विश्वभर में बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन खनिज जल का उपयोग करते हैं, क्योंकि कई स्थानों पर नल का जल सुरक्षित नहीं होता या लोग इसके स्वाद को प्राथमिकता देते हैं। इसमें प्राकृतिक रूप से उपस्थित खनिज तत्व होते हैं, जो हड्डियों और मांसपेशियों के स्वास्थ्य के लिए उपयोगी माने जाते हैं। यही कारण है कि विभिन्न सरकारें और स्वास्थ्य एजेंसियाँ इसे स्वच्छ और भरोसेमंद पेयजल स्रोत के रूप में प्रोत्साहित करती हैं।
खनिज जल की परिभाषा
खनिज जल वह जल है जिसमें प्राकृतिक रूप से घुले हुए खनिज और सूक्ष्म पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसका स्रोत प्रायः भूमिगत जल भंडार होते हैं, जैसे झरने या एक्विफर।
यह सामान्य नल के जल से भिन्न होता है, क्योंकि नल के पानी को शोधन संयंत्रों में साफ किया जाता है, जबकि खनिज जल अपने प्राकृतिक गुणों को बनाए रखता है।
वर्षा या हिमपात का पानी जब चट्टानों—जैसे चूना पत्थर, ग्रेनाइट, बलुआ पत्थर या ज्वालामुखीय चट्टानों से होकर गुजरता है, तो उसमें विभिन्न खनिज घुल जाते हैं। भूमिगत दबाव के कारण यह जल पुनः सतह पर आता है या नीचे ही एकत्रित रहता है, जिसे बाद में निकाला जाता है।
नियामक व्यवस्था
अमेरिका और यूरोप में खनिज जल के लिए सख्त नियम निर्धारित किए गए हैं, जिनके अनुसार :
जल का स्रोत भू-वैज्ञानिक रूप से स्थिर होना चाहिए
विभिन्न बैचों में खनिज संरचना समान रहनी चाहिए
रासायनिक प्रक्रियाओं द्वारा इसके गुणों में बदलाव नहीं किया जा सकता
भारत में भी FSSAI और BIS (IS 13428) के तहत स्पष्ट दिशा-निर्देश हैं :
जल का स्रोत भूमिगत होना चाहिए
प्रदूषण से पर्याप्त सुरक्षा होनी चाहिए
खनिज संरचना स्थिर बनी रहनी चाहिए
रासायनिक शोधन (जैसे क्लोरीनीकरण) की अनुमति नहीं है
केवल छनन (filtration), वातन (aeration) और निर्जीवीकरण (sterilisation) की अनुमति दी जाती है। प्रत्येक बोतल पर ISI चिह्न, स्रोत का विवरण और खनिजों की मात्रा दर्शाना अनिवार्य है, जबकि औषधीय दावों पर रोक है।
पैकेजिंग की प्रक्रिया
खनिज जल को सामान्यतः स्रोत के निकट ही बोतलों में भरा जाता है, ताकि उसकी शुद्धता और संरचना बनी रहे।
प्रमुख पैकेजिंग विकल्प :
कांच : रासायनिक रूप से निष्क्रिय, लेकिन नाजुक
PET बोतल : हल्की, परंतु उच्च तापमान में प्लास्टिक कण छोड़ सकती है
एल्यूमिनियम कैन : पुनर्चक्रण योग्य, लेकिन अंदर प्लास्टिक परत आवश्यक
खनिज जल और पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर में अंतर
खनिज जल : प्राकृतिक स्रोत से प्राप्त, बिना रासायनिक परिवर्तन
पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर : शुद्धिकरण (RO) के बाद कृत्रिम रूप से खनिज मिलाए जाते हैं
स्प्रिंग वॉटर : प्राकृतिक स्रोत से, पर खनिजों की स्थिरता जरूरी नहीं
खनिजों की भूमिका
खनिज जल में पाए जाने वाले प्रमुख तत्वों में कैल्शियम, मैग्नीशियम, सोडियम, पोटैशियम, बाइकार्बोनेट, सल्फेट और क्लोराइड शामिल हैं। वस्तुतः इनके प्रभाव :
कैल्शियम और मैग्नीशियम पानी को कठोर बनाते हैं
बाइकार्बोनेट अम्लता को संतुलित कर पाचन में सहायक होता है
मैग्नीशियम हल्का कड़वापन प्रदान करता है
सोडियम से हल्का नमकीन स्वाद आता है
हालांकि, पोषण की दृष्टि से शरीर को मिलने वाले खनिजों का मुख्य स्रोत भोजन ही होता है; पानी का योगदान अपेक्षाकृत कम रहता है।
अन्य प्रकार के जल
आसुत जल (Distilled Water)
पूर्णतः शुद्ध, खनिज रहित
नियमित सेवन के लिए उपयुक्त नहीं
औद्योगिक जल
विशेष रासायनिक प्रक्रियाओं से तैयार
मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त
असुरक्षित पेयजल के मानव शरीर पर प्रभाव
1. जलजनित रोग (Waterborne Diseases)
हैजा (Cholera) और पेचिश :यह गंभीर दस्त और निर्जलीकरण (Dehydration) का कारण बनता है।
टाइफाइड : दूषित पानी के माध्यम से साल्मोनेला बैक्टीरिया शरीर में प्रवेश कर लंबे समय तक बुखार और कमजोरी पैदा करता है।
हेपेटाइटिस A और E : यह सीधे लीवर (यकृत) पर हमला करता है, जिससे पीलिया और पाचन तंत्र की विफलता हो सकती है।
2. रासायनिक विषाक्तता (Chemical Toxicity)
आर्सेनिकोसिस : लंबे समय तक आर्सेनिक युक्त पानी पीने से त्वचा पर घाव, अंगों का सुन्न होना और कैंसर का खतरा बढ़ जाता है।
फ्लोरोसिस :पानी में अत्यधिक फ्लोराइड होने से दांत पीले पड़ जाते हैं और हड्डियां कमजोर व टेढ़ी (Skeletal Fluorosis) हो जाती हैं।
भारी धातुएं (Heavy Metals) :लेड (Lead) और मरकरी जैसे तत्व तंत्रिका तंत्र (Nervous System) और किडनी को स्थायी नुकसान पहुँचा सकते हैं।
3. बच्चों के विकास पर प्रभाव
कुपोषण और स्टंटिंग :बार-बार दस्त और संक्रमण के कारण बच्चों का शरीर पोषक तत्वों को सोख नहीं पाता, जिससे उनकी लंबाई और मानसिक विकास रुक जाता है।
कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली :असुरक्षित पानी के सेवन से शरीर की बीमारियों से लड़ने की क्षमता कम हो जाती है।
4. अन्य शारीरिक प्रभाव
पाचन संबंधी समस्याएं :पेट में ऐंठन, गैस और पुरानी कब्ज की समस्या।
त्वचा और आंखों के रोग : दूषित पानी से नहाने या चेहरे धोने से संक्रमण, खुजली और आंखों में जलन हो सकती है।
भारत में नल का जल
भारत में नल के जल का प्रमुख स्रोत नदियाँ और भूजल (बोरवेल) हैं। भारत में जल शुद्धिकरण प्रक्रिया में शामिल हैं :
फिटकरी द्वारा अशुद्धियों का जमाव
क्लोरीन द्वारा कीटाणुनाश
पाइपलाइन लीकेज और पुन: प्रदूषण की संभावना के कारण अतिरिक्त क्लोरीन डाला जाता है। अधिकांश नगरपालिकाएँ पूरी तरह सुरक्षित पेयजल की गारंटी नहीं देतीं, हालांकि पुरी (ओडिशा) और कोयंबटूर (तमिलनाडु) कुछ अपवाद हैं।
क्षेत्रीय भिन्नताएँ
वस्तुतः भारत में क्षेत्रीय आधार पर जल में भिन्नता पायी जाती है, यद्यपि;
राजस्थान, गुजरात, दिल्ली-NCR : अधिक खनिजयुक्त कठोर जल और
मुंबई, केरल, हिमालयी क्षेत्र : कम खनिजयुक्त मुलायम जल पाया जाता है।
बीआईएस मानक (IS 10500:2012) के अनुसार, टीडीएस की आदर्श सीमा 500 mg/L है, जिसे विशेष परिस्थितियों में 2000 mg/L तक स्वीकार किया जा सकता है।
निष्कर्ष
खनिज जल प्राकृतिक खनिजों से युक्त एक सुरक्षित विकल्प हो सकता है, लेकिन इसकी गुणवत्ता, स्रोत और पैकेजिंग को समझना आवश्यक है। दूसरी ओर, नल के पानी की गुणवत्ता स्थान विशेष पर निर्भर करती है। अतः सुरक्षित पेयजल सुनिश्चित करने के लिए वैज्ञानिक मानकों के पालन के साथ-साथ जन-जागरूकता भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।