संदर्भ
- हाल ही में नोएडा की औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन केवल स्थानीय असंतोष की घटना नहीं है, बल्कि यह भारतीय शहरों में व्याप्त गहरी संरचनात्मक असुरक्षा का एक संकेत है। वस्तुतः पिछले कुछ दशकों में, अनौपचारिक क्षेत्र के श्रमिकों की अपने नियोक्ताओं और राज्य (नगरपालिका से लेकर केंद्र तक) के विरुद्ध मोलभाव करने की शक्ति (Bargaining Power) में भारी गिरावट आई है।
अनौपचारिकरण और श्रम बाजार की कड़वी सच्चाई
- भारत का लगभग 90% कार्यबल अनौपचारिक क्षेत्र का हिस्सा है। आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (PLFS) के आंकड़े पुष्टि करते हैं कि शहरी क्षेत्रों में नियमित वेतनभोगी नौकरियों का स्तर काफी कम है।
- इसका सीधा अर्थ यह है कि शहरी कामगारों का एक बहुत बड़ा वर्ग बिना किसी लिखित अनुबंध, सामाजिक सुरक्षा या कानूनी संरक्षण के आकस्मिक भूमिकाओं में कार्य कर रहा है।
उत्पादन केंद्रों से सामाजिक पुनरुत्पादन के केंद्रों तक का सफर
- शहरी उत्पादन प्रणालियों में आया बदलाव एक गंभीर कहानी बयां करता है। भारत के शहर, जो कभी औद्योगिक उत्पादन के प्रमुख केंद्र थे (जैसे मुंबई की मिलें और अहमदाबाद के कपड़ा कारखाने), अब सामाजिक पुनरुत्पादन (Social Reproduction) के केंद्रों में बदल गए हैं।
- इसका सरल अर्थ यह है कि शहरों में संगठित श्रम की शक्ति खंडित हो गई है। अब प्राथमिक चिंता केवल जीवन रक्षा और दैनिक अस्तित्व तक सीमित रह गई है, जिसमें भोजन जुटाना, साफ-सफाई, बच्चों का पालन-पोषण और पानी जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष करना आदि शामिल है। शहरों का नियोजन और राजनीति अब औद्योगिक विकास के बजाय इन दैनिक जीवन के संघर्षों से अधिक प्रभावित होने लगी है।
अधिकार से बाजार की ओर: वाशिंगटन सहमति का प्रभाव
- जॉन विलियमसन द्वारा प्रतिपादित वाशिंगटन सहमति (Washington Consensus) ने विकास के प्रति राज्य के नजरिए को पूरी तरह बदल दिया।
- इस मॉडल के तहत, सरकार ने स्वास्थ्य, शिक्षा और जल जैसे क्षेत्रों को नागरिक अधिकार के बजाय आवश्यकता-आधारित सेवाओं के रूप में देखना शुरू कर दिया।
- राजकोषीय अनुशासन और निजीकरण पर केंद्रित इस दृष्टिकोण ने बुनियादी सेवाओं को लाभ-संचालित उद्योग में बदल दिया।
- जल और शिक्षा जैसी अनिवार्य सेवाओं के व्यवसायीकरण ने अमीर और गरीब के बीच की दूरी को बढ़ाया, जिससे श्रमिक वर्ग बाजार की अनिश्चितताओं के प्रति और अधिक संवेदनशील हो गया।
शहरी गरीबों का आवास, असुरक्षा और आपदा से संबंधित संकट
शहरी श्रमिकों की असुरक्षा तीन प्रमुख कारकों का संगम है: अनौपचारिक श्रम, भूमि के मालिकाना हक का अभाव और जीवन यापन की भारी लागत।
- आवास का संकट : शहरी गरीबों का लगभग 40% हिस्सा झुग्गियों या चॉलों में रहता है। वे अपनी आय का 30% से 50% हिस्सा केवल अनौपचारिक आवास के किराए पर खर्च कर देते हैं, जहाँ न तो स्वच्छता है और न ही कानूनी सुरक्षा।
- पर्यावरणीय जोखिम : लगभग 60% अनौपचारिक बस्तियाँ निचले जलभराव वाले क्षेत्रों या खतरनाक स्थलों पर स्थित हैं, जिससे वे जलवायु परिवर्तन और बाढ़ के प्रति अत्यंत संवेदनशील हैं।
- राज्य की भूमिका में बदलाव : राज्य अब आवास का प्रत्यक्ष प्रदाता (Provider) नहीं रहा, बल्कि प्राइवेट रियल एस्टेट का प्रवर्तक (Promoter) बन गया है। सार्वजनिक भूमि, जो गरीबों के लिए आरक्षित होनी चाहिए थी, अब उच्च-स्तरीय परियोजनाओं के लिए मोड़ दी गई है।
ऋण का चक्रव्यूह और संस्थागत विफलता
- आरबीआई बुलेटिन 2025 के अनुसार, गिरवी रखने हेतु संपत्ति की कमी के कारण शहरी गरीब औपचारिक बैंकिंग प्रणाली से बाहर हैं। वे मजबूरी में स्थानीय साहूकारों के पास जाते हैं, जहाँ ऊँची ब्याज दरें उन्हें पीढ़ी दर पीढ़ी कर्ज के जाल में फंसाए रखती हैं।
समाधान की राह: समावेशी शहरी शासन
केरल शहरी आयोग ने इस दिशा में एक नई दृष्टि प्रदान करने का प्रयास किया है। शहरी नीति को केवल विकास के चश्मे से नहीं, बल्कि कामकाजी लोगों के दृष्टिकोण से देखने की आवश्यकता है।
- श्रमिक परिषद : नगर पालिकाओं में श्रमिक परिषदों का गठन एक प्रभावी कदम हो सकता है, जहाँ अनौपचारिक श्रमिक शहरी शासन के सह-निर्माता बन सकें।
- सामूहिक अंतर्संबंध : वर्तमान जलवायु संकट और अनिश्चित आर्थिक परिवेश में, संगठित ट्रेड यूनियनों और अनौपचारिक क्षेत्र के श्रमिकों के बीच एक मजबूत गठजोड़ बनाना अनिवार्य है।
अंततः, शहरों को केवल निवेश के आकर्षक केंद्रों के रूप में नहीं, बल्कि उन लोगों के अधिकारों के रक्षक के रूप में भी विकसित होना होगा जो वास्तव में शहरों का निर्माण करते हैं।