New
Hindi Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 6th July 2026, 6:00 PM Hindi Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 1st June 2026, 5:30 PM English Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 20th July 2026 Hindi Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 6th July 2026, 6:00 PM Hindi Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 1st June 2026, 5:30 PM English Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 20th July 2026

सोशल मीडिया डिजाइन पर ऐतिहासिक फैसला

संदर्भ 

  • डिजिटल युग में सोशल मीडिया कंपनियों की जवाबदेही को लेकर एक युगांतकारी निर्णय सामने आया है। लॉस एंजिल्स सुपीरियर कोर्ट की जूरी ने 25 मार्च को एक ऐतिहासिक फैसले में मेटा प्लेटफॉर्म्स (Meta) और यूट्यूब (YouTube) को उनके प्लेटफॉर्म के ऐसे 'दोषपूर्ण डिजाइन' के लिए जिम्मेदार ठहराया है, जो जानबूझकर उपयोगकर्ताओं में लत पैदा करते हैं और उनके मानसिक स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुँचाते हैं। 

मामले की पृष्ठभूमि 

  • यह मुकदमा कैली नामक एक 20 वर्षीय युवती द्वारा दायर किया गया था, जिसने अपनी गवाही में बताया कि वह महज 6 साल की उम्र में यूट्यूब और 9 साल की उम्र में इंस्टाग्राम के जाल में फंस गई थी। जूरी ने वादी के पक्ष में निर्णय सुनाते हुए 30 लाख डॉलर के मुआवजे का आदेश दिया है। इस राशि का 70% मेटा और 30% यूट्यूब द्वारा वहन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, न्यायिक पुष्टि के अधीन 30 लाख डॉलर तक के दंडात्मक हर्जाने का भी प्रावधान किया गया है। 

सामग्री नहीं, डिजाइन है असली समस्या 

  • कैली के वकीलों ने अदालती कार्यवाही के दौरान प्लेटफॉर्म की विशिष्ट विशेषताओं पर प्रहार किया। उन्होंने तर्क दिया कि :
    • अनंत स्क्रॉल (Infinite Scroll), ऑटोप्ले और एल्गोरिदम-आधारित नोटिफिकेशन जैसी सुविधाएँ मासूम बच्चों और किशोरों को लंबे समय तक बांधे रखने के लिए बनाई गई हैं।
    • इन सुविधाओं के कारण वादी अवसाद (Depression), चिंता (Anxiety) और बॉडी डिस्मोर्फिया (शारीरिक विकृति का भ्रम) जैसी गंभीर समस्याओं का शिकार हुई। 
  • इस मामले की सबसे बड़ी कानूनी जीत यह रही कि इसे 'कंटेंट' के बजाय 'प्रोडक्ट डिजाइन' के रूप में पेश किया गया। ऐसा करके वादी पक्ष ने धारा 230 (Section 230) की उस कानूनी ढाल को दरकिनार कर दिया, जो अब तक सोशल मीडिया कंपनियों को तीसरे पक्ष की सामग्री के दायित्व से बचाती रही है। 

साक्ष्यों का वजन: फेसबुक फाइल्स की भूमिका

जूरी के फैसले को प्रभावित करने में आंतरिक दस्तावेजों और विशेषज्ञों की गवाही ने अहम भूमिका निभाई।

  • वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट (2021) : इसमें खुलासा हुआ था कि मेटा को पहले से पता था कि इंस्टाग्राम किशोरियों में शारीरिक छवि संबंधी समस्याओं को बढ़ाता है। एक अध्ययन के अनुसार, 32% किशोरियों ने माना कि इंस्टाग्राम ने उनकी मानसिक स्थिति को और बिगाड़ा।
  • फ्रांसेस हॉगेन की गवाही : व्हिसलब्लोअर हॉगेन द्वारा अमेरिकी सीनेट में दिए गए साक्ष्य बताते हैं कि कंपनी का अपना शोध प्लेटफॉर्म के डिजाइन को बाध्यकारी उपयोग और मानसिक तनाव से जोड़ता है।
  • यूट्यूब की अनुशंसा प्रणाली : यूट्यूब की एल्गोरिदम प्रणाली को केवल 'वॉच टाइम' बढ़ाने के उद्देश्य से डिजाइन करने पर भी सवाल उठाए गए। 

कानूनी जगत के लिए ऐतिहासिक क्यों ?

  • अब तक गोंजालेज बनाम गूगल और ट्विटर बनाम तामनेह जैसे मामलों में अमेरिकी अदालतों ने धारा 230 के तहत कंपनियों को राहत दी थी, यह मानते हुए कि वे केवल सामग्री के प्रकाशक हैं। लेकिन इस फैसले ने पहली बार यह स्थापित किया है कि "कंपनियाँ केवल प्लेटफॉर्म नहीं दे रहीं, बल्कि एक दोषपूर्ण उत्पाद बेच रही हैं, जिसका डिजाइन ही नुकसानदेह है।" 

भविष्य की राह: नियमन और चुनौतियाँ 

  • यह फैसला एक बड़े बदलाव की आहट है। वर्तमान में 1,600 से अधिक समान मुकदमे लंबित हैं, जो भविष्य में इन टेक दिग्गजों के लिए आर्थिक और कानूनी संकट पैदा कर सकते हैं।

वैश्विक प्रभाव और आगामी बदलाव 

  • डिजाइन में बदलाव : कंपनियों को एल्गोरिदम में पारदर्शिता और इंगेजमेंट-आधारित फीचर्स पर पुनर्विचार करना होगा।
  • कड़े कानून : कैलिफ़ोर्निया और न्यू मैक्सिको जैसे राज्य पहले से ही किशोरों की सुरक्षा के लिए सख्त कानून बना रहे हैं।
  • अंतरराष्ट्रीय रुख : ऑस्ट्रेलिया और ब्रिटेन जैसे देश पहले ही बच्चों के लिए सोशल मीडिया उपयोग की उम्र सीमित करने या उन पर प्रतिबंध लगाने जैसे कठोर कदम उठा रहे हैं।
  • वस्तुतः यह फैसला केवल एक मुआवजे की राशि नहीं है, बल्कि इस बात का संकेत है कि अब एल्गोरिदम की कुशलता के साथ-साथ उसके सामाजिक और मनोवैज्ञानिक प्रभाव की भी कानूनी जांच की जाएगी।
« »
  • SUN
  • MON
  • TUE
  • WED
  • THU
  • FRI
  • SAT
Have any Query?

Our support team will be happy to assist you!

OR