अमेरिकी टैरिफ नीति में बदलाव: वैश्विक व्यापार व्यवस्था और भारत के लिए निहितार्थ
संदर्भ
हाल ही में, अमेरिका की सर्वोच्च अदालत द्वारा ‘अंतर्राष्ट्रीय आपातकालीन आर्थिक शक्ति अधिनियम’ (International Emergency Economic Powers Act: IEEPA) के तहत लगाए गए टैरिफ को निरस्त करने के निर्णय ने अमेरिकी व्यापार नीति की कानूनी आधारशिला को कमजोर कर दिया है। इसके परिणामस्वरूप, अमेरिका ने व्यापार अधिनियम, 1974 (Trade Act of 1974) की धारा 122 के अंतर्गत अस्थायी 10% वैश्विक टैरिफ लागू किए हैं तथा दीर्घकालिक व्यवस्था के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका व्यापार प्रतिनिधि (United States Trade Representative: USTR) के माध्यम से धारा 301 के तहत जांच प्रारंभ की है।
यह परिवर्तन न केवल अमेरिकी व्यापार रणनीति में पुनर्संरचना को दर्शाता है बल्कि वैश्विक व्यापार समझौतों, विशेषकर भारत-अमेरिका संबंधों में अनिश्चितता को भी बढ़ाता है।
अमेरिकी व्यापार रणनीति का पुनर्गठन
IEEPA के तहत लगाए गए टैरिफ के निरस्त होने से ‘पारस्परिक टैरिफ’ (Reciprocal Tariffs) की अवधारणा कमजोर पड़ी। इस स्थिति में अमेरिका ने एक अंतरिम समाधान के रूप में धारा 122 के तहत सीमित अवधि के लिए समान 10% टैरिफ लागू किए।
साथ ही, धारा 301 के अंतर्गत चल रही जांचें एक अधिक स्थायी एवं लचीली टैरिफ प्रणाली विकसित करने का प्रयास हैं। इन जांचों के माध्यम से -
देश-विशिष्ट एवं क्षेत्र-विशिष्ट टैरिफ लागू करने की संभावना बनती है
कार्यपालिका को बिना संसदीय स्वीकृति के दीर्घकालिक टैरिफ लगाने की शक्ति मिलती है
मौजूदा अस्थायी व्यवस्था को प्रतिस्थापित करने का आधार तैयार होता है
इस प्रकार, अमेरिका अपनी व्यापार नीति को अधिक आक्रामक और स्वायत्त बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
धारा 301 जांच: उद्देश्य और औचित्य
धारा 301 के तहत जांचों का आधार मुख्यतः संरचनात्मक आर्थिक मुद्दों पर केंद्रित है, जैसे -
विनिर्माण क्षेत्रों में अत्यधिक उत्पादन क्षमता
निर्यात में असंतुलन और बाजार विकृतियां
आपूर्ति श्रृंखलाओं में जबरन श्रम से जुड़े आरोप
रणनीतिक दृष्टि से इसका उद्देश्य एक सुदृढ़ कानूनी ढांचे के माध्यम से ‘पारस्परिक टैरिफ’ व्यवस्था को पुनर्जीवित करना है। साथ ही, यह उन देशों पर भी दबाव बनाए रखने का साधन है जो पहले ही अमेरिका के साथ व्यापार समझौते कर चुके हैं।
वैश्विक व्यापार समझौतों पर प्रभाव
इस नीति बदलाव ने पहले से किए गए व्यापार समझौतों की प्रासंगिकता पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। जापान, दक्षिण कोरिया, वियतनाम, भारत तथा यूरोपीय संघ जैसे देशों ने उच्च टैरिफ (15–20%) स्वीकार कर विभिन्न क्षेत्रों में रियायतें दी थीं। किंतु, एकसमान 10% टैरिफ लागू होने के बाद :
पूर्व में दी गई रियायतें कम लाभकारी प्रतीत हो रही हैं
समझौतों की राजनीतिक लागत बढ़ गई है
आर्थिक दृष्टि से उनके औचित्य पर पुनर्विचार हो रहा है
वस्तुतः वैश्विक स्तर पर प्रतिक्रियाएँ भी सामने आई हैं —
मलेशिया द्वारा समझौते को अमान्य घोषित करना
यूरोपीय आयोग द्वारा वार्ता स्थगित करना
दक्षिण कोरिया द्वारा निवेश और मुद्रा स्थिरता पर चिंता व्यक्त करना। यद्यपि यह परिदृश्य वैश्विक व्यापार प्रणाली में अनिश्चितता को दर्शाता है।
भारत के लिए निहितार्थ
व्यापारिक दबाव एवं जांच का जोखिम : सोलर मॉड्यूल, पेट्रोकेमिकल्स और स्टील जैसे क्षेत्रों में भारत को धारा 301 जांच का सामना करना पड़ सकता है।
व्यापार अधिशेष का मुद्दा : वर्ष 2025 में भारत का अमेरिका के साथ 58 अरब डॉलर का व्यापार अधिशेष रहा, जो अमेरिका के लिए जांच का आधार बन सकता है।
तुलनात्मक लाभ पर प्रभाव : भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि भारत को अमेरिकी बाजार में टैरिफ संबंधी कितना लाभ मिलता है।
नीति अनिश्चितता : नए ढांचे में यह स्पष्ट नहीं है कि भविष्य के समझौते टैरिफ स्थिरता की गारंटी दे पाएंगे या नहीं।
प्रमुख चुनौतियां
कानूनी अस्थिरता :नीतिगत बदलावों की आवृत्ति से वैश्विक व्यापार में पूर्वानुमेयता कम हो रही है।
बहुपक्षवाद का क्षरण : विश्व व्यापार संगठन (WTO) आधारित प्रणाली की जगह एकतरफा निर्णय प्रमुख हो रहे हैं।
विश्वास का संकट : जब समझौतों से अपेक्षित लाभ सुनिश्चित नहीं होते हैं, तो देशों का विश्वास कमजोर होता है।
आपूर्ति श्रृंखलाओं पर प्रभाव: उच्च टैरिफ उत्पादन लागत बढ़ाकर वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं को बाधित कर सकते हैं।
आगे की रणनीति
भारत के लिए
निर्यात बाजारों का विविधीकरण कर अमेरिका पर निर्भरता कम करना
घरेलू विनिर्माण क्षमता को मजबूत करना (जैसे- PLI योजनाएँ)
व्यापार समझौतों में स्थिर टैरिफ और मजबूत विवाद समाधान तंत्र पर जोर देना
समान विचारधारा वाले देशों के साथ सहयोग बढ़ाना
वैश्विक स्तर पर
WTO के तहत नियम-आधारित व्यापार प्रणाली को पुनर्स्थापित करना
टैरिफ नीतियों में स्पष्टता और स्थिरता सुनिश्चित करना
पारदर्शी एवं पूर्वानुमेय व्यापार ढांचे को बढ़ावा देना
निष्कर्ष
IEEPA से हटकर धारा 301 आधारित टैरिफ व्यवस्था की ओर अमेरिका का झुकाव वैश्विक व्यापार में एक महत्वपूर्ण परिवर्तन को दर्शाता है। यद्यपि यह कदम टैरिफ नीति को अधिक कानूनी मजबूती प्रदान करने का प्रयास है किंतु इससे व्यापार समझौतों में विश्वास की कमी एवं अनिश्चितता में वृद्धि हुई है।
भारत के लिए आवश्यक है कि वह इस परिवर्तित वैश्विक परिदृश्य में संतुलित रणनीति अपनाए, जहाँ एक ओर रणनीतिक साझेदारी बनाए रखी जाए, वहीं दूसरी ओर आत्मनिर्भरता एवं बाजार विविधीकरण को प्राथमिकता दी जाए।