New
Hindi Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 3rd Aug 2026, 6:00 PM Hindi Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 18th Aug 2026, 8:00 AM English Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 6th Aug 2026 English Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 15th July 2026, 8:00 AM Hindi Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 3rd Aug 2026, 6:00 PM Hindi Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 18th Aug 2026, 8:00 AM English Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 6th Aug 2026 English Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 15th July 2026, 8:00 AM

हवाईअड्डा संचालकों और एयरलाइनों के बीच क्रॉस-ओनरशिप

संदर्भ 

भारत का नागरिक उड्डयन क्षेत्र पिछले दो दशकों में तेजी से विकसित हुआ है। बढ़ते हवाई यातायात, नए हवाईअड्डों के निर्माण और निजी निवेश के विस्तार ने भारत को विश्व के सबसे बड़े विमानन बाजारों में शामिल कर दिया है। इसी क्रम में केंद्र सरकार हवाईअड्डा संचालकों और एयरलाइनों के बीच क्रॉस-ओनरशिप (Cross Ownership) संबंधी नियमों में बदलाव पर विचार कर रही है। इसका उद्देश्य विमानन क्षेत्र में निवेश को बढ़ावा देना, नई एयरलाइनों के प्रवेश को आसान बनाना और प्रतिस्पर्धा को मजबूत करना बताया जा रहा है। हालांकि, इस प्रस्ताव ने हितों के टकराव और बाजार में निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा को लेकर गंभीर बहस को जन्म दिया है। 

क्रॉस-ओनरशिप क्या है? 

क्रॉस-ओनरशिप का अर्थ है कि एक ही कारोबारी समूह या संस्था का हवाईअड्डा संचालन और एयरलाइन व्यवसाय दोनों में स्वामित्व या नियंत्रण होना। वर्तमान में भारत में हवाईअड्डा संचालकों और एयरलाइनों के बीच इस प्रकार के संबंधों को सीमित किया गया है, ताकि हवाईअड्डे सभी एयरलाइनों के लिए निष्पक्ष और तटस्थ मंच के रूप में कार्य कर सकें। 

सरकार का प्रस्ताव 

नागरिक उड्डयन मंत्रालय मौजूदा प्रतिबंधों में संभावित ढील की समीक्षा कर रहा है। इस संबंध में एक कॉन्सेप्ट नोट तैयार किया जा रहा है, जिस पर नीति आयोग और अन्य मंत्रालयों से परामर्श के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा। वर्तमान नियम मुख्य रूप से हवाईअड्डा रियायत समझौतों में शामिल हैं -

  • दिल्ली और मुंबई हवाईअड्डों के लिए किसी एयरलाइन की हवाईअड्डा संचालक कंपनी में अधिकतम हिस्सेदारी सीमा 10 प्रतिशत है।
  • नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) और नवी मुंबई हवाईअड्डे के समझौतों में यह सीमा अपेक्षाकृत अधिक है और 26 प्रतिशत तक हिस्सेदारी की अनुमति है।
  • ये नियम हवाईअड्डा संचालकों को भी एयरलाइनों में बड़ी हिस्सेदारी लेने से रोकते हैं। 

नियमों में बदलाव के बाद की परिस्थिति:

सरकार का मानना है कि नियमों में बदलाव से -

  • विमानन क्षेत्र में नए निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा।
  • नई एयरलाइनों के प्रवेश की संभावना बढ़ेगी।
  • घरेलू विमानन बाजार में प्रतिस्पर्धा को मजबूती मिलेगी। 

वर्तमान में भारत के घरेलू विमानन बाजार में इंडिगो और एयर इंडिया समूह का प्रभुत्व है, जो मिलकर लगभग 90 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी रखते हैं।

प्रस्ताव के पीछे का संदर्भ  

  • यह बहस ऐसे समय में सामने आई है जब दिसंबर 2025 में इंडिगो की बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द हुई थीं। पायलट रोस्टरिंग से जुड़ी समस्याओं के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था। इस घटना ने भारतीय विमानन क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा, क्षमता और नियामकीय व्यवस्था पर चर्चा को तेज कर दिया। 
  • कुछ मीडिया रिपोर्टों ने इस प्रस्ताव को अडानी समूह की एयरलाइन क्षेत्र में संभावित रुचि से जोड़ा है। अडानी समूह पहले से ही भारत का सबसे बड़ा निजी हवाईअड्डा संचालक है और देश के आठ हवाईअड्डों का संचालन करता है। समूह की विमानन क्षेत्र में मौजूदगी हवाईअड्डा संचालन के अलावा विमान रखरखाव, मरम्मत एवं ओवरहॉल (Maintenance, Repair and Overhaul-MRO) सेवाओं, पायलट प्रशिक्षण, ग्राउंड हैंडलिंग और अन्य एयरपोर्ट सेवाओं तक फैली हुई है।  

हितों के टकराव की आशंका 

वर्तमान व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य हवाईअड्डों को तटस्थ अवसंरचना प्रदाता बनाए रखना है। यदि कोई हवाईअड्डा संचालक किसी एयरलाइन का मालिक बन जाता है, तो निम्नलिखित क्षेत्रों में पक्षपात की संभावना उत्पन्न हो सकती है - 

  • उड़ान स्लॉट (Slot) आवंटन,
  • गेट उपलब्धता,
  • टर्मिनल सुविधाओं का उपयोग,
  • ग्राउंड सेवाओं तक पहुंच,
  • परिचालन संबंधी निर्णय। 

उदाहरण के लिए, एक हवाईअड्डा संचालक अपनी संबद्ध एयरलाइन को बेहतर समय स्लॉट या सुविधाएँ देकर प्रतिस्पर्धी एयरलाइनों को नुकसान पहुँचा सकता है। वस्तुतः इन्हीं चिंताओं को देखते हुए सरकार संभावित बदलावों के साथ सुरक्षा उपायों पर भी विचार कर रही है।

सुरक्षा उपाय 

संभावित सुरक्षा उपायों में शामिल हैं - 

  • हवाईअड्डा और एयरलाइन कंपनियों के बीच व्यावसायिक रूप से संवेदनशील जानकारी साझा करने पर रोक।
  • दोनों संस्थाओं में समान प्रमुख प्रबंधकीय अधिकारियों की नियुक्ति पर प्रतिबंध।
  • निर्णय प्रक्रिया में स्वतंत्रता बनाए रखने के लिए आर्म्स-लेंथ रिलेशनशिप सुनिश्चित करना। 

एयरलाइनों की आपत्तियाँ 

भारत की प्रमुख एयरलाइनों ने इस प्रस्ताव पर चिंता व्यक्त की है।

  • इंडिगो का तर्क है कि हवाईअड्डा संचालकों और एयरलाइनों का एक ही स्वामित्व ढांचा उपभोक्ताओं के हितों के विरुद्ध जा सकता है और प्रतिस्पर्धा को कमजोर कर सकता है। 
  • इंडिगो के प्रबंध निदेशक राहुल भाटिया के अनुसार, वैश्विक स्तर पर भी ऐसा मॉडल सामान्य नहीं है क्योंकि इससे गंभीर हितों के टकराव की संभावना रहती है। 
  • एयर इंडिया ने भी ऊर्ध्वाधर एकीकरण (Vertical Consolidation) को लेकर चिंता जताई है। उसका मानना है कि यदि कोई समूह विमानन मूल्य श्रृंखला के कई हिस्सों पर नियंत्रण रखता है, तो वह प्रतिस्पर्धियों की तुलना में अपनी एयरलाइन को अनुचित लाभ दे सकता है। 

वैश्विक उदाहरण 

दुनिया के कुछ देशों में हवाईअड्डों और एयरलाइनों के बीच साझा स्वामित्व मौजूद है, लेकिन अधिकांश उदाहरण सरकारी नियंत्रण वाले हैं।

  • सिंगापुर: सिंगापुर में चांगी एयरपोर्ट और सिंगापुर एयरलाइंस दोनों सरकारी निवेश व्यवस्था से जुड़े हुए हैं। यहाँ एक मजबूत राष्ट्रीय एयरलाइन अपने प्रमुख हब एयरपोर्ट से जुड़ी है।
  • कतर: कतर सरकार हमाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट और कतर एयरवेज दोनों को नियंत्रित करती है।
  • संयुक्त अरब अमीरात: दुबई में दुबई एयरपोर्ट्स और एमिरेट्स एयरलाइंस तथा अबू धाबी में अबू धाबी एयरपोर्ट्स और एतिहाद एयरवेज सरकारी नियंत्रण में हैं। 

हालांकि, भारत की स्थिति इन देशों से अलग है। भारत में कई निजी एयरलाइंस और निजी हवाईअड्डा संचालक प्रतिस्पर्धी बाजार में कार्य करते हैं। इसलिए यहाँ क्रॉस-ओनरशिप का प्रभाव अलग हो सकता है।

भारत के लिए संभावित लाभ 

यदि उचित नियमन के साथ क्रॉस-ओनरशिप की अनुमति दी जाती है, तो इसके कुछ संभावित लाभ हो सकते हैं - 

  • निवेश में वृद्धि: विमानन क्षेत्र में बड़े निवेश आकर्षित हो सकते हैं।
  • नई एयरलाइनों को प्रोत्साहन: हवाईअड्डा और एयरलाइन व्यवसाय के बीच बेहतर समन्वय से नए खिलाड़ियों को बाजार में प्रवेश में सहायता मिल सकती है।
  • अवसंरचना विकास: एकीकृत निवेश मॉडल से हवाईअड्डों और विमानन सेवाओं के विकास में तेजी आ सकती है।

संभावित चुनौतियाँ 

  • प्रतिस्पर्धा में कमी।
  • छोटे एयरलाइनों के लिए असमान अवसर।
  • उपभोक्ताओं के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव।
  • बाजार में किसी एक समूह के अत्यधिक प्रभाव की संभावना।

आगे की राह 

  • भारत को विमानन क्षेत्र में निवेश और प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के साथ-साथ निष्पक्ष बाजार व्यवस्था बनाए रखने के बीच संतुलन स्थापित करना होगा। किसी भी नीति परिवर्तन से पहले मजबूत नियामकीय ढांचा आवश्यक होगा।
  • स्वतंत्र निगरानी व्यवस्था, पारदर्शी स्लॉट आवंटन प्रणाली, डेटा सुरक्षा और प्रतिस्पर्धा आयोग जैसी संस्थाओं की भूमिका को मजबूत करके ही क्रॉस-ओनरशिप के लाभों को सुरक्षित किया जा सकता है।

निष्कर्ष 

हवाईअड्डा संचालकों और एयरलाइनों के बीच क्रॉस-ओनरशिप का मुद्दा भारत के विमानन क्षेत्र के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। जहाँ एक ओर यह निवेश और प्रतिस्पर्धा बढ़ाने का अवसर प्रदान कर सकता है, वहीं दूसरी ओर हितों के टकराव और बाजार असंतुलन की चुनौती भी प्रस्तुत करता है। इसलिए सरकार को ऐसा संतुलित नियामकीय मॉडल अपनाना होगा, जो निजी निवेश को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उपभोक्ता हितों और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा की रक्षा भी करे।  

« »
  • SUN
  • MON
  • TUE
  • WED
  • THU
  • FRI
  • SAT
Have any Query?

Our support team will be happy to assist you!

OR