(प्रारंभिक परीक्षा: समसामयिक घटनाक्रम) (मुख्य परीक्षा, सामान्य अध्ययन प्रश्नपत्र- 3: कृषि उत्पाद का भंडारण, परिवहन तथा किसानों की सहायता के लिये ई-प्रौद्योगिकी, प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष कृषि सहायता; प्रौद्योगिकी मिशन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी- विकास व अनुप्रयोग और रोज़मर्रा के जीवन पर इसका प्रभाव) |
संदर्भ
10 जुलाई, 2025 को गूगल ने भारतीय कृषि को सशक्त करने के लिए नए ओपन-सोर्स AI नवाचारों के तहत AMED API की शुरुआत की।
AMED API के बारे में
- पूर्ण नाम : Agricultural Monitoring and Event Detection (AMED) API (Application Programming Interface)
- परिचय : यह AI-संचालित एक डिजिटल टूल है जो संपूर्ण भारत में खेतों व फसलों की वास्तविक समय (रियल-टाइम) निगरानी करता है। यह गूगल के कृषि परिदृश्य समझ (ALU) API का उन्नत संस्करण है।
- विकासकर्ता : गूगल डीपमाइंड और गूगल पार्टनरशिप्स इनोवेशन टीम द्वारा विकसित
- उपलब्धता : यह एक ओपन-सोर्स टूल है जिसे डेवलपर्स एवं कृषि-तकनीकी (एग्रीटेक) कंपनियाँ नि:शुल्क उपयोग कर सकती हैं।
- कार्य : यह उपग्रह चित्रों (सैटेलाइट इमेजरी), मशीन लर्निंग व फसल लेबल का उपयोग करके खेतों की गतिविधियों एवं फसलों की स्थिति की जानकारी देता है।
उद्देश्य
- डाटा-आधारित कृषि : पारंपरिक कृषि को डाटा-संचालित एवं कुशल बनाना
- उत्पादकता बढ़ाना : फसलों की निगरानी एवं प्रबंधन के जरिए किसानों की उत्पादकता व आय बढ़ाना
- जलवायु जोखिमों से बचाव : जलवायु परिवर्तन के प्रभावों (जैसे- सूखा एवं बाढ़) से निपटने के लिए लचीले समाधान प्रदान करना
- किसानों का सशक्तिकरण : लघु व सीमांत किसानों को सटीक जानकारी देकर उनकी निर्णय लेने की क्षमता बढ़ाना
- नवाचार को बढ़ावा : एग्रीटेक स्टार्टअप्स एवं डेवलपर्स को लक्षित समाधान विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करना
विशेषताएँ
- फसल की जानकारी : प्रत्येक खेत में उगाई जा रही फसल का प्रकार, जैसे- गेहूँ, धान, या मक्का
- खेत का आकार : खेतों का आकार एवं सीमाओं की सटीक जानकारी
- बुवाई एवं कटाई की तारीखें : फसलों की बुवाई एवं कटाई की समय-सारिणी
- तीन साल का ऐतिहासिक डाटा : विगत तीन वर्षों की खेती (कृषि) गतिविधियों का रिकॉर्ड
- वास्तविक समय अपडेट : हर दो सप्ताह में खेतों की स्थिति एवं गतिविधियों पर ताजा जानकारी
- उपग्रह व AI का उपयोग : उपग्रह चित्रों व मशीन लर्निंग के माध्यम से सटीक निगरानी
- एग्रीटेक समर्थन : डेवलपर्स के लिए API
- इससे वे फसल प्रबंधन, सिंचाई एवं पूर्वानुमान जैसे समाधान बना सकें।
महत्व एवं प्रासंगिकता
- किसानों के लिए लाभ : सटीक जानकारी के आधार पर सिंचाई, उर्वरक एवं कीट नियंत्रण के निर्णयन में मददगार
- जलवायु लचीलापन : जलवायु परिवर्तन के प्रभावों (जैसे- मानसून अनियमितता) को कम करने में सहायक
- खाद्य सुरक्षा : बढ़ती जनसंख्या की खाद्य मांग को पूरा करने के लिए उत्पादकता बढ़ाना
- एग्रीटेक विकास : स्टार्टअप्स एवं डेवलपर्स को नवाचार के लिए मंच प्रदान करना, जैसे- टेरास्टैक (IIT-बॉम्बे) द्वारा ग्रामीण ऋण व भूमि रिकॉर्ड आधुनिकीकरण के लिए ALU API का उपयोग
- सतत विकास : जल एवं उर्वरकों का कुशल उपयोग करके पर्यावरणीय प्रभाव को कम करना
- राष्ट्रीय महत्व : भारत को वैश्विक नवाचार सूचकांक में अग्रणी बनाने और ‘विकसित भारत@2047’ के लक्ष्य को समर्थन देना
कृषि में AI तकनीक का अनुप्रयोग
फसल निगरानी
- उदाहरण : AMED API उपग्रह डाटा एवं मशीन लर्निंग का उपयोग करके फसलों की सेहत की निगरानी करता है, जैसे- फसल में बीमारी या पोषक तत्वों की कमी का पता लगाना।
- फार्मोनॉट : यह भारतीय स्टार्टअप उपग्रह-आधारित तकनीक से फसल स्वास्थ्य, मृदा की नमी एवं मौसम की जानकारी देता है जिससे किसानों को सटीक निर्णय लेने में मदद मिलती है।
कीट एवं रोग पहचान
- उदाहरण: ब्लू रिवर टेक्नोलॉजी की ‘सी एंड स्प्रे’ तकनीक AI और कंप्यूटर विजन का उपयोग करके खरपतवार एवं फसलों में अंतर करती है, जिससे कीटनाशकों का सटीक छिड़काव होता है।
- सेब का ब्लैक रॉट : AI ने सेब के ब्लैक रॉट रोग का 90% से अधिक सटीकता के साथ पता लगाया।
सटीक सिंचाई या परिशुद्ध सिंचाई
- उदाहरण : AI-संचालित सेंसर मृदा की नमी एवं मौसम डाटा का विश्लेषण करके स्वचालित सिंचाई प्रणाली को नियंत्रित करते हैं, जिससे पानी की बचत होती है।
- एग्रीबॉट : यह रोबोट मृदा की नमी की जांच करता है और केवल जरूरी स्थानों पर पानी देता है।
पशुधन निगरानी
उदाहरण : कैटलआई (CattleEye) ड्रोन और AI का उपयोग करके पशु स्वास्थ्य व व्यवहार की निगरानी करता है, जैसे कि बीमारी या जन्म की घटनाओं का पता लगाना।
उपज भविष्यवाणी
उदाहरण : AMED API फसल की बुवाई एवं कटाई के डाटा के आधार पर उपज की भविष्यवाणी करता है, जिससे किसान बाजार के लिए बेहतर योजना बना सकते हैं।
खरपतवार प्रबंधन
उदाहरण : बोनीरोब (BoniRob) रोबोट AI एवं छवि पहचान तकनीक का उपयोग करके खरपतवार को हटाता है, जिससे कीटनाशकों का उपयोग कम होता है।
भारतीय पहल
- किसान ई-मित्र चैटबॉट : यह AI-संचालित सहायक किसानों को PM किसान सम्मान निधि और अन्य योजनाओं की जानकारी देता है।
- राष्ट्रीय कीट निगरानी प्रणाली : मशीन लर्निंग का उपयोग करके कीटों की पहचान और नियंत्रण।