संदर्भ
- भारत में आर्थिक गतिविधियों की तेज़ रफ़्तार, बढ़ते शहरीकरण और मौसम के बदलते मिजाज के कारण बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुँच रही है। इस वर्ष उम्मीद से पहले ही देश ने बिजली की खपत के पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए, जब चरम मांग (Peak Demand) 256.1 गीगावाट (GW) के सर्वकालिक उच्च स्तर पर दर्ज की गई। ऐसे में देश के पावर ग्रिड को स्थिर रखना और हर घर तक बिजली पहुँचाना राज्यों के लिए एक बड़ी परीक्षा बन गया है।
पीक डिमांड (Peak Demand) की जटिलता
- पीक डिमांड : किसी ग्रिड पर एक निश्चित समय (आमतौर पर 15 मिनट के अंतराल) के भीतर बिजली की खपत के उच्चतम स्तर को चरम मांग या पीक डिमांड कहते हैं। यह भले ही कुछ घंटों की क्षणिक घटना हो, लेकिन ग्रिड को इस भार को संभालने के लिए हर समय तैयार रहना पड़ता है।
- मौसमी बदलाव : गर्मियों में दोपहर से रात तक एयर कंडीशनर और कूलर के कारण तथा सर्दियों में सुबह और शाम को हीटिंग उपकरणों के चलते पीक ऑवर्स की अवधि काफी लंबी हो जाती है।
- बुनियादी ढांचे की दुविधा : बिजली क्षेत्र के पूरे ढाँचे (उत्पादन, ट्रांसमिशन और वितरण) को इसी उच्चतम भार को ध्यान में रखकर तैयार करना पड़ता है। हालांकि, केवल कुछ घंटों के चरम भार के लिए अत्यधिक क्षमता का निर्माण करना आर्थिक रूप से नुकसानदेह है, क्योंकि बाकी समय यह बुनियादी ढाँचा बेकार पड़ा रहेगा। इसके विपरीत, यदि क्षमता कम होगी तो ग्रिड फेल होने या बिजली कटौती (Load Shedding) की नौबत आ जाएगी।
राज्यों द्वारा बिजली की मांग का प्रबंधन
भारतीय राज्य मुख्य रूप से दो रणनीतियों के माध्यम से अपने उपभोक्ताओं के लिए बिजली की व्यवस्था करते हैं :
|
प्रबंधन का तरीका
|
हिस्सेदारी
|
कार्यप्रणाली
|
|
संविदात्मक आपूर्ति (PPA)
|
85% – 90%
|
डिस्कॉम (Discoms) और बिजली उत्पादकों के बीच कई वर्षों के लिए दीर्घकालिक बिजली खरीद समझौते किए जाते हैं, जो औसत मांग को पूरा करते हैं।
|
|
पावर एक्सचेंज (बिजली विनिमय)
|
10% – 15%
|
अचानक मांग बढ़ने, बिजली संयंत्रों में खराबी आने या शॉर्टेज होने पर राज्य तात्कालिक (Real-time) बाजारों से महंगी बिजली खरीदते हैं।
|
- इसके अलावा, राज्य डिमांड-साइड मैनेजमेंट (DSM) का उपयोग करते हैं। इसके तहत उपभोक्ताओं को शाम 6 बजे से रात 11 बजे के बीच बिजली का विवेकपूर्ण उपयोग करने की सलाह दी जाती है। दिल्ली जैसे महानगरों ने इस स्थिति से निपटने के लिए टाइम-ऑफ-डे (ToD) टैरिफ (दिन के अलग-अलग समय के अनुसार अलग शुल्क) और स्मार्ट मीटरिंग को तेजी से लागू किया है ताकि पीक आवर्स के दौरान मांग को नियंत्रित किया जा सके।
टाइम-ऑफ-डे (ToD) टैरिफ क्या है?
- टाइम-ऑफ-डे (ToD) टैरिफ बिजली दरों (Electricity Rates) को तय करने की एक आधुनिक प्रणाली है। इस व्यवस्था में बिजली की दरें पूरे दिन एक समान नहीं रहतीं, बल्कि दिन के अलग-अलग समय (घंटों) के आधार पर बदलती रहती हैं। सरल शब्दों में कहें तो "जब बिजली की मांग सबसे ज्यादा होगी, तब दरें महंगी होंगी; और जब मांग सबसे कम होगी, तब बिजली सस्ती मिलेगी।"
- टाइम-ऑफ-डे टैरिफ के तहत पूरे 24 घंटों को आमतौर पर तीन मुख्य हिस्सों (Slots) में बांटा जाता है:
1. ऑफ-पीक आवर्स (Off-Peak Hours - सामान्यतः रात का समय): इस दौरान बिजली की मांग सबसे कम होती है, इसलिए बिजली की दरें सामान्य से काफी सस्ती (लगभग 10% से 20% तक कम) होती हैं।
2. पीक आवर्स (Peak Hours - सामान्यतः शाम/रात का समय): इस दौरान हर घर और उद्योग में बिजली का उपयोग चरम पर होता है (जैसे शाम 6 से रात 10 बजे)। इस समय बिजली की दरें सबसे महंगी (लगभग 10% से 20% तक अधिक) होती हैं।
3. नॉर्मल आवर्स (Normal Hours - दिन का समय): इस दौरान बिजली की दरें सामान्य या बेस टैरिफ पर रहती हैं।
|
पावर सेक्टर के सामने उभरती प्रमुख चुनौतियाँ
बिजली की मांग में पिछले 5 वर्षों में 37% की भारी वृद्धि हुई है (दिसंबर 2020 के 183 गीगावाट से बढ़कर अप्रैल 2026 में 250 गीगावाट पार)। इस तीव्र वृद्धि ने राज्यों के सामने दोहरे संकट खड़े कर दिए हैं :
बाजार में कीमतों की अस्थिरता (Price Volatility)
- जब दीर्घकालिक समझौतों से अलग राज्यों को पावर एक्सचेंज से बिजली खरीदनी पड़ती है, तो उन्हें अत्यधिक ऊंची कीमतों का सामना करना पड़ता है। पीक सीजन में मांग बढ़ने पर इंडियन एनर्जी एक्सचेंज में बिजली की दरें कई बार ₹10 प्रति किलोवाट-घंटा (kWh) की ऊपरी नियामक सीमा (Regulatory Ceiling) को छू जाती हैं, जिससे डिस्कॉम पर भारी वित्तीय बोझ पड़ता है।
वितरण नेटवर्क (Distribution Network) की अपर्याप्तता
- भारत ने पिछले एक दशक में बिजली उत्पादन क्षमता में 76% और पारेषण (Transmission) लाइनों में 47% की शानदार वृद्धि की है, लेकिन अंतिम छोर तक बिजली पहुँचाने वाला वितरण नेटवर्क (Distribution Infrastructure) इस रफ्तार से पीछे रह गया है।
- ट्रांसफार्मर विफलता की दर: केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA) के अनुसार, देश में हर साल लगभग 13 लाख वितरण ट्रांसफार्मर (DT) खराब होते हैं। केरल जैसे राज्यों में यह विफलता दर 2% से भी कम है, जबकि कुछ उत्तरी राज्यों में यह 20% तक पहुँच जाती है। यह स्थिति उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे आर्थिक रूप से कमजोर राज्यों के लिए अधिक गंभीर है, जो न तो बाजार से महंगी बिजली खरीदने में सक्षम हैं और न ही अपने बुनियादी ढाँचे को अपग्रेड करने के लिए बड़ा निवेश कर पा रहे हैं।
नवीकरणीय ऊर्जा (RE) का योगदान और उसकी सीमाएं
पीक डिमांड को संभालने में सौर, पवन और जलविद्युत जैसे नवीकरणीय स्रोतों की भूमिका लगातार बढ़ रही है, क्योंकि इनकी परिचालन लागत काफी कम होती है। हालांकि, भारत के अलग-अलग राज्यों में इसका प्रभाव भिन्न है:
- सकारात्मक तालमेल (दिन के समय) : गुजरात और कर्नाटक जैसे राज्य दिन के समय सौर ऊर्जा के दम पर अपनी कृषि और व्यावसायिक मांग को आसानी से संभाल लेते हैं। तमिलनाडु को मानसून के महीनों में पवन ऊर्जा (Wind Energy) से बड़ी राहत मिलती है।
- शाम का संकट (The Sunset Challenge) : सौर ऊर्जा की सबसे बड़ी सीमा यह है कि सूर्यास्त के बाद, जब घरों में बिजली की मांग (शाम के पीक ऑवर्स) सबसे ज्यादा होती है, तब सौर उत्पादन शून्य हो जाता है।
- कम क्षमता वाले राज्य : पंजाब जैसे राज्य, जहाँ नवीकरणीय क्षमता कम है और गर्मियों में धान की बुवाई के कारण बिजली की मांग चरम पर होती है, पूरी तरह से बाहरी राज्यों से पनबिजली आयात और महंगे शॉर्ट-टर्म मार्केट पर निर्भर रहने को मजबूर हैं।
आगे की राह: ग्रिड को स्मार्ट और लचीला बनाना
अब चुनौती केवल अधिक बिजली पैदा करने की नहीं है, बल्कि उत्पादित बिजली के कुशल प्रबंधन की है। भविष्य की आवश्यकताओं को सुरक्षित करने के लिए निम्नलिखित कदम उठाने अनिवार्य हैं:
- ऊर्जा भंडारण प्रौद्योगिकियां (Energy Storage) : ग्रिड को संतुलित करने के लिए पंपेड हाइड्रो स्टोरेज (PHS) और बैट्री एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) में निवेश बढ़ाना होगा। महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु जैसे राज्य इस दिशा में काम कर रहे हैं, ताकि दिन में बची हुई अतिरिक्त नवीकरणीय ऊर्जा को रात के पीक ऑवर्स में इस्तेमाल किया जा सके।
- स्मार्ट ग्रिड और इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेड : वितरण ट्रांसफार्मरों की विफलता दर को कम करने के लिए अत्याधुनिक रखरखाव और नेटवर्क का आधुनिकीकरण जरूरी है।
- सख्त डिमांड-साइड नीतियां : कृषि के लिए बिजली आपूर्ति के समय का नए सिरे से निर्धारण (Load Shifting) और पूरे देश में कमर्शियल स्तर पर टाइम-ऑफ-डे टैरिफ को सख्ती से लागू करना होगा ताकि उपभोक्ता खुद पीक ऑवर्स से गैर-पीक ऑवर्स की तरफ शिफ्ट हो सकें।
निष्कर्ष
- भारत की ऊर्जा सुरक्षा इस बात पर निर्भर करेगी कि हम कितनी जल्दी अपने पारंपरिक कोयला आधारित पावर प्लांट्स, परिवर्तनशील नवीकरणीय ऊर्जा और आधुनिक स्टोरेज सिस्टम के बीच एक मजबूत और लचीला संतुलन स्थापित कर पाते हैं।