New
GS Foundation (P+M) - Delhi : 28th Sept, 11:30 AM Gandhi Jayanti Offer UPTO 75% Off, Valid Till : 6th Oct. 2025 GS Foundation (P+M) - Prayagraj : 25th Sept., 11:00 AM Gandhi Jayanti Offer UPTO 75% Off, Valid Till : 6th Oct. 2025 GS Foundation (P+M) - Delhi : 28th Sept, 11:30 AM GS Foundation (P+M) - Prayagraj : 25th Sept., 11:00 AM

चिकित्सा नोबेल पुरस्कार, 2025

(प्रारंभिक परीक्षा: अंतर्राष्ट्रीय महत्त्व की सामयिक घटनाएँ, सामान्य विज्ञान)
(मुख्य परीक्षा, सामान्य अध्ययन प्रश्नपत्र- 3: विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी- विकास एवं अनुप्रयोग और रोज़मर्रा के जीवन पर इसका प्रभाव)

संदर्भ 

वर्ष 2025 का फिजियोलॉजी या मेडिसिन का नोबेल पुरस्कार अमेरिका के मैरी ई. ब्रुनको एवं फ्रेड राम्सडेल और जापान के शिमोन सकागुची को प्रदान किया गया है। यह उस शोध के लिए प्रदान किया गया है, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि मानव प्रतिरक्षा प्रणाली किस प्रकार यह तय करती है कि किस पर हमला करना है और किन तत्वों से स्वयं की रक्षा करनी है। इसकी घोषणा 6 अक्तूबर, 2025 को स्वीडन के स्टॉकहोम स्थित कैरोलिंस्का इंस्टीट्यूट की नोबेल असेंबली द्वारा की गई।

शोध का विषय: परिधीय प्रतिरक्षा सहिष्णुता

  • वर्ष 2025 का नोबेल पुरस्कार उस शोध को समर्पित है जो परिधीय प्रतिरक्षा सहिष्णुता (Peripheral Immune Tolerance) को समझने में मील का पत्थर साबित हुई। शरीर की यह प्रतिरक्षा प्रणाली केंद्रीय तंत्रिका तंत्र (CNS) अर्थात मस्तिष्क एवं मेरुरज्जु के बाहर कार्य करती है।
  • इस शोध के दौरान वैज्ञानिकों ने नियामक टी कोशिकाओं (Regulatory T Cells- Treg) की पहचान की। ये कोशिकाएँ प्रतिरक्षा प्रणाली को अपने ही शरीर की कोशिकाओं पर हमला करने से रोकती हैं और शरीर की आत्म-सुरक्षा बनाए रखती हैं।

शिमोन सकागुची: शोध का प्रारंभिक स्तंभ

  • इस खोज की नींव जापान के प्रख्यात प्रतिरक्षाविज्ञानी शिमोन सकागुची ने रखी थी। वर्तमान में 74 वर्षीय सकागुची ओसाका विश्वविद्यालय से जुड़े हैं।
  • उन्होंने 1983 में क्योटो विश्वविद्यालय से डॉक्टर ऑफ मेडिसिन की उपाधि प्राप्त की। हालाँकि, Treg कोशिकाओं पर उनका शोध 1979 में ही शुरू हो गया था।
  • टी-कोशिकाएँ (T-Cells) प्रतिरक्षा प्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा होती हैं, जो शरीर को बाहरी रोगजनकों से बचाती हैं। प्रत्येक कोशिका की पहचान उसकी सतह पर मौजूद प्रोटीन से होती है।
  • सकागुची ने 1995 में Treg कोशिकाओं की पहचान की। ये कोशिकाएँ प्रतिरक्षा प्रणाली को नियंत्रित करती हैं, ताकि यह शरीर की अपनी कोशिकाओं पर हमला न करे और स्व-प्रतिरक्षी रोगों (Autoimmune Diseases) से सुरक्षा बनी रहे।
  • इस खोज के लिए उन्हें 2015 में कनाडा गैर्डनर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके पहले वे ल्यूसिल पी. मार्की स्कॉलर भी रह चुके थे, जिससे अमेरिका में बायोमेडिकल शोध करने का अवसर मिला।

मैरी ब्रुनको और फ्रेड रैम्सडेल: प्रतिरक्षा के रहस्यों की खोज में योगदान

  • मैरी ब्रुनको और फ्रेड रैम्सडेल ने भी इस महत्वपूर्ण शोध में योगदान दिया।
  • ब्रुनको ने प्रिंसटन विश्वविद्यालय से आणविक जीवविज्ञान में पीएचडी की और वर्तमान में सिएटल स्थित इंस्टीट्यूट फॉर सिस्टम्स बायोलॉजी में वरिष्ठ कार्यक्रम प्रबंधक हैं।
  • रैम्सडेल अमेरिका के वाशिंगटन के सोनोमा बायोथेरेप्यूटिक्स में वैज्ञानिक सलाहकार हैं और उन्होंने UCLA से प्रतिरक्षा विज्ञान में पीएचडी की है।
  • सकागुची के प्रारंभिक शोध के बाद ब्रुनको एवं रैम्सडेल की रुचि नर स्कर्फी चूहे (Scurfy Mouse) में आनुवंशिक उत्परिवर्तन (Genetic Mutation) पर केंद्रित हुई।
  • इस उत्परिवर्तन के कारण टी-कोशिकाएँ अपने ही ऊतकों पर हमला करने लगीं और गंभीर स्व-प्रतिरक्षी प्रतिक्रिया उत्पन्न हुई। उनका उद्देश्य यह समझना था कि स्व-प्रतिरक्षी रोग कैसे विकसित होते हैं और प्रतिरक्षा प्रणाली अपने ही शरीर के खिलाफ क्यों सक्रिय होती है।

नियामक टी कोशिकाएं (Regulatory T Cells) 

नियामक टी कोशिकाएँ (Tregs) श्वेत रक्त कोशिकाओं (WBC) का एक महत्त्वपूर्ण उपसमूह हैं जो आपकी प्रतिरक्षा प्रणाली (Immune System) को नियंत्रित करने में मुख्य भूमिका निभाती हैं। 

मुख्य कार्य: प्रतिरक्षा संतुलन एवं आत्म-सहनशीलता (Self-Tolerance)

  • Tregs का प्राथमिक कार्य प्रतिरक्षादमन (Immunosuppression) है। वे अन्य प्रतिरक्षा कोशिकाओं, विशेष रूप से CD4+ और CD8+ प्रभावी टी कोशिकाओं (Effector T Cells) की सक्रियता एवं गुणन (Proliferation) को रोकती हैं। यह कार्य निम्नलिखित के लिए आवश्यक है:
    • स्व-प्रतिरक्षित रोग (Autoimmune Disease) को रोकना: ये शरीर के अपने स्वस्थ ऊतकों एवं कोशिकाओं (Self-antigens) पर हमला करने से प्रतिरक्षा प्रणाली को रोकती हैं। यदि Tregs ठीक से काम न करें, तो गठिया (Rheumatoid Arthritis) या टाइप 1 मधुमेह (Type 1 Diabetes) जैसे स्व-प्रतिरक्षित रोग हो सकते हैं।
    • अत्यधिक सूजन (Excessive Inflammation) को नियंत्रित करना: संक्रमण से निपटने के बाद Tregs सूजन को कम करके और प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया को ‘बंद’ करके ऊतक क्षति (Tissue Damage) को रोकने में मदद करती हैं।
    • प्रत्यारोपण (Transplantation) में सहायता: ये किसी प्रत्यारोपित अंग को स्वीकार करने में प्रतिरक्षा प्रणाली की मदद करके अंग अस्वीकृति (Organ Rejection) को रोक सकती हैं। 

नोबेल पुरस्कार के बारे में 

  • वर्ष 1901 से 2025 के बीच नोबेल पुरस्कार और आर्थिक विज्ञान में स्वेरिगेस रिक्सबैंक पुरस्कार कुल 628 अवसरों पर 1,015 व्यक्तियों और संस्थाओं को प्रदान किया गया।
  • नोबेल पुरस्कार एक अंतरराष्ट्रीय सम्मान है, जिसे स्टॉकहोम, स्वीडन में स्थित नोबेल फाउंडेशन प्रबंधित करता है। यह पुरस्कार स्वीडिश आविष्कारक और उद्यमी अल्फ्रेड नोबेल की संपत्ति तथा उनकी इच्छा पर आधारित है।
  • वर्ष 1968 में स्वेरिगेस रिक्सबैंक ने अल्फ्रेड नोबेल की स्मृति में आर्थिक विज्ञान में रिक्सबैंक पुरस्कार की स्थापना की। प्रत्येक पुरस्कार में पदक, व्यक्तिगत डिप्लोमा और नकद राशि शामिल होती है।
« »
  • SUN
  • MON
  • TUE
  • WED
  • THU
  • FRI
  • SAT
Have any Query?

Our support team will be happy to assist you!

OR
X