New
Hindi Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 6th July 2026, 6:00 PM Hindi Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 5th July 2026, 8:00 AM English Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 26th July 2026 English Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 15th July 2026, 8:00 AM Hindi Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 6th July 2026, 6:00 PM Hindi Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 5th July 2026, 8:00 AM English Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 26th July 2026 English Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 15th July 2026, 8:00 AM

वैवाहिक विवादों में नियोक्ता को शिकायत : प्रतिष्ठा का अधिकार और न्यायिक संतुलन

संदर्भ 

हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय ने वैवाहिक विवादों के दौरान पत्नियों द्वारा अपने पतियों के नियोक्ताओं को शिकायत-पत्र भेजने की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त की। न्यायालय ने कहा कि यदि ऐसे पत्रों के कारण पति की नौकरी या पेशेवर प्रतिष्ठा प्रभावित होती है, तो इसका प्रतिकूल प्रभाव उसकी भरण-पोषण (मेंटेनेंस) देने की क्षमता पर भी पड़ सकता है। यह विषय प्रतिष्ठा के अधिकार, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, वैवाहिक विवादों और न्यायिक उत्तरदायित्व के बीच संतुलन स्थापित करने की आवश्यकता को रेखांकित करता है। 

प्रकरण की पृष्ठभूमि

  • सर्वोच्च न्यायालय एक ऐसे मामले की सुनवाई कर रहा था जिसमें एक महिला ने अपने पति के मित्र द्वारा दायर मानहानि के वाद को अन्य न्यायालय में स्थानांतरित करने की मांग की थी। सुनवाई के दौरान न्यायालय ने टिप्पणी की कि उसके समक्ष कई ऐसे मामले आए हैं, जिनमें वैवाहिक विवाद लंबित रहने के दौरान पत्नियों ने पतियों के नियोक्ताओं को शिकायत-पत्र भेजे और इससे उनकी सेवा तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई। 
  • महिला की ओर से यह तर्क दिया गया कि संबंधित पत्र केवल पति द्वारा लगाए गए कथित झूठे चोरी के आरोपों के संदर्भ में अपना पक्ष स्पष्ट करने के उद्देश्य से लिखा गया था। विवाद के सौहार्दपूर्ण समाधान की संभावना देखते हुए न्यायालय ने मामले को सर्वोच्च न्यायालय मध्यस्थता केंद्र भेज दिया।  

न्यायालयों का दृष्टिकोण 

  • भारतीय न्यायालयों के समक्ष समय-समय पर ऐसे मामले आए हैं जिनमें एक जीवनसाथी ने दूसरे के नियोक्ता के समक्ष व्यक्तिगत आरोप लगाकर कार्रवाई या सेवा समाप्ति की मांग की।  
  • दिल्ली उच्च न्यायालय के एक महत्वपूर्ण निर्णय में पृथक रह रही पत्नी ने अपने पति के नियोक्ता, लोकसभा सचिवालय, को पत्र लिखकर दुर्व्यवहार एवं आर्थिक मांगों के आरोप लगाए। न्यायालय ने कहा कि यदि उद्देश्य केवल भरण-पोषण प्राप्त करना था, तो आरोपात्मक पत्र लिखने की आवश्यकता नहीं थी। 
  • न्यायालय के अनुसार नियोक्ता के समक्ष लगाए गए झूठे एवं निराधार आरोप कर्मचारी की प्रतिष्ठा, करियर तथा मानसिक शांति को गंभीर रूप से प्रभावित करते हैं और यह मानसिक क्रूरता की श्रेणी में आता है। परिणामस्वरूप हिंदू विवाह अधिनियम, 1955 की धारा 13(1)(i-a) के अंतर्गत विवाह-विच्छेद को वैध माना गया।  
  • इसी प्रकार मद्रास उच्च न्यायालय ने भी माना कि नियोक्ताओं अथवा वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष लगाए गए निराधार आरोप वैवाहिक संबंधों को अपूरणीय क्षति पहुँचाते हैं और इन्हें मानसिक क्रूरता माना जाएगा।

विधिक परिप्रेक्ष्य

  • भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 144 के अनुसार यदि न्यायालय भरण-पोषण का आदेश पारित करता है और उसका पालन नहीं होता, तो न्यायालय नियोक्ता को कर्मचारी के वेतन से निर्धारित राशि काटकर सीधे पत्नी के बैंक खाते में जमा कराने का निर्देश दे सकता है। अर्थात भरण-पोषण प्राप्त करने के लिए विधिक व्यवस्था पहले से उपलब्ध है।
  • दूसरी ओर, यदि नियोक्ता को भेजी गई शिकायत झूठी, दुर्भावनापूर्ण या प्रतिष्ठा को नुकसान पहुँचाने के उद्देश्य से की गई हो, तो भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 356 के अंतर्गत आपराधिक मानहानि की कार्यवाही प्रारंभ की जा सकती है। 

क्या केवल शिकायत के आधार पर नौकरी समाप्त हो सकती है?

  • निजी क्षेत्र में केवल आरोपों के आधार पर किसी कर्मचारी की सेवा समाप्त नहीं की जा सकती। सामान्यतः नियोक्ता सेवा नियमों और अनुबंध की शर्तों के अनुसार निष्पक्ष आंतरिक जाँच करते हैं।
  • वैवाहिक विवादों में प्रायः तभी कार्रवाई होती है जब कर्मचारी के विरुद्ध गंभीर आपराधिक मामला दर्ज हो या उसकी गिरफ्तारी हुई हो। बिना उचित जाँच के सेवा समाप्ति को कर्मचारी सक्षम न्यायिक मंच पर चुनौती दे सकता है।  
  • सरकारी सेवा में कर्मचारी आचरण नियमों के अधीन कार्य करते हैं। दोष सिद्ध होने या सेवा नियमों के उल्लंघन पर दंड दिया जा सकता है, परंतु केवल शिकायत के आधार पर बर्खास्तगी या दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जा सकती। हालांकि, यदि कोई सरकारी कर्मचारी 48 घंटे से अधिक समय तक न्यायिक या पुलिस हिरासत में रहता है, तो सेवा नियमों के अनुसार उसे स्वतः निलंबित माना जाता है।

प्रमुख संवैधानिक प्रश्न  

यह विषय कई महत्वपूर्ण प्रश्न उठाता है - 

  • क्या वैवाहिक विवादों में प्रतिष्ठा के अधिकार को पर्याप्त संरक्षण प्राप्त है?
  • क्या शिकायत करने का अधिकार किसी की व्यावसायिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुँचाने का माध्यम बन सकता है?
  • अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और प्रतिष्ठा के अधिकार के बीच संतुलन कैसे स्थापित किया जाए?
  • क्या मध्यस्थता और पारिवारिक न्यायालयों की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाया जाना चाहिए? 

आगे की राह 

  • इस विषय में संतुलित दृष्टिकोण आवश्यक है। वैवाहिक विवादों के समाधान के लिए मध्यस्थता एवं पारिवारिक न्यायालयों को अधिक सशक्त बनाया जाना चाहिए। भरण-पोषण संबंधी आदेशों के क्रियान्वयन हेतु वैधानिक प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए, न कि नियोक्ताओं पर अनौपचारिक दबाव बनाया जाए। 
  • साथ ही, न्यायालयों को झूठी एवं दुर्भावनापूर्ण शिकायतों तथा वास्तविक उत्पीड़न के मामलों के बीच स्पष्ट अंतर बनाए रखना चाहिए। कार्यस्थलों पर भी ऐसी शिकायतों के निस्तारण के लिए निष्पक्ष, गोपनीय और विधिसम्मत प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए।

निष्कर्ष 

  • वैवाहिक विवाद निजी संबंधों तक सीमित नहीं रहते, बल्कि व्यक्ति की व्यावसायिक प्रतिष्ठा, आजीविका और मौलिक अधिकारों को भी प्रभावित कर सकते हैं। 
  • सर्वोच्च न्यायालय की हालिया टिप्पणी यह स्पष्ट करती है कि शिकायत करने का अधिकार महत्वपूर्ण है, लेकिन उसका प्रयोग किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा या रोजगार को अनावश्यक रूप से प्रभावित करने के साधन के रूप में नहीं होना चाहिए। इसलिए आवश्यक है कि भरण-पोषण, न्यायिक संरक्षण, प्रतिष्ठा के अधिकार, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और निष्पक्ष प्रक्रिया के बीच संतुलन स्थापित किया जाए, जिससे न्याय तथा संवैधानिक मूल्यों की समान रूप से रक्षा सुनिश्चित हो सके। 
« »
  • SUN
  • MON
  • TUE
  • WED
  • THU
  • FRI
  • SAT
Have any Query?

Our support team will be happy to assist you!

OR