New
Civil Services Day Offer - Valid Till : 28th April GS Foundation (P+M) - Delhi : 4th May 2026, 6:30 AM GS Foundation (P+M) - Prayagraj : 1st May 2026, 8:30PM Civil Services Day Offer - Valid Till : 28th April GS Foundation (P+M) - Delhi : 4th May 2026, 6:30 AM GS Foundation (P+M) - Prayagraj : 1st May 2026, 8:30PM

यूएई का ओपेक (OPEC) से त्यागपत्र और उसके वैश्विक निहितार्थ

संदर्भ 

हाल ही में ग्लोबल एनर्जी मार्केट में एक ऐतिहासिक मोड़ तब आया जब संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने अपनी पांच दशकों पुरानी सदस्यता को त्यागते हुए ओपेक और ओपेक+ गठबंधन से बाहर निकलने का औपचारिक एलान किया। 1 मई से प्रभावी होने वाला यह फैसला न केवल खाड़ी देशों की राजनीति को प्रभावित करेगा, बल्कि आने वाले समय में कच्चे तेल की कीमतों और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला (Supply Chain) की दिशा भी बदल सकता है।    

ऐतिहासिक पृष्ठभूमि तेल कूटनीति का सफर  

  • ओपेक (OPEC) का गठन 1960 में पाँच देशों (ईरान, इराक, कुवैत, सऊदी अरब और वेनेजुएला) ने मिलकर किया था। उस दौर में तेल की कीमतों पर पश्चिमी देशों की कंपनियों का कब्ज़ा था, जिसे चुनौती देने के लिए इस समूह का उदय हुआ। 
  • यूएई 1967 में इस समूह का हिस्सा बना था। 2016 में जब रूस जैसे 10 अन्य उत्पादक देश इस समूह के साथ जुड़े, तो इसे ओपेक+ कहा जाने लगा, जो दुनिया के लगभग 60% पेट्रोलियम व्यापार को नियंत्रित करता है। 

संयुक्त अरब अमीरात के ओपेक से हटने के प्रमुख कारण 

यूएई का यह कदम केवल आर्थिक नहीं, बल्कि सामरिक और कूटनीतिक भी है। इसके पीछे मुख्य रूप से दो बड़े कारण देखे जा रहे हैं -

1. भू-राजनीतिक तनाव और सुरक्षा (US-Iran Conflict)

  • अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा के नए सवाल खड़े कर दिए हैं। हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz), जो वैश्विक तेल व्यापार की जीवनरेखा है, संघर्ष का केंद्र बन गया है। 
  • ईरान के ओपेक का संस्थापक सदस्य होने के कारण, यूएई को इस समूह के भीतर रहकर स्वतंत्र फैसले लेने में कठिनाई हो रही थी। अब ओपेक से बाहर रहकर यूएई अपनी सुरक्षा और तेल निर्यात के लिए स्वतंत्र रणनीतियां बना सकेगा। 

2. विजन 2030 और आर्थिक महत्वाकांक्षा 

  • यूएई अपनी अर्थव्यवस्था को तेल पर निर्भरता से मुक्त कर एक ज्ञान-आधारित अर्थव्यवस्था बनाना चाहता है।
  • ओपेक के उत्पादन कोटा की वजह से यूएई अपनी पूरी क्षमता से तेल नहीं निकाल पा रहा था।
  • शिक्षा, तकनीक और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में निवेश के लिए यूएई को भारी धन की आवश्यकता है, जो वह तेल उत्पादन बढ़ाकर प्राप्त करना चाहता है। 

वैश्विक बाजार और भारत पर संभावित प्रभाव  

यूएई के इस फैसले से ऊर्जा बाजार में नई लहर देखने को मिल सकती है

  • कीमतों में गिरावट की उम्मीद : यदि यूएई स्वतंत्र रूप से बाजार में अधिक तेल की आपूर्ति करता है, तो प्रतिस्पर्धा बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों में कमी आ सकती है। 
  • भारत को लाभ : भारत अपनी तेल जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात करता है। कीमतों में कमी और आपूर्ति के नए विकल्पों से भारतीय अर्थव्यवस्था को राहत मिल सकती है और राजकोषीय घाटा कम हो सकता है।  
  • ओपेक के वर्चस्व को चुनौती :  यूएई का बाहर निकलना ओपेक की सामूहिक शक्ति को कमजोर कर सकता है। इससे यह डर भी बना हुआ है कि अन्य देश भी भविष्य में अपने हितों के लिए इस रास्ते पर चल सकते हैं।    

निष्कर्ष 

संयुक्त अरब अमीरात का यह निर्णय स्पष्ट संदेश है कि अब देश सामूहिक हितों के बजाय अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक विकास को प्राथमिकता दे रहे हैं। जहाँ एक ओर इससे तेल की कीमतों में अस्थिरता का खतरा है, वहीं दूसरी ओर यह तेल आयात करने वाले विकासशील देशों के लिए एक बड़ा अवसर भी साबित हो सकता है।  

« »
  • SUN
  • MON
  • TUE
  • WED
  • THU
  • FRI
  • SAT
Have any Query?

Our support team will be happy to assist you!

OR