New
Hindi Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 8th June 2026, 6:30 AM Hindi Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 1st June 2026, 5:30 PM English Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 7th June 2026, 8:00 AM Hindi Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 8th June 2026, 6:30 AM Hindi Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 1st June 2026, 5:30 PM English Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 7th June 2026, 8:00 AM

ऑर्बिटल डेटा सेंटर उपग्रह : पाथफाइंडर (Pathfinder)

संदर्भ   

  • भारत की अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी (SpaceTech) में एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है। बेंगलुरु की सैटेलाइट इमेजिंग स्टार्टअप पिक्सल (Pixxel) ने सर्वम (Sarvam) के साथ मिलकर भारत के पहले ऑर्बिटल डेटा सेंटर उपग्रह, पाथफाइंडर के प्रक्षेपण की घोषणा की है।   
  • वर्ष 2026 के अंत तक लॉन्च होने वाला यह 200 किलोग्राम श्रेणी का उपग्रह न केवल पिक्सल की उन्नत हाइपरस्पेक्ट्रल इमेजिंग तकनीक से लैस होगा, बल्कि इसमें डेटा सेंटर-ग्रेड के शक्तिशाली ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (GPUs) भी लगे होंगे। यह अनूठा संयोजन अंतरिक्ष से ही सीधे डेटा प्रोसेसिंग और एआई (AI) आधारित गणनाओं को संभव बनाएगा। 

ऑर्बिटल डेटा सेंटर के बारे में  

  • ऑर्बिटल डेटा सेंटर अंतरिक्ष में तैरते उपग्रहों का एक ऐसा नेटवर्क है, जो पृथ्वी पर मौजूद भारी-भरकम डेटा सेंटरों की तरह ही जटिल गणनाएं करने में सक्षम होता है। 
  • वर्तमान में उपग्रह डेटा एकत्र कर उसे पृथ्वी पर भेजते हैं, जहाँ उसकी प्रोसेसिंग होती है। इसके विपरीत, ऑर्बिटल डेटा सेंटर एज कंप्यूटिंग के सिद्धांत पर काम करते हैं, यानी डेटा को उसके स्रोत (अंतरिक्ष) पर ही प्रोसेस कर लिया जाता है। 
  • वस्तुतः अंतरिक्ष में ही एआई मॉडल चलाने की क्षमता से डेटा विश्लेषण की गति कई गुना बढ़ जाएगी और पृथ्वी पर केवल निष्कर्ष भेजे जा सकेंगे, न कि कच्चा डेटा।  

पाथफाइंडर: एक निर्णायक प्रायोगिक मिशन 

  • पाथफाइंडर को एक प्रदर्शक मिशन (Demonstrator Mission) के रूप में तैयार किया गया है। 
  • इसका मुख्य उद्देश्य यह जांचना है कि क्या पृथ्वी की निचली कक्षा (LEO) की विषम परिस्थितियों जैसे अत्यधिक सौर विकिरण और तापमान में भारी उतार-चढ़ाव के बीच उच्च-स्तरीय कंप्यूटिंग हार्डवेयर स्थिर रह सकता है। 

इस तकनीक में वैश्विक कंपनियों की बढ़ती दिलचस्पी के कारण 

दुनिया भर की दिग्गज टेक कंपनियां अंतरिक्ष में डेटा सेंटर बनाने की होड़ में हैं। इसके पीछे तीन मुख्य कारण हैं: 

  • पृथ्वी पर संसाधनों की कमी : जमीन पर डेटा सेंटर चलाने के लिए विशाल भूमि, पानी और बिजली की आवश्यकता होती है, जिससे पर्यावरण पर दबाव बढ़ता है। 
  • अक्षय सौर ऊर्जा : अंतरिक्ष में उपग्रहों को लगभग 24 घंटे सौर ऊर्जा उपलब्ध रहती है, जो ऊर्जा-खपत वाले जीपीयू के लिए एक आदर्श समाधान है। 
  • डेटा ट्रांसफर की बाधाएं : इमेजिंग सैटेलाइट्स द्वारा पैदा किए गए डेटा का विशाल अंबार पृथ्वी पर भेजना न केवल महंगा है, बल्कि समय लेने वाला भी है। अंतरिक्ष में प्रोसेसिंग से बैंडविड्थ की समस्या हल हो जाएगी। वस्तुतः एलोन मस्क की (SpaceX), माइक्रोसॉफ्ट (Azure Space) और ब्लू ओरिजिन जैसी संस्थाएं भी इस दिशा में सक्रिय रूप से काम कर रही हैं। 

अंतरिक्ष में कंप्यूटिंग की चुनौतियाँ 

  • ऊष्मा प्रबंधन (Thermal Management) : अंतरिक्ष के निर्वात में पंखे या हवा से कूलिंग संभव नहीं है। इसलिए, गर्मी को विकीर्ण करने के लिए विशेष अमोनिया-फिल्ड लूप्स और इन्फ्रारेड पैनल की आवश्यकता होती है। 
  • विकिरण का प्रभाव : ब्रह्मांडीय विकिरण से बिट फ्लिप जैसी समस्याएं हो सकती हैं, जो डेटा को दूषित कर सकती हैं या चिप्स को स्थायी नुकसान पहुँचा सकती हैं। 
  • रखरखाव : अंतरिक्ष में हार्डवेयर खराब होने पर उसकी मरम्मत करना लगभग असंभव है, जिसके लिए सैटेलाइट में शुरू से ही उच्च स्तर की रिडंडेंसी (बैकअप सिस्टम) देनी होती है। 

क्या यह मॉडल आर्थिक रूप से व्यवहार्य है ? 

वर्तमान में अंतरिक्ष में हार्डवेयर संचालित करना पृथ्वी की तुलना में बहुत महंगा है। हालाँकि, विशेषज्ञों का मानना है कि भविष्य में लागत कम हो सकती है यदि : 

  • पुन: प्रयोज्य रॉकेट : स्टारशिप जैसे रॉकेटों से लॉन्च की लागत कम हो जाए। 
  • बड़े समूह : जब एक-दो नहीं बल्कि सैकड़ों उपग्रहों का समूह (Constellation) काम करेगा, तो संचालन सस्ता होगा। 

निष्कर्ष 

  • यद्यपि पारंपरिक क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर को पूरी तरह अंतरिक्ष में स्थानांतरित होने में अभी 10 से 30 वर्ष लग सकते हैं, लेकिन पिक्सल-सर्वम का पाथफाइंडर मिशन भारत को अंतरिक्ष आधारित एआई और कंप्यूटिंग की अगली वैश्विक लहर में सबसे आगे खड़ा कर देगा।
« »
  • SUN
  • MON
  • TUE
  • WED
  • THU
  • FRI
  • SAT
Have any Query?

Our support team will be happy to assist you!

OR