New
Hindi Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 6th July 2026, 6:00 PM Hindi Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 5th July 2026, 8:00 AM English Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 20th July 2026 English Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 15th July 2026, 8:00 AM Hindi Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 6th July 2026, 6:00 PM Hindi Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 5th July 2026, 8:00 AM English Medium: (Delhi) - GS Foundation (P+M) : 20th July 2026 English Medium: (Prayagraj) - GS Foundation (P+M) : 15th July 2026, 8:00 AM

स्पेस ऑन्कोलॉजी (अंतरिक्ष कैंसर विज्ञान)

संदर्भ 

  • कैंसर उन रोगों का समूह है जिसमें शरीर की असामान्य कोशिकाएँ अनियंत्रित रूप से बढ़ती हैं, आसपास के ऊतकों को नुकसान पहुँचाती हैं और कभी-कभी शरीर के अन्य हिस्सों तक फैल जाती हैं। भारत में 2026 तक लगभग 18.7 लाख नए मामलों की संभावना है, यानी हर 9 में से लगभग 1 व्यक्ति को जीवनकाल में इसका जोखिम हो सकता है। 
  • यह रोग केवल स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि आर्थिक रूप से भी अत्यंत भारी बोझ डालता है। भारत में प्रत्येक वर्ष इसके उपचार पर लगभग 3,400 करोड़ खर्च होते हैं, जबकि इसमें आय की हानि, कर्ज, संपत्ति की बिक्री और देखभाल करने वालों पर पड़ने वाला अतिरिक्त दबाव शामिल नहीं है। 
  • कैंसर के बढ़ते मामलों ने इसे दुनिया भर में अनुसंधान का प्रमुख विषय बना दिया है। इसी शोध से एक नई अवधारणा स्पेस ऑन्कोलॉजी (Space Oncology) विकसित हुई है, जिसमें माना जाता है कि भविष्य में अंतरिक्ष आधारित अध्ययन कैंसर के उपचार और नई दवाओं के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।  

स्पेस ऑन्कोलॉजी क्या है ? 

  • स्पेस ऑन्कोलॉजी एक तेजी से उभरता हुआ क्षेत्र है, जो यह जांच करता है कि माइक्रोग्रैविटी (कम गुरुत्वाकर्षण) और ब्रह्मांडीय विकिरण (cosmic radiation) कैंसर के बढ़ने और उसके इलाज को कैसे प्रभावित करते हैं। 
  • अंतरिक्ष कैंसर जीवविज्ञान (cancer biology) के अध्ययन के लिए एक प्राकृतिक प्रयोगशाला है। ट्यूमर मॉडलिंग और दवा की खोज (drug discovery) में तेजी लाने के लिए अंतरिक्ष-आधारित वातावरण का अध्ययन किया जाता है। 
  • स्पेस ऑन्कोलॉजी ने पहले ही कई उपयोगी, वैचारिक और तकनीकी लाभ (spin-offs) प्रदान किए हैं, जिनमें 3D सेल-कल्चर सिस्टम से लेकर कैंसर की दवा के विकास के लिए प्रोटीन-क्रिस्टल अध्ययन तक शामिल हैं। इसके अलावा, इसने विकिरण के जोखिम, ऊतकों की प्रतिक्रिया और बायोमार्कर की खोज के बारे में हमारी समझ को और परिष्कृत किया है। 

माइक्रोग्रैविटी के माध्यम से कोशिकाओं में बदलाव ?  

  • कैंसर अपनी जैविक विविधता के कारण बेहद जटिल माना जाता है। पृथ्वी पर गुरुत्वाकर्षण के कारण कोशिकाएं जिस तरह व्यवहार करती हैं, अंतरिक्ष में जाते ही उनमें बदलाव देखने को मिलता है। 
  • माइक्रोग्रैविटी के संपर्क में आते ही कोशिकाओं का आंतरिक ढाँचा (Cytoskeleton) पुनर्गठित होने लगता है और वे आपस में जुड़कर स्वतः ही बहु-कोशिका स्फेरोइड्स (Multicellular Spheroids) बनाने लगती हैं। ट्यूमर के फैलने और दवाओं के असर को समझने के लिए यह बदलाव बेहद महत्वपूर्ण है। 

दवाओं के विकास और डिलीवरी में क्रांतिकारी लाभ: 

  • पशु परीक्षण में कमी: अंतरिक्ष में कोशिकाओं के बदलते व्यवहार के कारण वैज्ञानिक बिना किसी पशु परीक्षण के दवाओं के असर का सटीक आकलन अधिक तेजी से कर पा रहे हैं।   
  • अधिक स्थिर और प्रभावी दवाएं: कम गुरुत्वाकर्षण में प्रोटीन के क्रिस्टल अधिक समान और शुद्ध रूप में बनते हैं। इससे ऐसी दवाएं (Biologics) बनाना संभव हो रहा है जो पृथ्वी की तुलना में बहुत अधिक स्थिर और असरदार होती हैं। 
  • सटीक मारक क्षमता: माइक्रोग्रैविटी में दवाओं को सीधे ट्यूमर तक ले जाने वाले नैनोपार्टिकल्स (Tiny drug packages) का निर्माण बेहतर तरीके से होता है। ये नैनोकण कैंसर ग्रसित हिस्से में जाकर बेहद धीमी और नियंत्रित गति से कीमोथेरेपी को रिलीज करते हैं, जिससे स्वस्थ कोशिकाओं को नुकसान नहीं पहुँचता।   

अंतरिक्ष में ट्यूमर का व्यवहार: स्तन बनाम गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल कैंसर 

अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर किए गए प्रयोगों से चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। अलग-अलग प्रकार के कैंसर माइक्रोग्रैविटी में बिल्कुल विपरीत व्यवहार करते हैं: 

  • स्तन कैंसर (Breast Cancer): अंतरिक्ष का माहौल स्तन कैंसर की कोशिकाओं के लिए अनुकूल नहीं होता। वहां जाते ही ये कोशिकाएं कम आक्रामक और कम घातक होने लगती हैं। पृथ्वी पर ये कोशिकाएं आस-पास के ऊतकों को मजबूती से पकड़कर फैलती हैं, लेकिन अंतरिक्ष में इनकी यह पकड़ (Focal Adhesions) ढीली पड़ जाती है। इसके अलावा, कोशिकाओं के विभाजन को बढ़ाने वाले मुख्य प्रोटीन (साइक्लिन डी1 और साइक्लिन बी1) की रफ्तार बेहद धीमी हो जाती है, जिससे ट्यूमर का बढ़ना रुक जाता है। 
  • गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल (पेट और आंत का) कैंसर: इसके विपरीत, पेट का कैंसर माइक्रोग्रैविटी में अधिक आक्रामक रूप अख्तियार कर लेता है। हालांकि, वैज्ञानिकों के लिए अच्छी बात यह है कि इस माहौल में इन कोशिकाओं के भीतर दवा-प्रतिरोधक क्षमता (Drug Resistance) कम हो जाती है, जिससे ये कीमोथेरेपी दवा डॉक्सोरूबिसिन के प्रति अधिक संवेदनशील हो जाती हैं और इन्हें आसानी से नष्ट किया जा सकता है।  

विज्ञान गल्प से हकीकत तक: वैश्विक स्वीकृतियां और निवेश 

यह सोचना गलत होगा कि अंतरिक्ष में कैंसर का इलाज सिर्फ एक कोरी कल्पना है। इसके जमीनी परिणाम दिखने शुरू हो चुके हैं: 

  • एफडीए की ऐतिहासिक मंजूरी: वर्ष 2025 में, अमेरिकी नियामक संस्था फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने कैंसर की प्रसिद्ध इम्यूनोथेरेपी दवा पेम्ब्रोलिजुमाब (Pembrolizumab) के त्वचा के नीचे (Subcutaneous) इंजेक्ट किए जाने वाले नए रूप को मंजूरी दी। इसे नासा (NASA) ने आईएसएस पर प्रोटीन क्रिस्टल रिसर्च के जरिए तैयार किया था। इसी तरह, अंतरिक्ष में परीक्षण की गई पहली कैंसर दवा रेबेसिनिब (Rebecsinib) को भी क्लिनिकल ट्रायल के लिए हरी झंडी मिल चुकी है। 
  • इस सफलता को देखते हुए निवेश और नियमों की दुनिया भी बदल रही है। इस वर्ष ब्रिटेन (U.K.) की विभिन्न नियामक एजेंसियों मेडिसिन एंड हेल्थकेयर प्रोडक्ट्स रेगुलेटरी एजेंसी (MHRA), सिविल एविएशन अथॉरिटी (CAA) ने मिलकर अंतरिक्ष-आधारित फार्माकोलॉजी के लिए नियमों को बेहद आसान बना दिया है। 
  • इसका नतीजा यह हुआ है कि अब ऐसी स्टार्टअप कंपनियां सामने आ रही हैं जो अंतरिक्ष में बेहद कॉम्पैक्ट और स्वतंत्र रूप से संचालित होने वाली फैक्ट्रियां (In-orbit manufacturing units) लगा रही हैं। इनसे ऐसी दवाएं बनेंगी जिन्हें मरीज अस्पताल में घंटों ड्रिप लगाने के बजाय घर पर खुद ही एक छोटे से इंजेक्शन के जरिए ले सकेंगे।  

भारत और इसरो (ISRO) की भूमिका 

  • ग्लोबल स्पेस इकॉनमी में भारत की हिस्सेदारी भले ही अभी लगभग $13 बिलियन की हो, लेकिन तकनीकी क्षमता के मामले में इसरो (ISRO) दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी स्पेस-टेक शक्ति है। 
  • रॉकेट लॉन्चिंग की घटती लागत और देश में फलते-फूलते स्पेस स्टार्टअप्स के कारण भारत के लिए स्पेस ऑन्कोलॉजी के क्षेत्र में उतरना बेहद व्यावहारिक हो चुका है। अंतरिक्ष में दवा निर्माण का बाजार जो 2025 में 1.5 बिलियन डॉलर का था, उसके 2034 तक 9.8 बिलियन डॉलर होने का अनुमान है। भारत अपने नैनो और माइक्रोसैटेलाइट्स (CubeSats) का उपयोग करके इन व्यावसायिक अवसरों का नेतृत्व कर सकता है।  

निष्कर्ष 

  • स्पेस ऑन्कोलॉजी के क्षेत्र में अब तक 700 से अधिक पीयर-रिव्यू वैज्ञानिक शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं, जो इस क्षेत्र की गंभीरता को दर्शाते हैं। वर्तमान में इस विज्ञान की स्थिति चीनी दार्शनिक लाओत्से के उस कथन जैसी है कि, "हजार मील की यात्रा भी एक छोटे कदम से शुरू होती है।" 
  • यह पूरी उम्मीद है कि आने वाली पीढ़ियां जब पृथ्वी पर कैंसर का इलाज करा रही होंगी, तो उनके शरीर में दौड़ रही दवाएं अंतरिक्ष की नीरवता में तैयार होकर आई होंगी। ब्रह्मांड के असीम विस्तार का उपयोग करके मानव जाति अंततः पृथ्वी पर कैंसर की इस शाश्वत पहेली को सुलझाकर ही दम लेगी।  
« »
  • SUN
  • MON
  • TUE
  • WED
  • THU
  • FRI
  • SAT
Have any Query?

Our support team will be happy to assist you!

OR