संदर्भ
सर्वोच्च न्यायालय (Supreme Court) ने एक ऐतिहासिक फैसले में बिहार में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR) करने के निर्वाचन आयोग (Election Commission) के फैसले को सही ठहराया है। अदालत ने न केवल चुनाव आयोग के इस अधिकार को बरकरार रखा, बल्कि पुनरीक्षण के लिए आयोग द्वारा अपनाई गई प्रक्रिया पर भी अपनी मुहर लगा दी है।
क्या है यह पूरा मामला और एसआईआर की जरूरत क्यों पड़ी ?
- भारतीय संविधान का अनुच्छेद 324 चुनाव आयोग को चुनाव कराने और मतदाता सूची तैयार करने का पूर्ण अधिकार (अधीक्षण, निर्देशन और नियंत्रण) देता है।
- इसके साथ ही, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 (The Representation of People Act, 1950) की धारा 21 मतदाता सूची तैयार करने और उसमें संशोधन से संबंधित है। वस्तुतः इस धारा के तहत, चुनाव आयोग के पास यह अधिकार है कि वह उचित कारण दर्ज करते हुए किसी भी निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची का विशेष संशोधन कर सकता है।
चुनाव आयोग का तर्क:
जून 2025 में बिहार से इस विशेष अभियान (विशेष गहन पुनरीक्षण) की शुरुआत करते हुए चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया था कि:
- पिछले 20 वर्षों में तेजी से हुए शहरीकरण और पलायन (प्रवासन) के कारण मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर नाम जोड़े और हटाए गए हैं।
- इसके चलते मतदाता सूची में दोहरे नाम (एक ही व्यक्ति का दो जगह नाम) दर्ज होने की गड़बड़ी बढ़ गई है।
- आयोग का यह संवैधानिक कर्तव्य है कि मतदाता सूची पूरी तरह त्रुटिहीन हो और उसमें केवल वैध नागरिकों के ही नाम शामिल हों। इसी उद्देश्य से बिहार से शुरू करके पूरे देश में एसआईआर प्रक्रिया लागू करने का निर्णय लिया गया।
याचिकाकर्ताओं ने किन मुद्दों पर उठाये थे सवाल ?
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) और अन्य याचिकाकर्ताओं ने चुनाव आयोग की इस प्रक्रिया को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। उनकी याचिका में मुख्य रूप से चार सवाल उठाए गए थे:
- अधिकार क्षेत्र पर सवाल: क्या कानून की धारा 21(3) चुनाव आयोग को पूरे राज्य में एक साथ विशेष संशोधन का अधिकार देती है, या यह केवल किसी एक विशिष्ट निर्वाचन क्षेत्र के लिए है?
- आनुपातिकता (Proportionality): क्या दोहरे नामों को हटाने का यह तरीका सही और तार्किक है, या यह जरूरत से ज्यादा सख्त है?
- नियमों का उल्लंघन: याचिकाकर्ताओं का तर्क था कि मतदाता पंजीकरण नियम, 1960 (The Registration Of Electors Rules, 1960) के नियम 21A के तहत किसी भी मतदाता का नाम बिना पूर्व सूचना और सुनवाई का अवसर दिए नहीं हटाया जा सकता। सभी से दोबारा फॉर्म भरवाना और न भरने वालों के नाम काटना नियमों के खिलाफ है।
- नागरिकता की जाँच: क्या चुनाव आयोग के पास किसी व्यक्ति की नागरिकता की स्थिति की जांच करने का कानूनी अधिकार है?
सर्वोच्च न्यायालय का फैसला और मुख्य निष्कर्ष
सुप्रीम कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद याचिकाकर्ताओं की आपत्तियों को खारिज कर दिया और चुनाव आयोग के पक्ष में निम्नलिखित निष्कर्ष दिए:
1. व्यापक पुनरीक्षण का पूर्ण अधिकार
- न्यायालय ने स्पष्ट किया कि कानून की धारा 21(3) में प्रयुक्त किसी शब्द का संकीर्ण अर्थ नहीं निकाला जा सकता। चुनाव आयोग स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए एक साथ कई या सभी निर्वाचन क्षेत्रों में एसआईआर कराने के लिए पूरी तरह सक्षम है।
2. प्रक्रिया पूरी तरह तर्कसंगत और सुरक्षित
- अदालत ने माना कि यह प्रक्रिया आनुपातिकता के सिद्धांत पर खरी उतरती है। यह कदम मनमाने ढंग से किसी को बाहर करने के लिए नहीं है, बल्कि इसमें गड़बड़ियों को रोकने के पर्याप्त सुरक्षा उपाय शामिल हैं।
3. वैधानिक नियमों के अनुकूल
- न्यायालय ने कहा कि हालांकि मतदाता सूची में नाम होना वैधता का संकेत है, लेकिन यह आयोग को जाँच करने से नहीं रोकता। वस्तुतः इस प्रक्रिया में नोटिस और सुनवाई के अधिकार सुरक्षित हैं।
- चुनाव आयोग द्वारा पहचान और सत्यापन के लिए तय किए गए दस्तावेज (जिसमें बाद में अदालती निर्देशानुसार पहचान पत्र/दस्तावेजों को जोड़ा गया) पूरी तरह सुबोध और पारदर्शी मानदंडों पर आधारित हैं, जिनका सीधा उद्देश्य मतदाता सूची की शुद्धता बनाए रखना है।
4. नागरिकता की सीमित जाँच का अधिकार
- सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि चुनाव आयोग को मतदाता सूची में नाम शामिल करने की पात्रता परखने के लिए सीमित स्तर पर नागरिकता संबंधी जाँच करने का अधिकार है। यह नागरिकता का अंतिम निर्धारण नहीं है, बल्कि केवल चुनाव प्रक्रिया तक सीमित है।
अंतिम सुरक्षा कवच
- यदि चुनाव आयोग को लगता है कि कोई व्यक्ति नागरिक नहीं है और उसका नाम सूची से हटा दिया जाता है, तो आयोग उस मामले को नागरिकता अधिनियम, 1955 के तहत गठित सक्षम प्राधिकारी के पास भेजेगा। यदि वह प्राधिकारी जांच में संबंधित व्यक्ति को भारत का नागरिक पाता है, तो उसका नाम दोबारा मतदाता सूची में सम्मानपूर्वक जोड़ दिया जाएगा।
निष्कर्ष
- उच्चतम न्यायालय का यह निर्णय एक राष्ट्र, एक मतदाता सूची की दिशा में तकनीकी और प्रशासनिक आधार तैयार करता है। चुनावी धोखाधड़ी, बोगस वोटिंग और प्रवासन के कारण होने वाली डेटा विसंगतियों को दूर करने के लिए यह अनिवार्य था।
- यद्यपि चुनाव आयोग को यह सुनिश्चित करना होगा कि जमीनी स्तर पर यह अभियान किसी भी वंचित या निरक्षर वर्ग के वैध मतदाताओं के बहिष्करण (Exclusion Error) का कारण न बने।
- हालाँकि उच्चतम न्यायालय ने निर्वाचन आयोग की संवैधानिक स्वायत्तता और प्रशासनिक विवेक के बीच एक सराहनीय संतुलन स्थापित किया है, जो देश के लोकतांत्रिक ढांचे में नागरिकों के भरोसे को और मजबूत करेगा।