पीएम मित्र टेक्सटाइल योजना

(प्रारंभिक परीक्षा : योजनाएं एवं कार्यक्रम)
(मुख्य परीक्षा, सामान्य अध्ययन प्रश्नपत्र- 2 व 3: सरकारी नीतियों और विभिन्न क्षेत्रों में विकास के लिये हस्तक्षेप तथा उनके अभिकल्पन व कार्यान्वयन के कारण उत्पन्न विषय, भारतीय अर्थव्यवस्था एवं योजना, संसाधनों को जुटाने, प्रगति, विकास व रोज़गार से संबंधित विषय)

संदर्भ 

केंद्र सरकार ने मध्य प्रदेश में ‘पीएम मित्र पार्क’ परियोजना स्थापित करने के लिए  ₹2,100 करोड़ की मंजूरी प्रदान की है। 

टेक्सटाइल पार्क के बारे में 

  • परिचय : यह पार्क पीएम मित्र योजना के तहत प्रस्तावित सात मेगा टेक्सटाइल पार्कों में से एक है जिसका उद्देश्य भारत को वैश्विक टेक्सटाइल हब बनाना है।
  • स्थान : भैंसोल गांव (धार) 
  • क्षेत्रफल : 2,100 एकड़
  • प्रमुख सुविधाएँ : 
    • 20 मेगालीटर प्रतिदिन क्षमता वाला ज़ीरो लिक्विड डिस्चार्ज (ZLD) प्लांट
    • सौर ऊर्जा आधारित बिजली संयंत्र
    • ‘प्लग-एंड-प्ले’ बिल्ट-टू-सूट (BTS) इकाइयाँ
    • कर्मचारियों के लिए आवासीय परिसर

पीएम मित्र टेक्सटाइल योजना के बारे 

  • पूरा नाम : प्रधानमंत्री मेगा इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल रीजन एंड अपैरल (PM Mega Integrated Textile Region and Apparel : PM MITRA) 
  • विजन : यह योजना प्रधानमंत्री के 5F विज़न ‘Farm to Fibre to Factory to  Fashion to Foreign’ से प्रेरित है जो कृषि से लेकर वैश्विक निर्यात तक की पूरी मूल्य श्रृंखला को एकीकृत करता है। 
  • घोषणा : अक्तूबर 2021 में 
  • नोडल मंत्रालय : वस्त्र मंत्रालय 
  • योजनावधि : वर्ष 2021-22 से 2026-27 तक
  • प्रस्तावित बजट : ₹4,445 करोड़
  • योजना के तहत चयनित स्थल : तमिलनाडु (विरुधुनगर), तेलंगाना (वारंगल), गुजरात (नवसारी), कर्नाटक (कलबुर्गी), मध्य प्रदेश (धार), उत्तर प्रदेश (लखनऊ) एवं महाराष्ट्र (अमरावती)
    • इन स्थलों का चयन एक पारदर्शी ‘चैलेंज मेथड’ के माध्यम से किया गया है जिसमें कनेक्टिविटी, मौजूदा पारिस्थितिकी तंत्र, नीति-समर्थन एवं बुनियादी ढाँचे जैसे मानदंड शामिल हैं। 

इसे भी जानिए!

संयुक्त राष्ट्र सतत विकास लक्ष्य- 9 (लचीले बुनियादी ढांचे का निर्माण, सतत औद्योगीकरण का संवर्धन करना और नवाचार को बढ़ावा देना) को प्राप्त करने में भारत की मदद करने के लिए पीएम मित्र पार्क की परिकल्पना की गई है। 

योजना के उद्देश्य

  • एकीकृत मूल्य श्रृंखला : स्पिनिंग, वीविंग, प्रोसेसिंग, डाइंग, प्रिंटिंग एवं गारमेंट निर्माण को एक ही स्थान पर समाहित करना।
  • लॉजिस्टिक्स लागत में कमी : उद्योग की लॉजिस्टिक्स लागत को कम करना।
  • निवेश एवं रोजगार : वस्त्र उद्योग में निवेश आकर्षित करना और रोजगार के अवसर बढ़ाना।
  • वैश्विक प्रतिस्पर्धा : भारतीय वस्त्र उद्योग को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाना।

योजना की विशेषताएँ  

  • ग्रीनफील्ड एवं ब्राउनफील्ड परियोजनाएँ : PM MITRA पार्कों को ग्रीनफील्ड (नई भूमि पर) और ब्राउनफील्ड (पूर्व विकसित भूमि पर) दोनों प्रकार से विकसित किया जा सकता है।
  • वित्तीय सहायता : भारत सरकार की ओर से क्रमशः ग्रीनफील्ड एवं ब्राउनफील्ड पीएम मित्र के लिए प्रति पार्क ₹500 करोड़ और ₹200 करोड़ की अधिकतम सहायता के साथ परियोजना लागत के 30% की दर से विकास पूँजी सहायता (DCS) का प्रावधान है।
    • प्रतिस्पर्धी प्रोत्साहन सहायता निर्माण इकाइयों को पीएम मित्र में शीघ्र स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रति पार्क  ₹300 करोड़ का प्रावधान है। 
  • कार्यान्वयन एवं प्रबंधन : 
    • विशेष प्रयोजन वाहन (SPV) : केंद्र एवं राज्य सरकारें संयुक्त रूप से प्रत्येक पार्क के लिए SPV का गठन करेंगी, जिसमें राज्य की 51% और केंद्र की 49% हिस्सेदारी होगी।
    • बुनियादी ढाँचा : पार्कों में ‘प्लग-एंड-प्ले’ सुविधाएँ, प्रशिक्षण एवं अनुसंधान केंद्र और आधुनिक औद्योगिक बुनियादी ढाँचा विकसित किया जाएगा।

भारतीय वस्त्र उद्योग की वर्तमान स्थिति

  • वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र भारत के सकल घरेलू उत्पाद में 2.3% का, औद्योगिक उत्पादन में 13% का और देश के कुल निर्यात में लगभग 12% का योगदान देता है।
  • भारत ने वर्ष 2023-24 में 34.4 बिलियन अमेरिकी डॉलर मूल्य के कपड़ा संबंधी कुल वस्तुएँ निर्यात किया है। 
  • यह उद्योग प्रत्यक्ष रूप से 45 मिलियन से अधिक लोगों को रोज़गार प्रदान करता है जो कृषि के बाद दूसरा सबसे बड़ा नियोक्ता है।
  • वर्ष 2030 तक इस बाजार का आकार 174 बिलियन अमेरिकी डॉलर से बढ़कर 350 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुँचने का अनुमान है।
« »
  • SUN
  • MON
  • TUE
  • WED
  • THU
  • FRI
  • SAT