भारत का बाहरी क्षेत्रीय दबाव और मितव्यता की आवश्यकता
संदर्भ
वैश्विक स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, कच्चे तेल की ऊँची कीमतों, सोने के बढ़ते आयात और विदेश यात्राओं पर बढ़ते खर्च ने भारत के बाहरी क्षेत्र (External Sector) पर दबाव बढ़ा दिया है। इसी पृष्ठभूमि में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिकों से मितव्ययिता अपनाने की अपील करते हुए सोने की अनावश्यक खरीद, पेट्रोलियम उत्पादों की खपत तथा गैर-जरूरी विदेश यात्राओं में कमी लाने का आग्रह किया है। वस्तुतः सरकार की चिंता मुख्यतः विदेशी मुद्रा भंडार में आई गिरावट और बढ़ते आयात व्यय को लेकर है।
विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ता दबाव
विदेशी मुद्रा भंडार किसी भी देश की आर्थिक स्थिरता का महत्वपूर्ण आधार होता है।
इसमें विदेशी मुद्राएँ, स्वर्ण भंडार, विशेष आहरण अधिकार (SDR) और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) में आरक्षित संपत्तियाँ शामिल होती हैं।
इनका उपयोग आयात भुगतान, मुद्रा स्थिरता बनाए रखने और वैश्विक आर्थिक झटकों से सुरक्षा के लिए किया जाता है।
हाल के समय में बढ़ते आयात बिल और विदेशी पूंजी की निकासी के कारण भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट देखी गई है। रुपये की कमजोरी और डॉलर की मजबूती ने भी चिंता बढ़ाई है। इस दबाव के पीछे मुख्य कारण हैं -
कच्चे तेल के आयात में वृद्धि
सोने की बढ़ती मांग
विदेश यात्राओं और निवेश के लिए बढ़ते प्रेषण
विदेशी निवेशकों द्वारा पूँजी निकासी
वैश्विक अनिश्चितता और पश्चिम एशिया संकट
सोने के आयात से बढ़ती चुनौती
भारत दुनिया में सोने के सबसे बड़े उपभोक्ता देशों में शामिल है। आभूषण, पारंपरिक निवेश और सांस्कृतिक महत्व के कारण देश में सोने की मांग लगातार बनी रहती है। हालांकि, आयातित सोने पर अत्यधिक निर्भरता चालू खाता घाटे (CAD) को बढ़ाती है।
पिछले कुछ वर्षों में भारत का सोना आयात बिल तेज़ी से बढ़ा है, जिससे विदेशी मुद्रा पर अतिरिक्त दबाव पड़ा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि घरेलू स्तर पर निष्क्रिय पड़े सोने को आर्थिक प्रणाली में शामिल किया जाए, तो नए आयात की आवश्यकता कम हो सकती है।
स्वर्ण मुद्रीकरण योजना का महत्व
सरकार की स्वर्ण मुद्रीकरण योजना (Gold Monetisation Scheme) का उद्देश्य घरों और लॉकरों में रखे निष्क्रिय सोने को बैंकिंग प्रणाली में लाना है।
इस योजना के तहत लोग अपना सोना बैंकों में जमा कर सकते हैं, जिसे बाद में आर्थिक गतिविधियों में उपयोग किया जा सकता है। इससे
नए सोने के आयात में कमी आ सकती है
विदेशी मुद्रा की बचत हो सकती है
चालू खाता घाटा नियंत्रित किया जा सकता है
वित्तीय प्रणाली को अतिरिक्त संसाधन मिल सकते हैं
विदेश यात्राओं और प्रेषण में वृद्धि
भारतीय रिजर्व बैंक की उदारीकृत प्रेषण योजना (LRS) के तहत भारतीय नागरिक शिक्षा, चिकित्सा, निवेश और पर्यटन जैसे उद्देश्यों के लिए विदेशों में धन भेज सकते हैं। हाल के वर्षों में विदेशी पर्यटन और डेस्टिनेशन वेडिंग पर खर्च में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
प्रधानमंत्री ने नागरिकों से गैर-जरूरी विदेश यात्राओं को टालने और घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने की अपील की है। उनका मानना है कि इससे विदेशी मुद्रा की बचत के साथ-साथ घरेलू अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
कच्चे तेल पर निर्भरता और मुद्रास्फीति
भारत अपनी तेल आवश्यकताओं का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए वैश्विक तेल कीमतों में वृद्धि का सीधा प्रभाव भारतीय अर्थव्यवस्था पर पड़ता है। पश्चिम एशिया में तनाव और तेल आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता के कारण कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि हुई है।
ऊँची तेल कीमतों के कारण
पेट्रोल और डीजल महंगे होते हैं
परिवहन लागत बढ़ती है
महँगाई पर दबाव बढ़ता है
चालू खाता घाटा विस्तृत होता है
इसी कारण सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों, सार्वजनिक परिवहन, कारपूलिंग और ऊर्जा बचत जैसे उपायों को बढ़ावा दे रही है।
पर्यटन और विदेशी मुद्रा प्रवाह
भारत से विदेश यात्रा करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जबकि देश में आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या तुलनात्मक रूप से कम है, जिस कारण विदेशी मुद्रा का बहिर्गमन बढ़ता है। पर्यटन क्षेत्र विदेशी मुद्रा अर्जन और रोजगार सृजन दोनों के लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए घरेलू पर्यटन को मजबूत करना आर्थिक दृष्टि से भी आवश्यक माना जा रहा है।
निष्कर्ष
प्रधानमंत्री की मितव्ययिता संबंधी अपील केवल व्यक्तिगत खर्च में कटौती का संदेश नहीं है, बल्कि यह भारत की बाहरी आर्थिक चुनौतियों की ओर संकेत करती है। सोने का आयात, तेल पर निर्भरता और विदेशों में बढ़ता खर्च मिलकर विदेशी मुद्रा भंडार और चालू खाते पर दबाव बना रहे हैं।
भारत तेज़ी से विकसित होती अर्थव्यवस्था अवश्य है, लेकिन दीर्घकालिक आर्थिक स्थिरता बनाए रखने के लिए संतुलित उपभोग, घरेलू उत्पादन को प्रोत्साहन, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और वित्तीय अनुशासन आवश्यक होंगे। ऐसे समय में मितव्ययिता केवल व्यक्तिगत आदत नहीं, बल्कि व्यापक आर्थिक स्थिरता का महत्वपूर्ण साधन बन सकती है।