हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय ने कहा कि Promissory Estoppel (वचनबद्ध निरोध) के सिद्धांत का उपयोग किसी ऐसी सरकारी नीति के लाभ का दावा करने के लिए नहीं किया जा सकता, जिसका उद्देश्य कभी किसी विशेष औद्योगिक इकाई को लाभ पहुँचाना ही नहीं था।
वचनबद्ध निरोध (Promissory Estoppel)क्या है ?
- वचनबद्ध निरोध (Promissory Estoppel) एक कानूनी सिद्धांत है, जिसके अनुसार यदि कोई व्यक्ति किसी वचन (Promise) पर विश्वास करके उसके आधार पर कार्य करता है या कोई निर्णय लेता है और बाद में उस वचन को पूरा न करने के कारण उसे नुकसान होता है, तो उस वचन को लागू कराया जा सकता है।
- यह सिद्धांत वचन देने वाले (Promisor) को अपने वादे से पीछे हटने से रोकता है।
- इसका उद्देश्य उस व्यक्ति (Promisee) के हितों की रक्षा करना है जिसने वचन पर भरोसा करके अपनी स्थिति में परिवर्तन किया हो।
- यह सिद्धांत न्याय, निष्पक्षता और सद्भावना (Equity, Fairness and Good Faith) के सिद्धांतों पर आधारित है।
वचनबद्ध निरोध सिद्धांत कब लागू होता है ?
वचनबद्ध निरोध (Promissory Estoppel) का सिद्धांत निम्न परिस्थितियों में लागू होता है—
- वचन देने वाले द्वारा स्पष्ट और निश्चित वादा किया गया हो।
- वचन प्राप्त करने वाले व्यक्ति ने उस वादे पर उचित रूप से भरोसा किया हो।
- उस भरोसे के आधार पर उसने कोई कार्य किया हो या अपनी स्थिति में परिवर्तन किया हो।
- वादे को पूरा न करने के कारण उसे वास्तविक नुकसान या हानि हुई हो।
- न्याय सुनिश्चित करने के लिए उस वादे को लागू करना आवश्यक हो।
वचनबद्ध निरोध (Promissory Estoppel) की प्रमुख शर्तें
इस सिद्धांत के लागू होने के लिए निम्नलिखित आवश्यक तत्व होने चाहिए—
- स्पष्ट एवं असंदिग्ध (Clear and Unambiguous) वादा।
- वचन प्राप्तकर्ता द्वारा उस पर उचित विश्वास (Reasonable Reliance)।
- उस विश्वास के आधार पर की गई कार्रवाई।
- वादा पूरा न होने से हुई हानि (Detriment or Loss)।
- अन्याय को रोकने की आवश्यकता (Need to Avoid Injustice)।
उदाहरण-1
- यदि कोई विक्रेता ग्राहक से मौखिक रूप से यह वादा करता है कि कपड़े आकार के अनुसार फिट न होने पर वापस लिए जाएंगे।
- ग्राहक उस वादे पर भरोसा करके कपड़े खरीद लेता है।
- बाद में कपड़े फिट न होने पर ग्राहक उन्हें लौटाने जाता है।
- ऐसी स्थिति में विक्रेता कपड़े वापस लेने से इंकार नहीं कर सकता, क्योंकि ग्राहक ने उसके वादे पर भरोसा करके खरीदारी की थी।
उदाहरण-II
- मान लीजिए आपके मकान मालिक ने आपसे कहा, "अगर तुम इस दुकान की मरम्मत अपने खर्च पर करवा लो, तो मैं अगले दो साल तक तुम्हारा किराया नहीं बढ़ाऊंगा।"
- मकान मालिक के इस वादे पर भरोसा करके आपने दुकान में ₹2 लाख लगा दिए। लेकिन तीन महीने बाद ही वह किराया बढ़ाने का नोटिस भेज देता है।
- कागजी कानून के हिसाब से: आपके बीच कोई नया लिखित कॉन्ट्रैक्ट नहीं हुआ था।
- प्रोमिसरी एस्टॉपेल के हिसाब से: कोर्ट कहेगा, "आपने वादा किया, सामने वाले ने उस वादे पर भरोसा करके पैसे खर्च किए (नुकसान उठाया), इसलिए अब आप अपनी बात से मुकर नहीं सकते।"
भारत में न्यायिक दृष्टिकोण
सर्वोच्च न्यायालय ने Chhaganlal Keshavalal Mehta v. Patel Narandas Haribhai (1981) के मामले में Promissory Estoppel लागू करने के लिए महत्वपूर्ण शर्तें निर्धारित की थीं—
- पहला, वादा स्पष्ट और असंदिग्ध होना चाहिए।
- दूसरा, वचन प्राप्तकर्ता ने उस वादे पर उचित रूप से भरोसा करके कार्य किया हो।
- तीसरा, वादे के उल्लंघन से उसे वास्तविक हानि हुई हो।
हालिया सर्वोच्च न्यायालय का निर्णय
हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय की पीठ, जिसमें Justice J.B. Pardiwala और Justice K.V. Viswanathan शामिल थे, ने महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा कि—
- Promissory Estoppel का सिद्धांत किसी ऐसी सरकारी नीति के लाभ प्राप्त करने के लिए लागू नहीं किया जा सकता, जिसका उद्देश्य संबंधित वर्ग को लाभ देना ही नहीं था।
- यदि किसी सरकारी नीति का लाभ किसी विशेष उद्योग या वर्ग के लिए निर्धारित नहीं है, तो केवल अपेक्षा या अनुमान के आधार पर उसका दावा नहीं किया जा सकता।
- न्यायालय ने इस संबंध में Himachal Pradesh High Court के उस निर्णय को निरस्त कर दिया, जिसमें राज्य सरकार को रियायती बिजली दरों का लाभ देने का निर्देश दिया गया था।
महत्व
- यह सिद्धांत प्रशासनिक कानून (Administrative Law) और संविदा कानून (Contract Law) में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
- यह सरकार तथा निजी संस्थाओं दोनों को अपने वैध वादों के प्रति जवाबदेह बनाता है।
- साथ ही, यह सुनिश्चित करता है कि कोई व्यक्ति या संस्था अपने वादे से पीछे हटकर दूसरे पक्ष को अनुचित नुकसान न पहुँचाए।