संदर्भ
- न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा के हालिया इस्तीफे ने उस प्रश्न को एक बार फिर सामने ला दिया है, जिसका भारतीय विधिक ढांचा पिछले लगभग 14 वर्षों से स्पष्ट और संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका है। जब किसी न्यायाधीश द्वारा संसदीय निष्कासन की संभावना के बीच इस्तीफा दिया जाता है, तो क्या उसके विरुद्ध चल रही वैधानिक जांच स्वतः समाप्त मानी जाएगी? वस्तुतः यह मुद्दा पहले भी कई बार उठ चुका है इसलिए इस मामले की अंतिम प्रक्रिया भविष्य में जवाबदेही की दिशा का निर्धारण करेगी।
पूर्व का घटनाक्रम
- जुलाई 2011 में, जब न्यायमूर्ति पी.डी. दिनाकरन ने इस्तीफा दिया था, तब उनके इस्तीफे के बाद भी समिति की कुछ बैठकें हुईं, लेकिन अंततः उसे भंग कर दिया गया।
- इसके बाद न्यायमूर्ति सौमित्र सेन का मामला और भी आगे गया, जिसमें जांच समिति ने प्रतिकूल निष्कर्ष दिए और राज्यसभा ने अगस्त 2011 में उनके विरुद्ध पद से हटाने का मतदान भी किया। हालांकि, लोकसभा में मतदान से ठीक पहले उन्होंने इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद प्रस्ताव को निष्प्रभावी मानकर समाप्त कर दिया गया।
- अब न्यायमूर्ति वर्मा ने भी ऐसे समय इस्तीफा दिया है जब जाँच समिति की कार्यवाही लगभग अंतिम चरण में थी। पहले दो मामलों में कोई स्पष्ट सुधारात्मक दिशा नहीं बनी, जबकि वर्तमान मामला अभी भी चर्चा के केंद्र में है।
संवैधानिक तर्क: प्रक्रिया बनाम राजनीतिक निर्णय
न्यायविद जी. मोहन गोपाल के तर्कों के अनुसार, अनुच्छेद 124(5) दो पृथक प्रक्रियाओं की बात करता है :
- तथ्यों की जांच : यह एक वैधानिक प्रक्रिया है जिसका उद्देश्य सत्य को खोजना है।
- पद से हटाना : यह एक राजनीतिक निर्णय है जो संसद के विवेक पर निर्भर करता है।
प्रमुख तर्क:
- नागरिकों को यह जानने का मौलिक अधिकार है कि उच्च पदों पर बैठे व्यक्तियों के विरुद्ध लगे आरोपों की सच्चाई क्या है।
- यदि जांच एक वैधानिक प्रक्रिया है, तो इसका अस्तित्व प्रतिवादी के पद पर रहने या न रहने पर निर्भर नहीं होना चाहिए। जिस प्रकार सेवा-निवृत्ति से आपराधिक मुकदमा समाप्त नहीं होता, उसी प्रकार इस्तीफे से वैधानिक जांच नहीं रुकनी चाहिए।
सर्वोच्च न्यायालय की व्याख्या
- सर्वोच्च न्यायालय ने इस मुद्दे पर पिछले तीन दशकों में स्पष्ट दृष्टिकोण विकसित किया है। न्यायिक जवाबदेही उप-समिति बनाम भारत संघ (1991) मामले में संविधान पीठ ने कहा कि जांच चरण न्यायिक प्रकृति का है, जबकि हटाने का निर्णय पूरी तरह राजनीतिक और संसद के अधिकार क्षेत्र में आता है।
- इसके बाद सरोजिनी रामास्वामी बनाम भारत संघ (1992) मामले में न्यायालय ने यह भी स्पष्ट किया कि जब तक रिपोर्ट संसद अध्यक्ष को नहीं सौंप दी जाती, तब तक यह प्रक्रिया वैधानिक होती है और न्यायिक समीक्षा के दायरे में आती है।
- यदि जांच प्रक्रिया को वैधानिक माना जाए, न कि केवल संसदीय, तो इसका अस्तित्व किसी व्यक्ति के पद पर बने रहने या छोड़ने पर निर्भर नहीं हो सकता। जैसे किसी आपराधिक मुकदमे की वैधता आरोपी के सेवानिवृत्त होने से समाप्त नहीं होती, या किसी अनुशासनात्मक कार्रवाई का आधार केवल इस्तीफे से समाप्त नहीं हो जाता, वैसे ही इस जांच की निरंतरता भी बनी रहनी चाहिए।
नियम और प्रक्रियात्मक ढांचा
- न्यायाधीश (जांच) नियम, 1969 का नियम 8 भी इस विचार का समर्थन करता है कि यदि न्यायाधीश कार्यवाही में सहयोग नहीं करते या अनुपस्थित रहते हैं, तो भी समिति अपनी जांच जारी रख सकती है।
- इससे स्पष्ट होता है कि विधि निर्माताओं ने पहले से ही ऐसे परिदृश्य की कल्पना की थी जिसमें प्रतिवादी सहयोग न करे, फिर भी जांच प्रक्रिया बाधित न हो। समाधान के रूप में समिति को कार्यवाही जारी रखने का अधिकार दिया गया है।
2011 की व्याख्या और उसका प्रभाव
- 2011 में अपनाया गया विपरीत दृष्टिकोण एक ऐसी स्थिति उत्पन्न करता है जिसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। यदि यह स्वीकार कर लिया जाए कि इस्तीफा देने से जांच स्वतः समाप्त हो जाती है, तो किसी भी न्यायाधीश के पास यह विकल्प होगा कि वह संभावित प्रतिकूल निष्कर्ष से बचने के लिए पद छोड़ दे।
- इससे पहले से एकत्रित साक्ष्य अप्रासंगिक हो जाएंगे, प्रक्रिया अधूरी रह जाएगी और सार्वजनिक रिकॉर्ड भी पूर्ण रूप से उजागर नहीं हो पाएगा। महाभियोग प्रक्रिया को अत्यंत कठिन इसलिए बनाया गया था कि निष्कासन मनमाने ढंग से न हो सके, न कि इसलिए कि उसे सरल तरीके से टाला जा सके।
2011 के निर्णय की सीमाएँ
- उस समय उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने समिति को भंग करने का कोई विस्तृत सार्वजनिक कारण नहीं दिया था। बाद में राज्यसभा सचिवालय के आरटीआई उत्तर से यह सामने आया कि 1968 के अधिनियम में ऐसी समिति को भंग करने का कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है।
- सचिवालय ने यह निर्णय कानूनी व्याख्या और पूर्व उदाहरणों के आधार पर बताया, जिनमें कुछ अमेरिकी मामलों का उल्लेख किया गया था। हालांकि, वे उदाहरण परिस्थितियों में अलग थे और भारत के न्यायमूर्ति दिनाकरन मामले से पूरी तरह मेल नहीं खाते थे, क्योंकि उस मामले में आरोप न तो सिद्ध हुए थे और न ही किसी सदन ने अंतिम निर्णय दिया था।
निष्कर्ष: सुधार का अवसर
- अध्यक्ष के समक्ष अब यह दूसरा अवसर है कि वे इस कानूनी रिक्तता (Legal Vacuum) को भरें। यह केवल एक व्यक्ति के इस्तीफे का मामला नहीं है, बल्कि भारतीय लोकतंत्र की उस शुचिता का प्रश्न है, जहां पद छोड़ने मात्र से कोई संवैधानिक पदाधिकारी अपनी जवाबदेही से मुक्त नहीं हो सकता।