिलीपींस के बीच सीधे हवाई संपर्क को सुगम बनाने के लिए 27 सितंबर, 2021 को नए हवाई सेवा समझौते पर हस्ताक्षर किए गए और जून 2023 में इसकी पुष्टि की गई।
- फिलीपींस सरकार ने भारतीय नागरिकों के लिए ई-वीज़ा सुविधा को पूरी तरह से लागू कर दिया है।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी
इस क्षेत्र में व्यापक समझौता 2019-2022 की अवधि के लिए अक्तूबर 2019 में हस्ताक्षरित किया गया था, जिसमें सहयोग के पाँच व्यापक क्षेत्रों, अर्थात् कृषि जैव प्रौद्योगिकी; स्वास्थ्य, औषधि एवं चिकित्सा विज्ञान; आई.सी.टी.; पदार्थ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और महासागर व वायुमंडलीय विज्ञान की रूपरेखा प्रस्तुत की गई थी।
चुनौतियाँ
- फिलीपीन्स एवं भारत के बीच द्विपक्षीय व्यापार अभी भी कम है, जिसका आर्थिक विकास में बड़ा योगदान नहीं हो पा रहा है। वर्ष 2024-25 में दोनों देशों के बीच व्यापार 3.3 बिलियन डॉलर था, जो अपेक्षाकृत कम है।
- चीन की बढ़ती शक्ति और वैश्विक राजनीति के बदलते स्वरूप को देखते हुए दोनों देशों को सामरिक संबंधों में संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता होगी।
- फिलीपीन्स और भारत को वैश्विक व्यापार नियमों एवं वाणिज्यिक संधियों में संतुलन बनाने के लिए साझा कार्य योजना विकसित करनी होगी, ताकि दोनों देशों के बीच व्यापार में वृद्धि हो।
आगे की राह
- भारत एवं फिलीपीन्स को सामरिक साझेदारी को अधिक प्रगाढ़ करने के लिए संयुक्त सैन्य अभ्यास, इंटेलिजेंस साझेदारी और समुद्र सुरक्षा जैसे मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।
- भारत-फिलीपीन्स व्यापार में सुधार के लिए दोनों देशों को प्राथमिक व्यापार समझौता (Preferential Trade Agreement) के लिए बातचीत को तेज़ करना होगा।
- प्रौद्योगिकी, विज्ञान एवं डिजिटल क्षेत्र में दोनों देशों के बीच सहयोग को अधिक बढ़ाना चाहिए, विशेषकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डाटा इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में।
- दोनों देशों को संस्कृतियाँ और भाषाई समन्वय पर जोर देना चाहिए, जिससे लोगों के बीच संबंध अधिक मजबूत हों।
निष्कर्ष
फिलीपीन्स के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर का भारत दौरा दोनों देशों के संबंधो को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण कदम था। यह दौरा भारत-फिलीपीन्स रणनीतिक साझेदारी को अधिक मज़बूत करने के लिए सहायक सिद्ध होगा, विशेषकर सामरिक, व्यापार एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में।
फिलीपीन्स: देशनामा

- राजधानी: मनीला
- आधिकारिक भाषाएँ: फिलिपिनो (तागालोग पर आधारित) और अंग्रेजी
- मुद्रा: फिलीपीन पेसो (PHP)
- क्षेत्रफल: लगभग 300,000 वर्ग किलोमीटर
- जनसंख्या: लगभग 11.5 करोड़ (2023 अनुमान)
- भूगोल: प्रशांत महासागर में विस्तृत दक्षिण-पूर्व एशिया में स्थित 7,641 द्वीपों का द्वीपसमूह
- प्रमुख द्वीप: लुज़ोन, मिंदानाओ एवं विसायास
- जलवायु: उष्णकटिबंधीय, गर्म एवं आर्द्र; मई से अक्तूबर तक मानसून व तूफान।
- संस्कृति: फिलीपीन संस्कृति मलय, स्पेनिश, अमेरिकी व स्वदेशी प्रभावों का मिश्रण है। यहाँ सिनुलोग एवं अतिहान जैसे रंगारंग त्योहार प्रसिद्ध हैं।
- धर्म: अधिकांश आबादी (लगभग 80%) रोमन कैथोलिक। इस्लाम, प्रोटेस्टेंट और स्वदेशी संप्रदाय भी मौजूद हैं।
- अर्थव्यवस्था: कृषि (चावल, नारियल, केला), मछली पकड़ना, और सेवा क्षेत्र (विशेष रूप से बीपीओ) पर आधारित। प्रवासी फिलिपिनो कामगारों से विप्रेषण (रेमिटेंस) अर्थव्यवस्था का बड़ा हिस्सा है।
- इतिहास: 16वीं सदी में स्पेनिश उपनिवेश, वर्ष 1898 में अमेरिकी शासन, और वर्ष 1946 में स्वतंत्रता; मार्कोस शासन (1965-1986) और फिलिपीन क्रांति (1986) ऐतिहासिक घटनाएँ हैं।
|