New
Hindi Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 10th Aug 2026, 3:00 PM Hindi Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 18th Aug 2026, 8:00 AM English Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 6th Aug 2026 English Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 19th Aug 2026, 11:00 AM Hindi Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 10th Aug 2026, 3:00 PM Hindi Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 18th Aug 2026, 8:00 AM English Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 6th Aug 2026 English Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 19th Aug 2026, 11:00 AM

इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक: वित्तीय समावेशन की नई राह

संदर्भ 

भारत में वित्तीय समावेशन को मजबूत करने की दिशा में इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) ने अपने 9वें स्थापना दिवस पर न केवल अपनी उपलब्धियों को रेखांकित किया, बल्कि आने वाले वर्षों की प्राथमिकताओं का भी संकेत दिया। देश के हर नागरिक तक सुलभ, समावेशी और प्रौद्योगिकी-सक्षम वित्तीय सेवाएँ पहुँचाने के उद्देश्य से स्थापित आईपीपीबी आज बैंकिंग, डिजिटल भुगतान, सरकारी लाभों और अन्य वित्तीय सेवाओं को आम नागरिक तक पहुँचाने वाले एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में उभरा है।

इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) के बारे में  

  • 1 सितंबर 2018 को शुरू हुए आईपीपीबी ने इंडिया पोस्ट के व्यापक नेटवर्क और डिजिटल तकनीक को एक साथ जोड़कर अंतिम छोर तक बैंकिंग सेवाएँ पहुँचाने का एक विशिष्ट मॉडल विकसित किया है। 
  • इसका मूल उद्देश्य उन नागरिकों तक बैंकिंग सुविधाएँ पहुँचाना है, जिनकी औपचारिक बैंकिंग सेवाओं तक पहुँच सीमित रही है। यही कारण है कि आईपीपीबी की कार्यप्रणाली में तकनीक के साथ-साथ डाक नेटवर्क का भरोसा और व्यापक भौगोलिक पहुँच महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। 

वित्तीय समावेशन से डिजिटल सशक्तीकरण तक 

  • पिछले नौ वर्षों में आईपीपीबी ने ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में वित्तीय सेवाओं की पहुँच को व्यापक बनाने में उल्लेखनीय प्रगति की है। 31 मार्च 2026 तक बैंक के 13.25 करोड़ से अधिक ग्राहक हैं, जिनमें 77 प्रतिशत ग्रामीण क्षेत्रों से और 49 प्रतिशत महिलाएँ हैं। इन ग्राहकों ने बैंक में ₹29,104 करोड़ जमा किए हैं।
  • डिजिटल वित्तीय लेन-देन के क्षेत्र में भी बैंक ने बड़े पैमाने पर विस्तार किया है। इस अवधि में ₹21.61 लाख करोड़ के डिजिटल वित्तीय लेन-देन दर्ज किए गए, जिनमें ₹7.41 लाख करोड़ के यूपीआई (UPI) रेमिटेंस शामिल हैं। यह आँकड़ा देश में तेजी से बढ़ती डिजिटल भुगतान संस्कृति और कम-कैश वाली अर्थव्यवस्था की दिशा में हो रहे परिवर्तन को भी दर्शाता है।
  • सरकारी कल्याणकारी योजनाओं को नागरिकों तक पहुँचाने में भी आईपीपीबी की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। बैंक के माध्यम से 6.5 करोड़ डीबीटी लाभार्थियों को लगभग ₹1.55 लाख करोड़ का लाभ प्राप्त हुआ। इसी प्रकार, आधार सक्षम भुगतान प्रणाली (AePS) के तहत 12.06 करोड़ लेन-देन किए गए, जिनके माध्यम से ₹36,140 करोड़ का भुगतान हुआ।  
  • आईपीपीबी की सेवाएँ केवल बैंकिंग और भुगतान तक सीमित नहीं हैं। पेंशनभोगियों के लिए 29.43 लाख डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र, 9.47 करोड़ आधार मोबाइल अपडेट और 1.35 करोड़ बाल आधार नामांकन किए जाना इस बात का प्रमाण है कि बैंक डिजिटल सार्वजनिक सेवाओं की पहुँच बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

नई पीढ़ी की वित्तीय सेवाओं की ओर कदम 

  • अपने 9वें स्थापना दिवस पर आईपीपीबी ने डिजिटल वित्तीय सेवाओं के विस्तार की दिशा में तीन महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की। इनमें डाकपे साउंड बॉक्स, डिजिटल इंश्योरेंस टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म और डिजिटल म्यूचुअल फंड प्लेटफॉर्म शामिल हैं। 
  • डाकपे साउंड बॉक्स का उद्देश्य व्यापारियों के लिए दैनिक डिजिटल भुगतानों की पुष्टि और स्वीकृति को सरल बनाना है। डिजिटल इंश्योरेंस टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म के माध्यम से ग्राहकों को जीवन, स्वास्थ्य और सामान्य बीमा के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। वहीं डिजिटल म्यूचुअल फंड प्लेटफॉर्म आम नागरिकों के लिए निवेश को अधिक सरल, सहज और सुलभ बनाने की दिशा में एक कदम है। 
  • इन पहलों को एक साथ देखें तो स्पष्ट होता है कि आईपीपीबी अब केवल बैंकिंग और भुगतान का माध्यम नहीं रहना चाहता, बल्कि नागरिकों को वित्तीय सुरक्षा, बीमा और निवेश जैसे व्यापक वित्तीय अवसरों से जोड़ने वाले एक समग्र डिजिटल मंच के रूप में विकसित हो रहा है।  

ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कमजोर वर्गों पर विशेष ध्यान 

वित्तीय समावेशन की अपनी यात्रा को आगे बढ़ाते हुए आईपीपीबी ने पिछले वर्ष तीन नए बचत खाते भी शुरू किए। 

  • एसएचजी बचत खाता : स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण सूक्ष्म उद्यमियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह समूहों और छोटे ग्रामीण उद्यमों को सरल और सुरक्षित बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
  • सुरक्षित बचत खाता :  सामान्य प्रीमियम बचत खाते की सुविधाओं के साथ फिशिंग, स्पूफिंग और सिम जैकिंग जैसे साइबर खतरों से सुरक्षा के लिए ₹25,000 का साइबर-बीमा कवर प्रदान करता है।
  • संपूर्ण बचत खाता : वित्तीय सुरक्षा के साथ स्वास्थ्य और साइबर सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं को एकीकृत करता है। इस प्रकार आईपीपीबी बैंकिंग को केवल बचत और भुगतान की सुविधा न मानकर व्यापक वित्तीय एवं व्यक्तिगत सुरक्षा से जोड़ने का प्रयास कर रहा है। 

डाक नेटवर्क बना सबसे बड़ी ताकत 

  • आईपीपीबी की सबसे बड़ी विशेषताओं में से एक उसका विशाल डाक नेटवर्क है। बैंक की सेवाओं को देश के कोने-कोने तक पहुँचाने में इंडिया पोस्ट की व्यापक उपस्थिति महत्वपूर्ण आधार प्रदान करती है। लगभग 1.65 लाख डाकघरों, जिनमें लगभग 1.40 लाख ग्रामीण क्षेत्रों में हैं, और करीब 3 लाख डाक कर्मचारियों का नेटवर्क आईपीपीबी को अंतिम छोर तक पहुँचने की विशिष्ट क्षमता प्रदान करता है।
  • यह मॉडल तकनीक और मानवीय संपर्क के प्रभावी संयोजन पर आधारित है। इंडिया स्टैक के आधार पर विकसित व्यवस्था में CBS से जुड़े स्मार्टफोन और बायोमेट्रिक उपकरणों के माध्यम से ग्राहकों के घर तक पेपरलेस, कैशलेस और सुविधाजनक बैंकिंग सेवाएँ पहुँचाई जाती हैं। 
  • कम लागत वाले नवाचार और सरल बैंकिंग पर जोर देते हुए आईपीपीबी 5.57 लाख गाँवों और कस्बों में 13 करोड़ से अधिक ग्राहकों को बैंकिंग सुविधाएँ उपलब्ध कराने का लक्ष्य आगे बढ़ा रहा है। इन सेवाओं का आसान इंटरफेस 13 भाषाओं में उपलब्ध है, जिससे भाषाई विविधता वाले देश में डिजिटल वित्तीय समावेशन को और गति मिलती है।

तकनीक, भरोसा और समावेशन का संगम 

  • आईपीपीबी की यात्रा यह दर्शाती है कि डिजिटल तकनीक तभी व्यापक सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बन सकती है, जब उसे मजबूत संस्थागत नेटवर्क और नागरिकों के विश्वास के साथ जोड़ा जाए। इंडिया पोस्ट का वर्षों पुराना भरोसा और आईपीपीबी की डिजिटल क्षमताएँ मिलकर एक ऐसा मॉडल तैयार करती हैं, जिसमें बैंकिंग सुविधा ग्राहक के पास पहुँचती है, न कि ग्राहक को बैंक तक जाना पड़ता है।  
  • यह मॉडल विशेष रूप से ग्रामीण भारत, महिलाओं, छोटे व्यापारियों, स्वयं सहायता समूहों, पेंशनभोगियों और बैंकिंग सुविधाओं से अपेक्षाकृत दूर रहे वर्गों के लिए महत्वपूर्ण है। डिजिटल भुगतान, DBT, AePS, बीमा और निवेश सेवाओं का विस्तार इस बात का संकेत है कि वित्तीय समावेशन अब केवल बैंक खाता खोलने तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को आर्थिक अवसरों और वित्तीय सुरक्षा की पूरी श्रृंखला से जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। 

आगे की राह 

  • आईपीपीबी अब अपने विकास के अगले चरण में प्रवेश कर रहा है। इस चरण में प्रौद्योगिकी, अंतर-संचालनीयता और इंडिया पोस्ट के व्यापक नेटवर्क का उपयोग करते हुए अधिक जुड़ी हुई और समावेशी वित्तीय व्यवस्था का निर्माण प्रमुख प्राथमिकता होगी।
  • डिजिटल भुगतान के बढ़ते उपयोग ने भारत को कम-कैश और डिजिटल अर्थव्यवस्था की ओर तेजी से आगे बढ़ाया है। ऐसे में आईपीपीबी की भूमिका केवल वित्तीय सेवाएँ उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि वह नागरिकों को डिजिटल अर्थव्यवस्था में सक्रिय भागीदार बनाने में भी योगदान देगा।  
  • वास्तव में, आईपीपीबी की नौ वर्षों की यात्रा वित्तीय समावेशन के एक ऐसे मॉडल को सामने रखती है, जिसमें तकनीक की गति, डाक नेटवर्क की पहुँच और नागरिकों का विश्वास एक साथ काम करते हैं। यदि यह मॉडल आने वाले वर्षों में बीमा, निवेश, डिजिटल भुगतान और वित्तीय सुरक्षा को और व्यापक बनाता है, तो यह भारत के समावेशी और डिजिटल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण आधार बन सकता है।
« »
  • SUN
  • MON
  • TUE
  • WED
  • THU
  • FRI
  • SAT
Have any Query?

Our support team will be happy to assist you!

OR