New
Hindi Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 10th Aug 2026, 3:00 PM Hindi Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 18th Aug 2026, 8:00 AM English Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 6th Aug 2026 English Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 15th July 2026, 8:00 AM Hindi Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 10th Aug 2026, 3:00 PM Hindi Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 18th Aug 2026, 8:00 AM English Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 6th Aug 2026 English Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 15th July 2026, 8:00 AM

यूरोप के जंगलों में बढ़ती आग की घटनाएँ

संदर्भ  

समसामयिक वैश्विक परिदृश्य में जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभाव अब केवल आशंकाएँ नहीं, बल्कि प्रत्यक्ष आपदाओं के रूप में सामने आ रहे हैं। यूरोप में विशेष रूप से ग्रीस, स्पेन, फ्रांस, पुर्तगाल और इटली जैसे देशों में भीषण जंगल की आग ने गंभीर पर्यावरणीय संकट उत्पन्न किया है। इन घटनाओं में लाखों हेक्टेयर वन क्षेत्र नष्ट हुए हैं और बड़े पैमाने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा है। वर्तमान में ये वनाग्नि केवल मौसमी घटनाएँ नहीं रह गई हैं, बल्कि छठी पीढ़ी (Sixth Generation) की अत्यधिक तीव्र और विनाशकारी आपदाओं का रूप ले रही हैं, जो पारिस्थितिक तंत्र को व्यापक नुकसान पहुँचा रही हैं। 

यूरोप में वनाग्नि की भीषणता के अंतर्निहित कारक 

यूरोप में जंगल की आग की तीव्रता, संचरण गति और तापमान में हुई अप्रत्याशित वृद्धि के पीछे कई भू-जलवायु और मानव-प्रेरित कारक उत्तरदायी हैं:  

  • जलवायु परिवर्तन एवं तापमान वृद्धि: वैश्विक तापन (Global Warming) के कारण वायुमंडल की नमी धारण करने की क्षमता में बदलाव आया है, जिससे ग्रीष्मकाल अत्यधिक लंबे और शुष्क हो रहे हैं।
  • अस्थिर मौसम चक्र (Climate Whiplash): मौसम की चरम दशाओं का यह एक ऐसा चक्र है जिसमें अत्यधिक वर्षा और भीषण सूखे के बीच का अंतर बहुत कम हो जाता है।
  • मानव-प्रेरित भूमि उपयोग में परिवर्तन: ग्रामीण क्षेत्रों का परित्याग और पारंपरिक कृषि पद्धतियों का ह्रास इसके प्रमुख कारण हैं। 

ऐसी आधुनिक वनाग्नियाँ अपने स्वयं के स्थानीय मौसम तंत्र (Local Weather System) को सृजित करने में सक्षम होती हैं, जो न केवल संपूर्ण पारिस्थितिकी को नष्ट करती हैं, बल्कि भारी मात्रा में कार्बन डाइऑक्साइड का उत्सर्जन कर वैश्विक तापवृद्धि के दुष्चक्र को और तीव्र करती हैं।  

प्रमुख अवधारणाएँ: क्लाइमेट व्हिपलैश और फायर क्लाउड (PyroCb) 

1. क्लाइमेट व्हिपलैश (Climate Whiplash)

क्लाइमेट व्हिपलैश से तात्पर्य कम समयावधि में मौसम की विपरीत और चरम स्थितियों के बीच होने वाले तीव्र बदलाव से है। वनाग्नि के संदर्भ में यह एक विशिष्ट श्रृंखला का निर्माण करता है:

  • असामान्य वर्षा: किसी अवधि में अत्यधिक वर्षा होना।
  • वनस्पति का त्वरित विकास: इस नमी के कारण घास, झाड़ियों और खरपतवार का तीव्र विस्तार होता है।
  • तीव्र सूखा और उष्णता: इसके तुरंत बाद भीषण गर्मी और लंबे सूखे का दौर आता है, जिससे प्रचुर मात्रा में उत्पन्न यह नई वनस्पति पूरी तरह सूखकर ज्वलनशील ईंधन (Fuel Load) में परिवर्तित हो जाती है।  

2. पाइरोक्यूम्यूलोनिम्बस (Pyrocumulonimbus / PyroCb) या फायर क्लाउड

यह अत्यधिक भीषण वनाग्नि के ऊपर विकसित होने वाली एक खतरनाक बादलों की प्रणाली है, जिसे वस्तुतः आग से उत्पन्न तूफानी बादल कहा जाता है। इसके निर्माण की प्रक्रिया निम्नलिखित चरणों में होती है: 

  • तीव्र ऊर्ध्वगामी वायु प्रवाह (Intense Updrafts): भीषण आग से उत्पन्न भयंकर गर्मी, धुआँ, राख और जलती वनस्पति की नमी मिलकर एक तीव्र ऊर्ध्वगामी धारा का निर्माण करती है जो इन्हें वायुमंडल में तेजी से ऊपर धकेलती है।
  • संघनन और शीतलन (Cooling and Condensation): जब यह गर्म हवा का स्तंभ 10 से 15 किलोमीटर की ऊँचाई पर पहुँचता है, तो यह फैलकर ठंडा होने लगता है। इसमें मौजूद नमी धुएँ और राख के सूक्ष्म कणों (Aerosols) के इर्द-गिर्द संघनित हो जाती है। 
  • तूफानी बादलों का सृजन: इसके परिणामस्वरुप विशालकाय PyroCb बादलों का निर्माण होता है जो स्वयं में बिजली गिराने, तेज और अनियंत्रित हवाएँ (Erratic Winds) उत्पन्न करने तथा स्थानीय स्तर पर शुष्क या मानसूनी वर्षा करने में सक्षम होते हैं।
  • प्रतिक्रिया लूप (Feedback Loop): इन बादलों से गिरने वाली बिजली नए क्षेत्रों में आग भड़का देती है, जबकि अनियंत्रित हवाएँ आग की दिशा को अचानक मोड़ देती हैं, जिससे आपदा प्रबंधन एवं शमन कार्य अत्यंत दुष्कर हो जाते हैं।

वनाग्नि के प्रसार के अन्य संरचनात्मक एवं पारिस्थितिक कारण 

  • ग्रामीण क्षेत्रों का परित्याग (Rural Abandonment): यूरोप के ग्रामीण इलाकों से शहरी पलायन के कारण पारंपरिक कृषि, लघु स्तरीय पशुपालन और वानिकी प्रबंधन में भारी गिरावट आई है।
  • अनियंत्रित वनस्पति वृद्धि: परित्यक्त भूमि पर घनी झाड़ियाँ और सूखी घास अनायास उग आती हैं, जो आग के लिए एक निरंतर परत तैयार करती हैं।
  • आग नियंत्रण का विरोधाभास (Paradox of Fire Suppression): दशकों तक सीमित क्षेत्र और प्राकृतिक आगजनी की घटनाओं को पूर्णतः रोकने की नीति के परिणामस्वरूप जंगलों में अत्यधिक ज्वलनशील बायोमास (Fuel Load) जमा हो गया है। जब यह अवरोध टूटता है, तो आग और अधिक भयंकर रूप ले लेती है। 

यूरोप में वनाग्नि के बहुआयामी प्रभाव 

  • आर्थिक क्षति: यूरोपीय संघ को बुनियादी ढाँचे की क्षति, कृषि एवं वानिकी के नुकसान तथा पर्यटन क्षेत्र में गिरावट के कारण प्रतिवर्ष लगभग 2.5 अरब यूरो की आर्थिक हानि उठानी पड़ती है।
  • पारिस्थितिकी एवं जैव विविधता का ह्रास: यह प्राकृतिक आवासों को नष्ट कर मृदा की उर्वरता और सूक्ष्म जीवों को समाप्त कर देती है। साथ ही, भारी कार्बन उत्सर्जन के माध्यम से ग्लोबल वार्मिंग को उत्प्रेरित करती है।
  • जनस्वास्थ्य पर संकट: वनाग्नि से उत्सर्जित विषैला धुआँ हजारों किलोमीटर दूर तक वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) को बिगाड़ देता है, जिससे श्वसन संबंधी बीमारियाँ (Respiratory Issues) और जन-विस्थापन जैसी मानवीय समस्याएँ उत्पन्न होती हैं। 

तुलनात्मक परिप्रेक्ष्य: भारत बनाम यूरोप में जंगल की आग 

यूरोप की वनाग्नि जहाँ मुख्य रूप से जलवायु परिवर्तन, शुष्क उष्णता और PyroCb जैसी जटिल मौसम प्रणालियों से जुड़ी हैं, वहीं भारत में अधिकांश वनाग्नि मानवीय गतिविधियों से प्रेरित होती हैं:

  • प्रमुख कारण: कृषि अवशेष (पराली/फसल अवशेष) जलाना, महुआ फूल या अन्य गैर-काष्ठ वन उत्पाद (NTFP) एकत्र करते समय बरती गई असावधानी, और जानबूझकर या लापरवाही से उत्पन्न चिंगारियाँ। 
  • संवेदनशील क्षेत्र: भारत में पूर्वोत्तर राज्य, ओडिशा, छत्तीसगढ़ तथा हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र (विशेषकर उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के चीड़/पाइन के जंगल जो अपनी ज्वलनशील पत्तियों पाइनीज के लिए जाने जाते हैं) शुष्क ग्रीष्मकाल में वनाग्नि के प्रति सर्वाधिक संवेदनशील हैं। 

रणनीतिक समाधान एवं आगे की राह (Way Forward) 

वनाग्नि की इस वैश्विक चुनौती से निपटने के लिए पारंपरिक रूप से केवल आग बुझाने (Fire Fighting) की प्रतिक्रियावादी नीति से आगे बढ़कर जोखिम शासन (Risk Governance) की ओर बढ़ना होगा:

  • सक्रिय भूमि और ईंधन प्रबंधन (Active Landscape Management): नियंत्रित पशु चराई को प्रोत्साहन, ज्वलनशील झाड़ियों की समय पर कटाई और प्राकृतिक अग्नि अवरोधकों (Firebreaks) का निर्माण किया जाना चाहिए।
  • जोखिम न्यूनीकरण पर केंद्रित दृष्टिकोण: आपदा के बाद सक्रिय होने के बजाय प्रारंभिक चेतावनी प्रणालियों (Early Warning Systems), सामुदायिक स्तर पर जागरूकता और सुरक्षित निकासी प्रोटोकॉल को मजबूत करना आवश्यक है। 
  • ग्रामीण अर्थव्यवस्था का पुनर्जीवन: ग्रामीण क्षेत्रों में संधारणीय कृषि और आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देकर भूमि परित्याग की प्रवृत्ति को रोका जाए ताकि वनों का मानवीय संरक्षण सुनिश्चित हो सके। 
  • पारिस्थितिकीय पुनरुद्धार (Resilient Ecosystems): एकल प्रजाति (Monoculture) के अत्यधिक ज्वलनशील पेड़ों (जैसे चीड़) के स्थान पर स्थानीय, आर्द्रता-प्रेमी और अग्नि-सहनशील प्रजातियों के वृक्षारोपण को प्राथमिकता दी जाए।  

निष्कर्ष 

यूरोप में बढ़ती वनाग्नि इस बात का अकाट्य प्रमाण है कि जलवायु परिवर्तन और अनियोजित भूमि उपयोग का सह-संयोजन किस प्रकार एक गंभीर पर्यावरणीय आपातकाल को जन्म दे रहा है। पारंपरिक शमन पद्धतियाँ अब अपर्याप्त सिद्ध हो रही हैं। अतः वैज्ञानिक दृष्टिकोण, आधुनिक तकनीक (जैसे उपग्रह आधारित निगरानी और एआई-आधारित पूर्वानुमान), सक्रिय भू-प्रबंधन और सामुदायिक सहभागिता के समन्वय से ही इस विभीषिका के दीर्घकालिक समाधान की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है। 

« »
  • SUN
  • MON
  • TUE
  • WED
  • THU
  • FRI
  • SAT
Have any Query?

Our support team will be happy to assist you!

OR