New
Final Result - UPSC CSE Result, 2025 GS Foundation (P+M) - Delhi : 1st April 2026, 11:30 AM GS Foundation (P+M) - Prayagraj : 3rd April 2026, 5:30PM Final Result - UPSC CSE Result, 2025 GS Foundation (P+M) - Delhi : 1st April 2026, 11:30 AM GS Foundation (P+M) - Prayagraj : 3rd April 2026, 5:30PM

प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (पीएमएमवाई)

संदर्भ 

  • प्रधानमंत्री द्वारा 8 अप्रैल, 2015 को शुभारंभ की गई प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (पीएमएमवाई) भारत के जमीनी स्तर के उद्यमियों को सशक्त बनाने में 11 वर्षों की सफलता का उत्सव मना रही है। इस पहल का उद्देश्य वित्तीय पहुंच में वर्तमान अंतर को कम करना है, जिसके अंतर्गत गैर-कॉर्पोरेट और गैर-कृषि आय सृजन गतिविधियों के लिए लघु व्यवसायों को समर्थन देने हेतु 20 लाख रुपये तक के सरल, आसान और बिना गारंटी वाले ऋण उपलब्ध कराए जाते हैं। 

प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (पीएमएमवाई) के बारे में  

  • प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (पीएमएमवाई) का शुभारंभ 8 अप्रैल 2015 को हुआ था।
  • यह योजना गैरवित्तपोषित को वित्तीय सहायता प्रदान करने के दृष्टिकोण के साथ ऋण तक पहुंच को बेहतर बनाती है और 20 लाख रुपये तक के बिना जमानत के ऋण प्रदान करती है। 
  • इसके लाभार्थियों में विनिर्माण, व्यापार, सेवाओं और संबद्ध कृषि गतिविधियों से जुड़े गैर-कॉर्पोरेट, गैर-कृषि सूक्ष्म और लघु उद्यम शामिल हैं।
  • उल्लेखनीय है कि 27 मार्च 2026 तक, इस योजना के अंतर्गत 40.07 लाख करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए जा चुके हैं जो 57 करोड़ से अधिक खातों के माध्यम से संभव हुआ है। इनमें से 12 करोड़ से अधिक खाते नए उद्यमियों के हैं-जो औपचारिक वित्तीय प्रणाली में उन्हें शामिल करने में पीएमएमवाई की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है। 

अंतिम छोर तक ऋण वितरण का संस्थागत ढांचा  

प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY) एक सुदृढ़ त्रि-स्तरीय संस्थागत ढांचे पर आधारित है, जिसका मुख्य उद्देश्य औपचारिक वित्तीय प्रणालियों और सूक्ष्म उद्यमों के बीच की दूरी को समाप्त करना है। 

1. मुद्रा (MUDRA): आधारभूत पुनर्वित्त संस्थान

  • माइक्रो यूनिट्स डेवलपमेंट एंड रिफाइनेंस एजेंसी (MUDRA) इस ढांचे में एक केंद्रीय सहायक संस्था के रूप में कार्य करती है। यह सीधे ऋण न देकर, विभिन्न ऋणदाता संस्थानों को पुनर्वित्त (Refinance) सहायता प्रदान करती है। 

2. सदस्य ऋणदाता संस्थान (MLIs): कार्यान्वयन की कड़ी 

  • पीएमएमवाई के तहत ऋण वितरण का वास्तविक कार्य सदस्य ऋणदाता संस्थानों द्वारा किया जाता है। इनमें निम्नलिखित संस्थाएं शामिल हैं:
    • अनुसूचित वाणिज्यिक बैंक (SCBs) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRBs)।
    • लघु वित्त बैंक (SFBs) और माइक्रो फाइनेंस संस्थान (MFIs)।
    • गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियां (NBFCs)।
  • ये संस्थान ऋण लेने वालों के साथ सीधे संपर्क में रहते हैं और अंतिम छोर तक पहुंच (Last Mile Connectivity) सुनिश्चित करने के लिए उत्तरदायी होते हैं। 

3. लाभार्थी: उभरते सूक्ष्म उद्यमी

  • इस ढांचे के अंतिम छोर पर वे सूक्ष्म उद्यमी हैं जो विनिर्माण, व्यापार, सेवा क्षेत्र या कृषि से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय हैं। योजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इन उद्यमियों को बिना किसी जमानत (Collateral-Free) के ऋण प्राप्त होता है, जिससे वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकें और आय के नए स्रोत सृजित कर सकें। 

      क्या आप जानते हैं?

  • वित्त वर्ष 2024-2025 में, मुद्रा लिमिटेड ने 827 करोड़ रुपये से अधिक का अब तक का सबसे ज़्यादा मुनाफ़ा दर्ज किया है। इसके साथ ही, कंपनी ने अपने मध्यस्थ भागीदारों को सहयोग देना जारी रखते हुए, आत्म-निर्भरता की दिशा मेंअपनी यात्रा को और मज़बूत किया है। 

पीएमएमवाई का दायरा 

  • सबसे पहले, यह ऋण वेंडर्स, छोटे व्यापारियों, दुकानदारों और सेवा क्षेत्र से जुड़े लोगों को दिया जाता है। इसमें सामुदायिक, सामाजिक और व्यक्तिगत सेवाएं, खाद्य प्रसंस्करण, वस्त्र व्यवसाय जैसे कई छोटे उद्यम शामिल होते हैं, जिन्हें व्यवसाय शुरू करने या विस्तार के लिए पूंजी की आवश्यकता होती है।
  • इसके अलावा, मुद्रा कार्ड के माध्यम से कार्यशील पूंजी (वर्किंग कैपिटल) की जरूरतों को पूरा किया जाता है, जिससे व्यवसाय के दैनिक संचालन में आसानी रहती है।
  • सूक्ष्म उद्यमों को मजबूत बनाने के लिए उपकरण वित्त (Equipment Finance) भी उपलब्ध कराया जाता है। इसके तहत मशीनरी, उपकरण और अन्य जरूरी साधनों की खरीद के लिए ऋण दिया जाता है, ताकि उत्पादन क्षमता बढ़ाई जा सके।
  • योजना के अंतर्गत परिवहन क्षेत्र को भी शामिल किया गया है। इसमें केवल व्यावसायिक उपयोग के लिए वाहन खरीदने हेतु ऋण प्रदान किया जाता है, जैसे ऑटो-रिक्शा, छोटे मालवाहक वाहन, तिपहिया वाहन और ई-रिक्शा आदि।
  • इसके साथ ही, कृषि से जुड़े गैर-कृषि आय सृजन कार्यों को भी प्रोत्साहन दिया जाता है। जैसे मत्स्य पालन, मधुमक्खी पालन, मुर्गी पालन, पशुपालन, डेयरी, कृषि-प्रसंस्करण, ग्रेडिंग, छंटाई, एग्री-बिजनेस सेंटर और कृषि-उद्योग जैसी गतिविधियों के लिए भी ऋण उपलब्ध कराया जाता है।

पीएमएमवाई ऋण श्रेणियां 

प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY) के तहत ऋण को व्यवसाय की जरूरत और विकास के चरण के अनुसार चार श्रेणियों में बांटा गया है :

  • शिशु : 50,000 रुपये तक का ऋण, नए या बहुत छोटे व्यवसाय शुरू करने वालों के लिए।
  • किशोर : 50,000 से 5 लाख रुपये तक, उन उद्यमों के लिए जो शुरू हो चुके हैं और स्थिरता या छोटे विस्तार के लिए पूंजी चाहते हैं।
  • तरुण : 5 लाख से 10 लाख रुपये तक, बढ़ते व्यवसायों के विस्तार और निवेश के लिए। 
  • तरुण प्लस : 10 लाख से 20 लाख रुपये तक, 2024 में शुरू की गई श्रेणी, उन उद्यमियों के लिए जिन्होंने पहले का ऋण सफलतापूर्वक चुकाया है और आगे विस्तार करना चाहते हैं। 

पीएमएमवाई: समावेशी विकास का पर्याय

प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (पीएमएमवाई) ने वित्तीय समावेशन और उद्यमिता को मजबूत करते हुए समावेशी विकास को गति दी है। वित्त वर्ष 2024-25 में इसका फोकस ऋण पहुंच बढ़ाने, महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने और सूक्ष्म व्यवसायों को औपचारिक अर्थव्यवस्था से जोड़ने पर रहा।

  • राज्य प्रदर्शन : उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर (58,111 करोड़), बिहार दूसरे (54,064 करोड़) और महाराष्ट्र तीसरे (50,762 करोड़) स्थान पर रहे।
  • महिला भागीदारी : कुल खातों में 59.81% और राशि में 37.45% हिस्सेदारी।
  • नए उद्यमी : 21% खाते और 30.09% ऋण राशि।
  • एससी/एसटी/ओबीसी वर्ग : खातों में 45.52% और राशि में 31.77% हिस्सेदारी।

पीएमएमवाई इकोसिस्टम का सशक्तिकरण  

प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY) का पारिस्थितिकी तंत्र (Ecosystem) न केवल ऋण प्रदान करता है, बल्कि अन्य डिजिटल और वित्तीय साधनों के साथ मिलकर सूक्ष्म उद्यमों के लिए एक सुरक्षा कवच भी तैयार करता है।

पीएमएमवाई इकोसिस्टम के प्रमुख स्तंभ

  • जोखिम सुरक्षा (CGFMU) : नेशनल क्रेडिट गारंटी ट्रस्टी कंपनी द्वारा संचालित क्रेडिट गारंटी फंड फॉर माइक्रो यूनिट्स (CGFMU) बैंकों के जोखिम को कम करता है। यह बिना जमानत (Collateral-free) ऋण देने के लिए बैंकों को प्रोत्साहित करता है।
  • डिजिटल एकीकरण (JanSamarth Portal) : जनसमर्थ पोर्टल जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स ने आवेदन प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बना दिया है। इसके माध्यम से डेटा सत्यापन और ऋण स्वीकृति तेज गति से संभव हुई है।
  • पारदर्शिता और दक्षता : मुद्रा लेनदेन के पूर्ण डिजिटलीकरण से ऋण वितरण में होने वाली देरी कम हुई है और पारदर्शिता बढ़ी है। 
  • व्यापक जुड़ाव : यह इकोसिस्टम स्वयं सहायता समूहों (SHGs) और अन्य सरकारी योजनाओं के साथ मिलकर छोटे उद्यमों के लिए एक सुलभ, तेज़ और विश्वसनीय ऋण ढांचा प्रदान करता है। 

        जनसमर्थ पोर्टल 

  • जनसमर्थ एक राष्ट्रीय पोर्टल है, जो 14 क्रेडिट-लिंक्ड सरकारी योजनाओं, 7 ऋण श्रेणियों (जिसमें व्यवसायिक गतिविधियों के लिए पीएमएमवाई भी शामिल है) और 200 से अधिक ऋणदाताओं को एक मंच पर पेश करता है।

निष्कर्ष 

  • प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (पीएमएमवाई) भारत के वित्तीय समावेशन प्रयासों की एक प्रमुख आधारशिला बनकर उभरी है। इसने लाखों सूक्ष्म उद्यमियों को बिना जमानत ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। डिजिटल एकीकरण और अन्य सरकारी पहलों के साथ बेहतर तालमेल ने इस योजना की प्रभावशीलता को और बढ़ाया है।
  • आगे बढ़ते हुए, पीएमएमवाई का फोकस ऋण की गुणवत्ता सुधारने, उद्यमों की स्थिरता सुनिश्चित करने और विकास-उन्मुख वित्तपोषण को बढ़ावा देने पर रहेगा। इसका उद्देश्य छोटे व्यवसायों को मजबूत और विस्तार योग्य उद्यमों में बदलना है, जिससे देश की आर्थिक वृद्धि को नई दिशा मिल सके।

« »
  • SUN
  • MON
  • TUE
  • WED
  • THU
  • FRI
  • SAT
Have any Query?

Our support team will be happy to assist you!

OR
X