New
Hindi Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 6th July 2026, 6:00 PM Hindi Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 5th July 2026, 8:00 AM English Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 20th July 2026 English Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 15th July 2026, 8:00 AM Hindi Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 6th July 2026, 6:00 PM Hindi Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 5th July 2026, 8:00 AM English Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 20th July 2026 English Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 15th July 2026, 8:00 AM

जस्टिस वर्मा मामला और न्यायिक जवाबदेही

संदर्भ 

  • इलाहाबाद हाई कोर्ट के पूर्व जस्टिस यशवंत वर्मा के खिलाफ जांच रिपोर्ट को संसद के पटल पर रखने का लोक सभा स्पीकर ओम बिरला का फैसला देश की न्यायपालिका और विधायी इतिहास में एक अभूतपूर्व कदम है। दरअसल, अप्रैल 2026 में जस्टिस वर्मा पहले ही अपने पद से त्यागपत्र दे चुके थे। आम तौर पर यह माना जाता रहा है कि पद छोड़ते ही महाभियोग की कार्रवाई स्वतः निष्प्रभावी हो जाती है। लेकिन स्पीकर के इस ताजा निर्णय ने इस पुरानी धारणा को चुनौती देते हुए एक नई बहस छेड़ दी है कि क्या महज इस्तीफा दे देने से कोई जज अपनी कानूनी और नैतिक जवाबदेही से बच सकता है? 

प्रकरण की पृष्ठभूमि: आखिर मामला क्या है ? 

  • 2025 की घटना : यह विवाद तब शुरू हुआ जब नई दिल्ली में जस्टिस वर्मा के सरकारी आवास से भारी मात्रा में जले और अधजले नोट बरामद किए गए। 
  • सुप्रीम कोर्ट का रुख : इस गंभीर मामले पर देश की शीर्ष अदालत ने अपनी आंतरिक कमेटी से जांच कराई, जिसमें उन्हें प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया। 
  • संसदीय हस्तक्षेप : मामले की गंभीरता को देखते हुए लोक सभा के 146 से अधिक सांसदों ने उन्हें पद से हटाने का नोटिस दिया। इसके बाद स्पीकर ने न्यायाधीश (जांच) अधिनियम, 1968 के तहत तीन सदस्यीय जांच समिति बनाई।  
  • अचानक इस्तीफा : इससे पहले कि यह संसदीय समिति अपनी अंतिम सुनवाई पूरी कर पाती, जस्टिस वर्मा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपना इस्तीफा भेज दिया।

क्या कहता है देश का कानून? 

  • भारतीय संविधान के अनुच्छेद 217 के प्रावधानों के अनुसार, कोई भी हाई कोर्ट जज राष्ट्रपति को संबोधित कर अपना इस्तीफा सौंप सकता है। 
  • वर्ष 1978 में सुप्रीम कोर्ट ने अपने एक ऐतिहासिक फैसले में स्पष्ट किया था कि न्यायाधीश का इस्तीफा एकतरफा (Unilateral) होता है। यानी जज द्वारा तय की गई तारीख से ही यह तुरंत प्रभावी हो जाता है और इसके लिए सरकार या राष्ट्रपति की किसी औपचारिक मंजूरी की जरूरत नहीं होती।
  • हालांकि, कानून के जानकारों का मानना है कि न तो हमारे संविधान में और न ही सुप्रीम कोर्ट के 1978 के फैसले में कहीं ऐसा लिखा है कि जज के हटते ही उनके खिलाफ चल रही कदाचार (Misbehaviour) की जांच को बीच में ही दफन कर दिया जाए।

ये भी जानो 

  • अनुच्छेद 124(4) और 124(5) के तहत, सर्वोच्च न्यायालय (और उच्च न्यायालय (अनुच्छेद 217 देखें)) के न्यायाधीश को राष्ट्रपति के आदेश द्वारा उनके पद से हटाया जा सकता है। राष्ट्रपति संसद के संबोधन के बाद हटाने का आदेश जारी कर सकते हैं। 
  • न्यायाधीश को हटाने के प्रस्ताव को संसद के प्रत्येक सदन के विशेष बहुमत का समर्थन प्राप्त होना चाहिए। विशेष बहुमत का अर्थ है उस सदन की कुल सदस्यता का बहुमत और साथ ही उपस्थित एवं मतदान करने वाले सदन के कम से कम दो-तिहाई सदस्यों का बहुमत।
  • न्यायमूर्ति वी. रामास्वामी पहले न्यायाधीश थे जिनके खिलाफ महाभियोग की कार्यवाही शुरू की गई थी। 1993 में, यह प्रस्ताव लोकसभा में लाया गया था, लेकिन इसे आवश्यक दो-तिहाई बहुमत प्राप्त नहीं हो सका।
  • कलकत्ता उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सौमित्र सेन ने 2011 में राज्यसभा द्वारा उनके खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पारित किए जाने के बाद इस्तीफा दे दिया था। वे कदाचार के आरोप में उच्च सदन द्वारा महाभियोग का सामना करने वाले पहले न्यायाधीश थे। 

अतीत के उदाहरण: जब इस्तीफे से थमी महाभियोग की रफ्तार 

भारतीय संसदीय इतिहास में अब तक किसी भी जज को महाभियोग के जरिए पद से हटाया नहीं जा सका है। इसके पीछे दो मुख्य मिसालें रही हैं:

  • जस्टिस पी. डी. दिनाकरण (2011) : सिक्किम हाई कोर्ट के तत्कालीन चीफ जस्टिस के खिलाफ जब जांच चल रही थी, तब उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। उस वक्त राज्य सभा सचिवालय का मानना था कि चूंकि महाभियोग का अंतिम उद्देश्य जज को पद से हटाना है और वह पहले ही पद छोड़ चुके हैं, इसलिए इस पूरी कवायद का कोई मतलब नहीं रह जाता।
  • जस्टिस सौमित्र सेन (2011) : कलकत्ता हाई कोर्ट के इस जज के खिलाफ राज्य सभा ने महाभियोग प्रस्ताव पास भी कर दिया था, लेकिन लोक सभा में वोटिंग होने से पहले ही उन्होंने इस्तीफा दे दिया। इसके बाद निचली अदालत के रूप में लोक सभा ने इस कार्रवाई को आगे नहीं बढ़ाया। 

इन दोनों घटनाओं ने देश में एक अघोषित परंपरा की नींव रख दी कि इस्तीफा देकर जांच से बचा जा सकता है, भले ही लिखित कानून ऐसा नहीं कहता।

एक अलग और मजबूत दलील 

  • दिनाकरण मामले के वक्त ही जांच पैनल के एक सदस्य और प्रख्यात न्यायविद जी. मोहन गोपाल ने इस परंपरा का कड़ा विरोध किया था। उन्होंने न्यायाधीश (जांच) अधिनियम का हवाला देते हुए दो महत्वपूर्ण चरणों को अलग रखने की बात कही:
    • आरोपों की निष्पक्ष जांच करना और सच को प्रमाणित करना।
    • दोषी पाए जाने पर संसद द्वारा पद से बेदखल करना।
  • उनका तर्क था कि कोई जज पद पर रहे या न रहे, उनके अपराध की सच्चाई देश के सामने आना अपने आप में जरूरी है। उन्होंने आगाह किया था कि अगर इस्तीफे को ढाल बनाकर जांच रोकने की छूट दी गई, तो यह न्याय व्यवस्था के साथ एक भद्दा मजाक होगा और न्यायपालिका पर से आम जनता का भरोसा उठ जाएगा।

अब इस रिपोर्ट को सार्वजनिक करने के क्या मायने हैं ? 

विशेषज्ञों के अनुसार, स्पीकर द्वारा वर्मा रिपोर्ट को सदन में पेश करने के दूरगामी परिणाम होंगे :

  • जनता के प्रति जवाबदेही : यह पूरी जांच संवैधानिक नियमों के तहत जनता (करदाताओं) के पैसे से हुई है। इसलिए रिपोर्ट सार्वजनिक होने से पुरानी गलत परंपराएं टूटेंगी और यह साफ संदेश जाएगा कि इस्तीफा किसी भी जांच से बचने का सुरक्षित रास्ता नहीं हो सकता।
  • पेंशन और कानूनी शिकंजा : सामान्य तौर पर इस्तीफा देने वाले जजों को भी सेवानिवृत्त जजों की तरह पूरी पेंशन और भत्ते मिलते हैं। लेकिन अगर संसद इस रिपोर्ट के आधार पर महाभियोग की प्रक्रिया को तार्किक अंत तक ले जाती है, तो जज को हटाने का फैसला पिछली तारीख (Backdate) से प्रभावी माना जा सकता है। ऐसा होने पर उनकी पेंशन रोकी जा सकती है और उनके खिलाफ सामान्य आपराधिक मुकदमा चलाने का रास्ता भी साफ हो सकता है।  

निष्कर्ष

  • जस्टिस वर्मा का यह प्रकरण भारतीय न्यायपालिका के लिए एक एसिड टेस्ट की तरह है। यदि यह रिपोर्ट पटल पर रखी जाती है, तो यह न सिर्फ अतीत के लचर ढर्रे को बदलेगी, बल्कि यह भी साबित करेगी कि न्यायिक शुचिता और जनहित का स्थान किसी भी तकनीकी इस्तीफे से ऊपर है। यह कदम देश में जजों की जवाबदेही तय करने वाले कानूनी ढांचे को और अधिक पारदर्शी और मजबूत बनाएगा।
« »
  • SUN
  • MON
  • TUE
  • WED
  • THU
  • FRI
  • SAT
Have any Query?

Our support team will be happy to assist you!

OR