संदर्भ
- भारत के दूरसंचार क्षेत्र में एक ऐतिहासिक विनियामकीय बदलाव (Regulatory Shift) की नींव रखते हुए केंद्र सरकार ने दूरसंचार अधिनियम, 2023 के तहत तीन महत्वपूर्ण नियमों को अधिसूचित कर दिया है। इन नए नियमों में प्रमुख, कैप्टिव और विविध दूरसंचार सेवाओं के प्रावधानों हेतु प्राधिकरण नियम, 2026 शामिल हैं।
- यह कदम करीब 140 साल पुराने औपनिवेशिक काल के भारतीय तार अधिनियम, 1885 और वायरलेस टेलीग्राफी अधिनियम, 1933 की जगह एक आधुनिक, सरल और एकीकृत कानूनी ढांचा स्थापित करने की दिशा में बड़ा मील का पत्थर है। हालांकि, तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर इसका पूर्ण क्रियान्वयन होना अभी बाकी है।
जमीनी हकीकत: आम उपभोक्ताओं पर क्या होगा असर ?
सबसे बड़ा प्रशासनिक बदलाव: प्राधिकरण व्यवस्था
इस नए विनियामकीय ढांचे की सबसे बड़ी विशेषता पुरानी लाइसेंस (Licence) व्यवस्था को समाप्त कर उसके स्थान पर प्राधिकरण (Authorisation) व्यवस्था को लागू करना है।
- सरलीकृत प्रक्रियाएं : दूरसंचार कंपनियों और इंटरनेट सेवा प्रदाताओं (ISPs) के लिए कागजी औपचारिकताओं को बेहद सुगम और संशोधित किया गया है।
- वैधानिक दायित्व : स्पैम-रोधी (Anti-Spam) उपायों को कड़ाई से लागू करना अब कंपनियों की कानूनी जिम्मेदारी बना दिया गया है।
- संक्रमण काल में लचीलापन : ऑपरेटरों को यह विकल्प दिया गया है कि वे चाहें तो तुरंत इस नई प्राधिकरण व्यवस्था को अपना लें, या फिर अपने मौजूदा लाइसेंस की अवधि समाप्त होने तक पुरानी व्यवस्था के तहत काम करते रहें।
सरकार की शक्तियों का विस्तार और राष्ट्रीय सुरक्षा
नए अधिनियम के तहत केंद्र सरकार के नीतिगत दायरे और नियंत्रण में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है :
- डिजिटल भारत निधि : यूनिवर्सल सर्विस ऑब्लिगेशन फंड (USOF) का नाम बदलकर अब डिजिटल भारत निधि कर दिया गया है। इसका उपयोग दूरस्थ और आर्थिक रूप से विपन्न क्षेत्रों में डिजिटल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए किया जाएगा।
- व्यापक परिभाषा : दूरसंचार के दायरे को इतना विस्तृत किया गया है कि भविष्य में इसके तहत मैसेजिंग ऐप्स का विनियमन भी संभव हो सकेगा। पूर्व में, स्पैम रोकने के नाम पर दूरसंचार विभाग (DoT) द्वारा व्हाट्सऐप के वेब संस्करण को प्रत्येक छह घंटे में लॉग-आउट करने और उपयोगकर्ता को सिम कार्ड से बाइंड करने जैसे प्रयास इसके उदाहरण हैं।
- आपातकालीन नियंत्रण : राष्ट्रीय सुरक्षा या युद्ध जैसी असाधारण परिस्थितियों में सरकार के पास पूरी दूरसंचार अवसंरचना को अपने नियंत्रण में लेने का अधिकार होगा।
- निगरानी (Interception) व्यवस्था : उद्योग जगत और नागरिक समाज की चिंताओं के बावजूद, फोन और इंटरनेट टैपिंग/निगरानी के आदेश जारी करने की शक्तियां वरिष्ठ अधिकारियों के पास सुरक्षित रखी गई हैं।
कार्यान्वयन की राह में मौजूदा चुनौतियाँ
नियम अधिसूचित होने के बावजूद, जमीनी स्तर पर इस व्यवस्था को पूरी तरह सक्रिय होने में अभी समय लगेगा। कानूनी और तकनीकी विशेषज्ञों के अनुसार, निम्नलिखित तीन मोर्चों पर स्पष्टता का अभाव इस राह की बड़ी बाधा है:
1. सुदृढ़ ट्रैक रिकॉर्ड की अस्पष्ट परिभाषा
-
नई व्यवस्था में प्राधिकरण प्राप्त करने के लिए कंपनियों का अच्छा पूर्व रिकॉर्ड (Sound Track Record) होना अनिवार्य है। लेकिन सरकार ने यह साफ नहीं किया है कि इस रिकॉर्ड का पैमाना क्या होगा। क्या अतीत में लगे जुर्माने, बकाया वित्तीय देनदारियों या नियमों के उल्लंघन को अयोग्यता माना जाएगा? इस स्पष्टता के बिना कंपनियां अपनी पात्रता को लेकर असमंजस में हैं।
2. छूट (Exemption) का दायरा तय न होना
3. विस्तृत तकनीकी विनिर्देश (Technical Specifications)
सैटेलाइट इंटरनेट: स्टारलिंक और नीतिगत पेंच
- अधिनियम का सबसे बड़ा अस्पष्ट क्षेत्र सैटेलाइट इंटरनेट बना हुआ है। हालांकि कानून में इस तकनीक को मान्यता दी गई है, लेकिन अंतिम नियमों से GMPCS (Global Mobile Personal Communications by Satellite) का वह स्पष्ट उल्लेख हटा दिया गया जो इसके ड्राफ्ट में शामिल था।
- इसी कारण दुनिया की सबसे बड़ी सैटेलाइट इंटरनेट प्रदाता कंपनी, स्टारलिंक, भारत में वाणिज्यिक सेवाएं शुरू करने की मंजूरी का इंतजार कर रही है।
- सरकार के भीतर इस बात को लेकर गंभीर चिंताएं हैं कि संकट के समय ऐसी वैश्विक सैटेलाइट सेवाओं पर स्थानीय नियंत्रण कैसे स्थापित किया जाए। ईरान जैसे देशों के अनुभवों ने, जहां प्रतिबंधों के बावजूद स्टारलिंक का संचालन होता रहा, भारतीय सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और बढ़ा दी है।
निष्कर्ष
-
दूरसंचार अधिनियम, 2023 के तहत नए नियमों की अधिसूचना भारत के डिजिटल भविष्य के लिए एक प्रगतिशील कदम है। हालांकि, इस विनियामकीय यात्रा की वास्तविक सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि सरकार कितनी जल्दी तकनीकी दिशानिर्देशों को स्पष्ट करती है और राष्ट्रीय सुरक्षा तथा व्यापार सुगमता (Ease of Doing Business) के बीच कैसे संतुलन साधती है।